वाराणसी में कोरोना: 50 दिन बाद एक दिन में मिले पांच संक्रमित, अब कुल एक्टिव केस 16
कोरोना की संभावित लहर के बीच वाराणसी में पिछले चार दिन में 10 नए मरीज मिल चुके हैं। इस समय जिले में कुल 16 एक्टिव केस हैं।
विस्तार
वाराणसी जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। 50 दिन बाद ऐसा हुआ है, जब एक दिन में पांच संक्रमित मरीज मिले हैं। इसके पहले सबसे अधिक सात मार्च को नौ मरीज मिले थे। इसके साथ ही एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 16 हो गई। इधर तीन चार दिन से मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।
जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही अब स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जांच की रफ्तार बढ़ा दी गई है। वहीं, अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से लोगों को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी जा रही है। गुरुवार सुबह 3883 सैंपल की रिपोर्ट में पांच नए मरीज मिले।
इसके बाद संक्रमण दर 0.13 प्रतिशत पहुंच गई है। नए मरीजों के मिलने के बाद अब तक तीसरी लहर में मिले कुल 13541 मरीजों में 13512 के डिस्चार्ज, 13 की मौत के बाद 16 एक्टिव मरीज हैं। राहत की बात है कि सभी मरीज होम आईसोलेशन में हैं।
एक और दो मई को मॉकड्रिल
जिले के अस्पतालों में तैयारियां परखने के लिए एक और दो मई को मॉकड्रिल कराने का निर्णय लिया गया है। ताकि अगर कोरोना की चौथी लहर आती है तो मरीजों के जांच, इलाज में किसी तरह की कोई परेशानी न हो। शासन के फैसले के बाद स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीम गठित कर इससे जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कराई जा रहीं हैं।
मॉकड्रिल में कोविड अस्पतालों के चयन, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती, दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता के साथ ही यहां ऑक्सीजन और आईसीयू वाले बेड की उपलब्धता आदि की नए सिरे से समीक्षा की जाएगी।
सीएमओ डॉ. सदीप चौधरी ने कहा कि बीएचयू, दीनदयाल अस्पताल समेत जो भी कोविड अस्पताल बने हैं, वहां मॉक ड्रिल से जुड़ी तैयारियां कराई जा रही हैं। अस्पतालों के साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों पर भी जांच, इलाज की मुकम्मल व्यवस्था है।