Raju Srivastav: आखिरी बार दिसंबर में बनारस आये थे राजू श्रीवास्तव, हंसी-मजाक में नगर निगम पर कसा था तंज
सबको हंसाने वाले राजू श्रीवास्तव आखिरी बार दिसंबर 2021 में बनारस आये थे। जब यहां काशी फिल्म महोत्सव का आगाज हुआ था। राजू ने चुटीले अंदाज में कहा था कि बनारस में प्रशासन को बहुत सुधार करने की जरूरत है खासकर नगर निगम को। एक जगह सड़क पर नगर निगम के बोर्ड पर लिखा हुआ है कि कृपया बाएं हाथ से चलें। किसी का बाप नहीं चल सकता है, मैंने कोशिश की तो कोहनी छिल गई।
विस्तार
देश के मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का आज निधन हो गया। राजू श्रीवास्तव को बुधवार (10 अगस्त) को दिल का दौरा पड़ने के बाद दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां आज उनका निधन हो गया। इस दुखद खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव अपनी कॉमेडी से रोते हुए को भी हंसा देते थे, लेकिन आज सबकी आंखो में आंसू देकर वह इस दुनिया से अलविदा कह गए।
सबको हंसाने वाले राजू श्रीवास्तव आखिरी बार दिसंबर 2021 में बनारस आये थे। जब यहां काशी फिल्म महोत्सव का आगाज हुआ था। उद्घाटन समारोह में कैलाश ने जहां काशी में शिव की अलख जगाई वहीं फिल्म विकास परिषद के चेयरमैन और हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव ने मंच संभाला तो पूरा स्टेडियम ठहाकों से गूंज उठा था। नेता से लेकर अभिनेता, नायक से लेकर खलनायक और खेल से लेकर खिलाड़ी तक हर किसी को उन्होंने हास्य के रंगों में पिरोया। उन्होंने मंच से कहा कि जो हंसे उसका घर बसे और जिसका घर बसे फिर पूछो उससे कभी हंसे...।
राजू ने चुटीले अंदाज में कहा था कि बनारस में प्रशासन को बहुत सुधार करने की जरूरत है खासकर नगर निगम को। एक जगह सड़क पर नगर निगम के बोर्ड पर लिखा हुआ है कि कृपया बाएं हाथ से चलें। किसी का बाप नहीं चल सकता है, मैंने कोशिश की तो कोहनी छिल गई।
भैया तुम रहने दो हम कर लेंगे
प्यार करना है तो निरमा पाउडर वाली से करो, क्योंकि वह कहती है पहले इस्तेमाल करो फिर विश्वास करो। इसलिए भाइयों जिंदगी में ऐसा काम करो कि लोग कहें कि भैया तुम रहने दो हम कर लेंगे। आज जब मैं स्टेशन पर उतरा तो एक आदमी ने मुझे देखकर कहा कि आपको टेलीविजन में बहुत देखा है तो मैंने कहा कि धन्यवाद। फिर उसने कहा कि लेकिन जिंदा पहली बार देख रहा हूं।
बता दें कि 10 अगस्त को जिम में वर्कआउट दौरान राजू को दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती करवाया गया था। जहां डॉक्टर्स की टीम ने हर कोशिश की, कई बार उनकी हालत में सुधार भी देखने को मिला लेकिन आज वह जिंदगी की जंग हार गए। यह उनके चाहने वालों के लिए बेहद दुख की घड़ी है।