वाराणसी: चीन की युवती को मणिपुर की बता कर ठहराया था फ्लैट में, मकान मालिक के खिलाफ मुकदमा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लॉकडाउन में एलआईयू को सूचना दिए बगैर साकेत नगर कॉलोनी स्थित कुबेर हाउसिंग अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 12 में चीन की युवती को ठहराने के मामले का सोमवार को भंडाफोड़ हुआ तो हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो अपार्टमेंट के लोग हंगामा करने लगे।
उन्होंने पुलिस को बताया कि फ्लैट मालिक संभव चतुर्वेदी चीन की युवती को मणिपुर की रहने वाली बता कर ठहराया था। संभव के खिलाफ लंका थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही यह पुलिस और एलआईयू की भी गंभीर लापरवाही मानी जा रही है।
चीन के हूनान प्रांत की 31 वर्षीय युवती बीती 29 जनवरी को भारत आई थी। 26 फरवरी से वह बनारस में रह रही थी। युवती के अनुसार वह 17 मार्च तक दशाश्वमेध क्षेत्र में गेस्ट हाउस में ठहरी थी। मार्च में ही वह साकेत नगर में रहने वाले और सुंदरपुर कर्माजीतपुर क्षेत्र में योग आश्रम संचालित करने वाले संभव चतुर्वेदी के संपर्क में आई।
संभव ने उसे अपने फ्लैट में रहने की पेशकश की। इस पर 21 मार्च से वह संभव के फ्लैट में रहने लगी। चर्चा यह भी रही कि युवती के वीजा की अवधि अप्रैल में खत्म होने वाली थी। संभव ने उसे आश्वस्त किया था कि वह उसके वीजा की अवधि बढ़वा देगा लेकिन लॉकडाउन के कारण ऐसा संभव न हो सका।
पूरे अपार्टमेंट को सैनिटाइज कराने की मांग की
उधर, हंगामा कर रहे लोगों ने पूरे अपार्टमेंट को सैनिटाइज कराने की मांग की। सभी का कहना था कि रिहायशी अपार्टमेंट में संभव ऑनलाइन गेस्ट हाउस संचालित कर रहा है। ऐसा कतई नहीं होना चाहिए। लोगों ने बताया कि दो युवक रोजाना सुबह और शाम के समय युवती के लिए खाना के साथ ही अन्य सामान लाते थे।
पुलिस ने सभी को शांत कराया और नगर निगम की टीम से अपार्टमेंट को सैनिटाइज कराने का आश्वासन दिया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि संभव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे बनारस बुलाया गया है। लॉकडाउन में वह पटना में फंसा हुआ है। चीन की युवती को शिवपुर स्थित मेडिकल क्वारंटीन सेंटर में रखा गया है। युवती का पासपोर्ट और वीजा पूरी तरह से सही है।
चौकी से कुछ दूरी पर अपार्टमेंट, एलआईयू और पुलिस बेखबर
कोरोना वायरस के संक्त्रस्मण की रोकथाम के मद्देनजर जिलाधिकारी का निर्देश है कि जिले में ठहरे हुए सभी विदेशियों की जानकारी प्रशासन को हो। ताकि, उनके स्वास्थ्य की जांच आदि कराई जा सके। जिस अपार्टमेंट के फ्लैट में चीन की युवती रह रही है, वह संकटमोचन चौकी से कुछ दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद बीट आरक्षी, चौकी की पुलिस और एलआईयू को भनक तक नहीं लगी।
माना जा रहा है कि इसके लिए जिम्मेदार कर्मचारी जल्द ही कार्रवाई की जद में आएंगे। इस संबंध में लंका इंस्पेक्टर भारत भूषण तिवारी ने बताया कि गलती संभव ने की है। उसे विदेशी नागरिक को ठहराने के साथ ही 24 घंटे के भीतर एलआईयू को सूचना दे देनी चाहिए थी। चीन की युवती की कोई गलती नहीं है। उसका वीजा और पासपोर्ट सही है। एलआईयू की सूचना के आधार पर ही पुलिस मौके पर पहुंची है।
दहशत में दिखे लोग, तरह-तरह की चर्चाएं
चीन की युवती के फ्लैट में रहने का मामला सार्वजनिक हुआ तो अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल दिखा। कुछ लोगों का कहना था कि चीन में कोरोना वायरस का कहर देख कर युवती खुद को सुरक्षित रखने के लिए भारत चली आई है।
वहीं, कुछ अन्य का कहना था कि संभव भी जानता ही होगा कि चीन से ही कोरोना वायरस का संक्त्रस्मण अन्य देशों में फैला है। इसके बावजूद उसने युवती को फ्लैट देकर और उसके बारे में झूठ बोलकर दूसरों के जीवन को जोखिम में डाला है। उधर, युवती ने पुलिस से कहा कि वह पूरी तरह से स्वस्थ है। इसके साथ ही वह अपने फ्लैट से बाहर नहीं निकलती है।
कुछ और विदेशी नागरिक छुपे हो सकते हैं
इस संबंध में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि किसी होटल आदि में कोई विदेशी नागरिक ठहरता है उसकी सूचना 24 घंटे के भीतर एलआईयू को देनी होती है। साकेत नगर निवासी संभव चतुर्वेदी ने सूचना भी नहीं दी और रिहायशी अपार्टमेंट में बगैर पंजीयन के ही फ्लैट को गेस्ट हाउस के तौर पर इस्तेमाल कर रहा था। उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होगी। आमजन से अपील है कि वह पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें।
चीन की युवती को सोमवार को दिन में स्क्रीनिंग के बाद शाम के समय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर स्थित मेडिकल क्वारंटीन सेंटर में भर्ती कराया गया है। मंगलवार को उसका सैम्पल लेकर आईएमएस बीएचयू भेजा जाएगा। - डॉ. वीबी सिंह, सीएमओ