वाराणसी के बजरडीहा, लोहता, गंगापुर और मदनपुरा में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद चारों इलाकों को रेड जोन में तब्दील कर दिया गया है, लेकिन गंगापुर नगर पंचायत समेत अन्य मोहल्लों में लोग घर से बाहर निकल जा रहे हैं। यह ज्यादातर तब होता है, जब नाकों और गलियों में तैनात पुलिस, पीएएसी और अन्य विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी बदलती है।
दरअसल, हॉटस्पाट मोहल्लों की निगरानी के लिए तीन शिफ्ट में ड्यूटी तय की गई है। ड्यूटी छूटने और ड्यूटी शुरू होने के बीच के समय में लोग नियमों को तोड़ रहे हैं। जब नई ड्यूटी शुरू होती है तो लोग घरों में घुस जाते हैं। शनिवार को यह बात कई बार सामने आई। सभी को समझना होगा कि इससे उन्हें बड़ा नुकसान हो सकता है। उधर, पुलिस के जवान लोगों से घरों में ही रहने की अपील करते नजर आए। बताया कि लॉकडाउन का पालन कर ही कोरोना के संक्रमण से बचा जा सकता है।
जैतपुरा के 10 लोगों को जांच के लिए गई टीम
लोहता क्षेत्र निवासी कोरोना पॉजिटिव मिले युवक ने पिछले दिनों जैतपुरा क्षेत्र में एक जगह खाना खाया था, वहां के 10 लोगों को मेडिकल टीम जांच के लिए ले गई। वहीं, शनिवार को परचून, सब्जी, दूध आदि की दुकानें बंद होने से लोग परेशान जरूर दिखे, लेकिन लॉकडाउन का पालन कर घर में ही रहे।
लोगों की परेशानी को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से जरूरत के सामानों के डिलिवरी वैन का मोबाइल नंबर सभी घरों में दिया गया। बजरडीहा में बैरिकेडिंग पर पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम अपील करती रही कि सतर्क रहें और किसी बाहरी को प्रवेश न करने दें।
रेड जोन में मिले 81 संदिग्ध, 79 की रिपोर्ट निगेटिव
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मदनपुरा, बजरडीहा, लोहता और गंगापुर में कुल 81 संदिग्धों के सैंपल लिए गए थे, लेकिन राहत की बात यह है कि इसमे 79 की रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। इसमें सबसे अधिक मदनपुरा से 27, बजरडीहा 23 और लोहता 15, गंगापुर के 16 सैंपल है। इसमे केवल गंगापुर से दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन जगहों की कुल आबादी 13000 में 12147 की स्क्रीनिंग की जा चुकी है।