# Corona: नोएडा में कोरोना पॉजिटिव मिला युवक, बलिया में दोस्त का परिवार किया गया आइसोलेट
बलिया शहर के आनंद नगर मोहल्ले से एक ही परिवार के कोरोना वायरस के छह संदिग्धों को स्वास्थ्य एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार की शाम आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया। जिला महामारी प्रभारी डा. जियाउल हुदा के अनुसार बृहस्पतिवार को कुल 25 लोगों का सैंपल अलग अलग से लेकर जांच के लिए वाराणसी भेजा गया है।
बताया कि शहर के आनन्द नगर मोहल्ले का एक युवक नोएडा में रहता था। इसके रूम पार्टनर युवक नोएडा में कराए गए कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने की सूचना पर युवक समेत पूरे परिवार को आइसोलेशन में भर्ती किया गया है। सभी का सैंपल लेकर वाराणसी भेजा गया है।
अपरिचित से लिया बच्चों ने पैसा, प्रशासन ने किया क्वारंटीन
बलिया जिले की रसडा कोतवाली क्षेत्र के कैथी गांव की राजभर बस्ती में बुधवार की शाम को एक अंजान व्यक्ति छोटे-छोटे बच्चों के बीच पैसे बांटकर चला गया। गुरुवार को जब इसकी जानकारी फैली तो गांव में खलबली मच गई। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 14 बच्चों समेत एक महिला को क्वारंटीन किया है। सभी को गांव के प्राथमिक विद्यालय में रखा गया है।
मामले में पुलिस का कहना है कि जब तक जांच नहीं हो जाती कि पैसे बांटने वाला कौन था और उसकी मंशा क्या थी, ये लोग क्वारंटीन ही रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डा. प्रशांत कुमार ने कहा कि तीन दिन रहने के बाद ही कोरोना वायरस या अन्य संक्रमण की जानकारी होगी। यदि इसके बाद जरूरत पड़ी तो जांच कराई जायेगी।
पुलिस ने सभी को सख्त हिदायत दी है कि प्राथमिक विद्यालय पर ही रहना है और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी करना है। प्रभारी निरीक्षक सौरव कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर सभी को क्वारंटीन किया गया है, अब स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।