Corona Alert: वाराणसी में बढ़ रहा कोरोना का कहर, छह दिन में 40 लोग मिले संक्रमित, सावधानी जरूरी
वाराणसी में स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार कुल 11 लोग संक्रमित मिले हैं। इसमें चार महिलाएं हैं। डॉक्टरों के मुताबिक आने वाले दिनों में अभी संक्रमण का ग्राफ बढ़ सकता है, ऐसे में लोगों को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने की जरूरत है।
विस्तार
वाराणसी में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। मार्च में केवल 16 संक्रमित मिले थे, लेकिन अप्रैल महीने में छह दिन में ही 40 नए संक्रमित मिल चुके हैं। इसमें भी 40 साल से कम उम्र वाले (महिला, पुरुष) अधिक हैं। डॉक्टरों के मुताबिक आने वाले दिनों में अभी संक्रमण का ग्राफ बढ़ सकता है, ऐसे में लोगों को कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने की जरूरत है।
मार्च महीने में शुरुआती दिनों में एक-दो केस मिले, इसके बाद आंकड़ा बढ़कर तीन पहुंच गया। अप्रैल माह में संक्रमितों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई। पिछले तीन दिन से एक दिन में पांच, दस, नौ मरीज मिले थे जो कि छह अप्रैल को बढ़कर 11 पहुंच गया।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. एसएस कन्नौजिया ने बताया कि कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जाए तो कोई परेशानी नहीं होगी। सरकारी अस्पतालों, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, एयरपोर्ट पर विभाग की टीम लोगों की कोविड जांच भी कर रही है। गुरुवार को भी सैंपल मंडलीय अस्पताल, आईएमएस बीएचयू में भेजे गए हैं।
ये भी पढ़ें: फुटबॉल खेलते वक्त बास्केटबॉल खिलाड़ी गश खाकर गिरे, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत, लोग स्तब्ध
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टर मिले संक्रमित
स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार कुल 11 लोग संक्रमित हुए हैं। इसमें चार महिलाएं हैं। नए संक्रमितों में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के सुश्रुत हॉस्टल में रहने वाले 24 वर्षीय रेजिडेंट, बरेका परिसर में 40 और 45 वर्षीय कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
इसके अलावा कैंट, नरपतपुर, लक्सा, सिगरा, होमी भाभा कैंसर अस्पताल लहरतारा में भी 31 वर्षीय युवक में कोरोना की पुष्टि हुई है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. एसएस कन्नौजिया ने बताया कि मार्च से अब तक मिले संक्रमितों की संख्या 56 हो गई है। इसमें 19 लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 37 लोग होम आइसोलेशन में हैं।
