वाराणसी में बोले सीएम: सोशल मीडिया पर फेक अकाउंट बनाकर माहौल बिगाड़ने वालों पर पैनी नजर रखें, सख्ती से निपटें
मुख्यमंत्री ने पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल से लोकल इंटलीजेंस, पुलिस बीटों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब संचरण पर रोक लगाने, नशा के अवैध कारोबार को ध्वस्त करने के निर्देश दिए।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार की दोपहर करीब तीन बजे दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे। उन्होंने पुलिस अफसरों से कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फेक अकाउंट बनाकर माहौल खराब करने वालों पर पैनी नजर रखें। ऐसे लोगों से सख्ती से निपटें। जातीय वैमनस्यता, अराजकता फैलाने वाले, कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अराजक तत्वों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई करें। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवंबर 2025 तक जिले को पूरी तरह टीबी मुक्त करें। जनप्रतिनिधियों से कहा कि टीबी मरीजों को गोद लें। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने काल भैरव और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में चल रही परियोजनाओं को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर समय से पूरा करें। कार्यदायी संस्थाएं समय पर कार्य कराना सुनिश्चित करें अन्यथा कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सड़क चौड़ीकरण के दौरान जद में आने वाले धर्मस्थलों को स्थानीय लोगों से वार्ता कर आसपास उपयुक्त स्थल चिह्नित कर विधि-विधान से स्थापित कराएं। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा लाए गए नए बिल्डिंग बाईलॉज की जानकारी आमजन को हो सके, इसका व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार करें। सोशल मीडिया, डिजिटल मीडिया, जनता के बीच जगह जगह पर सेमिनार आदि आयोजित कराएं।
मुख्यमंत्री ने सीएमओ से कहा कि नवंबर तक टीबी मुक्त करना है, इसके लिए जो भी संभव को सबकुछ करिए। जनप्रतिनिधियों से कहा कि इस अभियान में सहयोग करिए। बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने जनसुनवाई, आइजीआरएस, सीएम हेल्प लाइन आदि माध्यमों से प्राप्त होने वाली जनशिकायतों का निष्पक्ष और समय से निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एक पेड़ मां के नाम पौधरोपण महाअभियान और नदी पुनरुद्धार के कार्यों को बेहतर तरीके से कराने पर जोर दिया।
सीएम बोले, बारिश बाद शुरू करें दालमंडी सड़क चौड़ीकरण का काम
मुख्यमंत्री ने दालमंडी सड़क चौड़ीकरण की रिपोर्ट मांगी। अफसरों ने बताया कि सर्वे का काम पूरा किया जा चुका है। अभी बरसात के चलते काम रुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात के तत्काल बाद यहां चौड़ीकरण का काम शुरू करें। बता दें कि इस प्रोजेक्ट की कुल लागत 220.59 करोड़ रुपये है। सड़क की लंबाई 650 मीटर और सड़क की चौड़ाई 17 मीटर रहेगी। सड़क किनारे नाली के डक्ट बनेंगे और सूचनात्मक बोर्ड लगेंगे।
लक्ष्य के सापेक्ष सौ फीसदी बच्चों का कराएं सत्यापन
मुख्यमंत्री ने बीएसए को परिषदीय विद्यालयों में लक्ष्य के सापेक्ष शत प्रतिशत बच्चों का नामांकन कराए जाने का निर्देश दिया। कोई भी विद्यालय अध्यापकविहीन न रहे। स्कूली बैग, जूते मोजे, ड्रेस आदि की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए कहा।
लोकल इंटलीजेंस, पुलिस बीटों को और बनाए प्रभावी : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल से लोकल इंटलीजेंस, पुलिस बीटों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब संचरण पर रोक लगाने, नशा के अवैध कारोबार को ध्वस्त करने के निर्देश दिए। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने श्रावण मास की तैयारियों, जनपद की कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन समेत विभिन्न पुलिस अभियानों की जानकारियां दी। एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया ने जोन के विभिन्न जनपदों में श्रावण मास पर तैयारियों, सीसीटीवी से निगरानी, पेट्रोलिंग, थानों पर जनसुनवाई, गो-तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान समेत शराब माफिया के विरुद्ध कार्रवाई की जानकारी दी।
जिले में चल रहीं 64 परियोजनाएं
डीएम सत्येंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री को प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले में निर्माणाधीन विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति समेत जनपद में बाढ़ की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया की वर्तमान में 64 बड़ी परियोजनाएं चल रही हैं, जिनकी लागत लगभग 15000 करोड़ रुपये है। कज्जाकपुरा फ्लाइओवर का कार्य सितंबर 2025 तक पूरा करा लिया जाएगा।
अभी जिले में 8000 हजार टीबी मरीज
मुख्यमंत्री ने जिले को नवंबर तक टीबी मुक्त करने के निर्देश दिए हैं। मौजूदा स्थिति में जिले में 8000 हजार टीबी के मरीज हैं। 2024 में 258 गांव टीबी मुक्त हो चुके हैं और इस साल अब तक 283 गांवों को टीबी से मुक्त किया जा चुका है। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार काम करते हुए नवंबर तक जिले को टीबी मुक्त कर लिया जाएगा।
बैठक में ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टांप राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, राय धर्मेंद्र सिंह, विशाल सिंह चंचल, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, डॉ अवधेश सिंह, डॉ सुनील पटेल मौजूद रहे।
ये अफसर रहे मौजूद
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीना, एमडी पूर्वांचल विद्युत वितरण शंभू कुमार, वीडीए वीसी पुलकित गर्ग, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, सीडीओ हिमांशु नागपाल, डीएफओ स्वाति श्रीवास्तव समेत अन्य मौजूद रहे।