वाराणसी: कोरोना संक्रमित युवक की सामने आई लापरवाही, बिना मास्क-ग्लब्स के बांटे थे लंच पैकेट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी के मंडुआडीह थाना क्षेत्र के मड़ौली में शुक्रवार को पॉजिटिव मिले युवक की बड़ी लापरवाही सामने आई है। अलग-अलग स्थानों पर पुलिसकर्मियों को बिना मास्क, ग्लब्स के भोजन बांटने का उसका वीडियो वायरल हुआ है। उसने खुद को संक्रमित करने के साथ ही भोजन के पैकेट संग कोरोना संक्रमण बांट दिया।
सोशल मीडिया पर रविवार को वायरल हुए वीडियो में युवक को विभिन्न स्थानों पर बिना मास्क और ग्लब्स के पुलिसकर्मियों में भोजन का पैकेट बांटता नजर आया। इसकी जानकारी होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। संक्रमित युवक की सप्तसागर दवा मंडी में दवा की दुकान है, जिसमें 10 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। लॉकडाउन के बाद से ही वह हर दिन दवा की दुकान पर आता था।
यहां आने के बाद वह रोजाना शहर में अलग-अलग चौराहों पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों में भोजन का पैकेट बांटने निकलता था। इसके लिए जिला प्रशासन ने उसे पास भी जारी किया था। पास जारी करने के बाद किसी ने इसकी जांच नहीं की आखिर वह क्या कर रहा है।
पास मिलने के बाद उसने जिस तरह की लापरवाही की, वह सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है। बिना किसी सुरक्षा उपाय के उसने एक-दो नहीं, बल्कि सैकड़ों पुलिसकर्मियों में खाने का पैकेट बांटा है।
पुलिस ने भी कभी नहीं की पूछताछ
अपनी चार पहिया गाड़ी से शहर के विभिन्न चौराहों पर जाकर पुलिसकर्मियों को भोजन का पैकेट बांटते समय युवक ने कभी मास्क और ग्लब्स का इस्तेमाल नहीं किया। वीडियो में वह पुलिसकर्मियों के पास जाकर उनके हाथ में भोजन का पैकेट देते और उनसे बातचीत करते भी नजर आ रहा है। जिला और पुलिस प्रशासन की ओर से बार-बार लाक डाउन का पालन करने और बिना मास्क के बाहर ना निकलने की अपील के बाद भी कभी किसी ने युवक से मास्क न लगाने के बारे में कोई पूछताछ नहीं की। इसमें पुलिस की लापरवाही भी कम नहीं है।
पुलिसकर्मियों में बांटता था लस्सी के पैकेट
दवा कारोबारी संक्रमित युवक मैदागिन, लहुराबीर, मड़ौली , मंडुआडीह सहित कई चौराहों पर अपने कर्मचारियों के साथ पहुंच कर तैनात पुलिसकर्मियों में प्रतिदिन लस्सी का पैकेट और बिस्किट बांटता था। जैसे ही उसकी गाड़ी रुकती थी वैसे ही पुलिसकर्मी और होमगार्ड वहां पहुंच जाते थे। वीडियो में यह भी साफ स्पष्ट नजर आ रहा है।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कोरोना संक्रमित युवक के वीडियो की जांच कराई जाएगी। अगर लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने जैसा मामला सामने आता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।