आज काशी में सीएम योगी , भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में बनाएंगे माहौल
सीएम बुधवार को रात्रि विश्राम भी करेंगे। इस दौरान चुनावी रणनीति तय की जाएगी। सीएम के आगमन के मद्देनजर पार्टी नेता तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि सभास्थल पर मेयर पद की प्रत्याशी मृदुला जायसवाल और सभी 89 पार्षदों के बैठने की अलग व्यवस्था की जा रही है।
इसके अलावा पार्टी के सभी विधायक, मंत्री, पदाधिकारी होंगे। जनसभा के साथ मुख्यमंत्री का सभी पार्षद-सभासद प्रत्याशियों से परिचय सम्मेलन भी होगा। रामनगर में सीएम पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी करेंगे।
टाउनहाल और रामनगर में सीएम की सभा को लेकर पार्टी की ओर से बैरिकेडिंग से लेकर बैठने तक की व्यवस्था का इंतजाम किया जा रहा है। हर वार्ड से जनता को ले जाने की जिम्मेदारी पार्षद प्रत्याशियों के अलावा मंडल अध्यक्षों को दी गई है।
बैंड बाजा, केसरिया टोपी लगाकर कार्यकर्ता जनसभा में शामिल होंगे। सीएम की सभा के बाद अगले दिन 23 नवंबर को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पार्टी की जनसंपर्क यात्रा में शामिल होंगे।
भाजपा की ओर से मलदहिया स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रतिमा से अस्सी तक जनसंपर्क यात्रा निकलेगी। डिप्टी सीएम 11 बजे चितरंजन पार्क से जनसंपर्क यात्रा में शामिल होंगे।
सीएम की सुरक्षा में 2300 से ज्यादा जवान तैनात
एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर छह एडिशनल एसपी, 25 डिप्टी एसपी, 264 सब इंस्पेक्टर, 1475 कांस्टेबल, तीन कंपनी पीएसी और एक कंपनी सीआरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं। इससे पहले मंगलवार को एसएसपी आरके भारद्वाज ने पुलिस लाइन में सीएम सुरक्षा में लगी फोर्स को ब्रीफ किया।
एसएसपी ने कहा कि वीवीआईपी के जाने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य होने तक कोई अपना ड्यूटी प्वाइंट नहीं छोड़ेेगा। सीएम जिधर से भी गुजरेंगे आमजन बैरिकेडिंग के पीछे रहेंगे। वहीं, खुफिया इकाइयां इनपुट जुटाती रहीं कि सीएम आगमन के दौरान कोई संगठन विरोध-प्रदर्शन या काले झंडे दिखाने की फिराक में तो नहीं है।
2:50 बजे रामनगर पहुंचेंगे सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को 2:50 बजे इलाहाबाद से रामनगर स्थित पीएसी मैदान पर बने हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से वह रामनगर में पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे और यहां से प्रभुनारायण महाविद्यालय जाएंगे। यहां से वह दोपहर साढ़े तीन से साढ़े चार बजे तक जनसभा करेंगे।
शाम पांच बजे वह रामनगर से नदेसर स्थित होटल ताज पैलेस पहुंचेंगे। शाम छह बजे से सात बजे तक वह टाउनहाल मैदान में जनसभा करेंगे। यहां से वह बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे। शाम करीब साढ़े सात बजे वह विशेष विमान से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे।
टाउनहाल में जुटेगी 50 हजार भीड़
भाजपा के सिगरा स्थित केंद्रीय कार्यालय मेें चुनाव संचालन समिति की बैठक मंगलवार को हुई। बैठक में टाउनहाल में होने वाली सीएम की सभा में 50 हजार की भीड़ जुटाने का लक्ष्य तय किया गया। वहां बुधवार को मुख्यमंत्री की शाम पांच बजे जनसभा होनी है। बैठक में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, रामगोपाल मोहले, धर्मेंद्र सिंह, देवानंद, सुधीर मिश्रा मौजूद रहे।
सीएम आगमन पर वाराणसी में रूट डायवर्जन
- पीएसी तिराहा रामनगर से कोई वाहन पीएसी वाहिनी की तरफ जाने वाले मार्ग पर नहीं जाएगा।
- टेंगरा मोड़ से रामनगर चौक की तरफ वाहन नहीं जाएंगे।
- भूसा मंडी तिराहा रामनगर से रामनगर चौक की तरफ वाहन नहीं जाएंगे।
- सामने घाट तिराहा की ओर से रामनगर किला की तरफ गंगा पुल से वाहन नहीं जाएंगे।
- सीएम की फ्लीट के किला की तरफ आने-जाने के दौरान वाहन रामनगर चौक से किला और पीएसी की तरफ नहीं जाएंगे।
- रामनगर चौक चौराहा से वाहनों को रामनगर थाना की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।
- पीएसी तिराहा रामनगर से रामनगर चौक की ओर वाहन नहीं जाएंगे।
रामनगर से नदेसर स्थित होटल गेटवे जाने के दौरान
- रामनगर चौक चौराहा से कोई वाहन रामनगर थाने की ओर नहीं जाएगा।
- पड़ाव चौराहे से रामनगर की तरफ वाहन नहीं जाएंगे।
- पीएसी तिराहा रामनगर पर दुर्गा माता मंदिर की ओर से आने वाले वाहनों को पीएसी तिराहा से दो सौ मीटर पहले रोक दिया जाएगा।
- राजघाट पुल से होकर शहर आने वाले वाहनों को पड़ाव चौराहा पर रोक दिया जाएगा।
- कज्जाकपुरा तिराहे की ओर से वाहन गोलगड्डा और राजघाट की तरफ नहीं जाएंगे।
- विशेश्वरगंज की तरफ से आने वाले वाहनों को गोलगड्डा पर रोक दिया जाएगा।
- जलालीपुरा की तरफ से आने वाले वाहनों को जलालीपुरा रेलवे क्रासिंग पर रोक दिया जाएगा।
- नक्खीघाट की तरफ से आने वाले वाहन नक्खीघाट तिराहे पर रोक दिए जांएगें।
- संस्कृत विवि की तरफ से आने वाले वाहनों को लकड़ी मंडी पर रोक दिया जाएगा।
- पांडेयपुर ओवरब्रिज के ऊपर से होकर वाहन लकड़ी मंडी की तरफ नहीं जाएंगे।
- लाइट सिग्नल चौकाघाट से लकड़ी मंडी की तरफ वाहन नहीं जाएंगे।
- ताड़ीखाना की ओर से कोई वाहन चौकाघाट चैराहा की तरफ नहीं जाएगा।
होटल से टाउनहाल जाने के दौरान
- लकड़ी मंडी तिराहा की ओर से चौकाघाट चौराहा की तरफ वाहन नहीं जाएंगे।
- मरीमाई तिराहा से तेलिया बाग की तरफ कोई वाहन नहीं जाएगा।
- रामकटोरा की तरफ से आने वाले वाहनों को प्रदीप होटल तिराहा पर रोक दिया जाएगा।
- लहुराबीर चौराहा से कोई वाहन कबीरचौरा और प्रदीप होटल की तरफ नहीं जाएगा।
- रामकटोरा से काशिका तिराहा होकर जाने वाले वाहनों को उसी तिराहे पर रोक दिया जाएगा।
- पिपलानी कटरा से कोई वाहन कबीरचौरा की तरफ और लहुराबीर चौराहा की ओर नहीं जाएगा।
- पियरी की तरफ से कबीरचौरा की ओर जाने वाले वाहन कबीरचौरा तिराहा पर रोक दिए जाएंगे।
- मैदागिन चौराहा से कोई वाहन कबीर चौराहा और कोतवाली की ओर नहीं जाएगा।
- विशेश्वरगंज तिराहा से कोई वाहन मैदागिन की तरफ नहीं जाएगा।
टाउनहाल से भोजूबीर जाने के दौरान
- ताड़ीखाना की ओर से वाहन चौकाघाट चौराहा और सांस्कृतिक संकुल की ओर नहीं जाएंगे।
- पांडेयपुर से खजुरी मार्ग होकर संकुल भवन की तरफ जाने वाले वाहनों को पेट्रोल पंप तिराहा पर रोका जाएगा।
- पुलिस लाइन चौराहा, एलटी कालेज और अंबेडकर चौराहा से संकुल भवन और गोलघर कचहरी चौराहा की ओर वाहन नहीं जाएंगे।
- जेपी मेहता कालेज तिराहा से सर्किट हाउस और भोजूबीर की ओर वाहन न आएंगे और न जाएंगे।
- गिलट बाजार तिराहा से भोजूबीर की ओर वाहन न आएंगे और न जाएंगे।
भोजूबीर से बाबतपुर एयरपोर्ट जाने के दौरान
- गिलट बाजार पुलिस चौकी से तरना की ओर वाहन नहीं जाएंगे।
- बाबतपुर चौकी चौराहा से शहर की ओर जाने वाले वाहनों को वहीं रोक दिया जाएगा।
नोट -
1. एंबुलेंस और शव वाहन इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे।
2. समस्त प्रकार के वाहन पास बुधवार को निरस्त रहेंगे।