काशी में सीएम योगीः समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री बोले- अस्पताल, पैथोलॉजी नहीं करें मनमानी, बुखार और अन्य बीमारियों के दवाओं की भी न हो कमी
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वाराणसी प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है, यहां हर कार्य नियमानुसार, मानक के साथ अच्छा व अनुकरणीय हो।अस्पतालों, आईएमए, दवा विक्रेता संगठनों के साथ बैठक कर सुनिश्चित करें कि कहीं दवाओं व आवश्यक उपकरणों आदि की कमी नहीं हो।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को अपने एक दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों, कानून व्यवस्था, कोविड प्रबंधन एवं स्वच्छता की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा, अभी बुखार व अन्य बीमारियों के मरीज बढ़े हैं। इसलिए निगाह रखें कि कोई अस्पताल, पैथोलॉजी मरीज से मनमाना पैसा नहीं वसूले।
अस्पतालों, आईएमए, दवा विक्रेता संगठनों के साथ बैठक कर सुनिश्चित करें कि कहीं दवाओं व आवश्यक उपकरणों आदि की कमी नहीं हो। माफिया सक्रिय नहीं होने पाए। कृत्रिम अभाव पैदा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वाराणसी प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है, यहां हर कार्य नियमानुसार, मानक के साथ अच्छा व अनुकरणीय हो। 25 सितंबर को पूरे प्रदेश के हर ब्लाक में गरीब कल्याण मेला का उद्घाटन जनप्रतिनिधि से कराएं। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को 13 से 19 सितंबर तक सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरसात व बाढ़ से गांवों एवं शहरों की खराब हुई सड़कें दीपावली तक गड्ढा मुक्त कर दी जाएं।
ऑक्सीजन प्लांट ऑपरेशन हेतु प्रशिक्षित व्यक्ति रखे जाएं। थाना दिवस व समाधान दिवस की शिकायतों में शिकायतकर्ता को भी संतुष्ट करें। महिलाओं के मामलों में संवेदनशीलता से कार्यवाही करें। पुलिस, नगर निगम, प्रशासन सभी मिलकर ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ रखें।
बैठक में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, मंत्री डॉक्टर नीलकंठ तिवारी, मंत्री रविंद्र जायसवाल, महापौर मृदुला जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विधायक डॉ अवधेश सिंह, विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह, एमएलसी अशोक धवन, अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव कृषि डॉ देवेश चतुर्वेदी, एडीजी बृजभूषण, पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश उपस्थित रहे। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने निर्माणाधीन परियोजनाओं और जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बाढ़ प्रबंधन, कोविड प्रबंधन, स्वच्छता सैनिटाइजेशन का प्रेजेंटेशन किया।
सीएम ने ली परियोजनाओं की जानकारी
बैठक में बताया गया कि टाउनहॉल, बेनियाबाग व सर्किट हाउस की पार्किंग अक्तूबर तक पूर्ण हो जाएगी। खिड़कियां घाट का पहला चरण नवंबर में पूर्ण हो जाएगा। जिले में 8871.27 करोड़ रुपये की 117 प्रमुख परियोजनाएं निर्माणाधीन है।
जुलाई एवं अगस्त में तरना शिवपुर में सीवर लाइन के स्थानांतरण का काम, एसटीपी रामनगर, वरुणा नदी के चैनेलाइजेशन एवं तटिय विकास कार्य, पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरकारी कॉलेज, स्मार्ट सिटी में घाटों के रिवाइटलाइजेशन एवं फसाड इंप्रूवमेंट का काम पूरा हो गया है। विकास प्राधिकरण में नक्शा स्वीकृति, नगर निगम की फागिंग और एंटी लार्वा छिड़काव की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने ली।