बदले की आग में हैवानियत: मासूम को काशी स्टेशन से अगवा कर जमीन पर पटका, दुष्कर्म के बाद मुंह दबा कर मार डाला
काशी रेलवे स्टेशन से पांच साल की मासूम बच्ची को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया, फिर हत्या करके शव झाड़ी में फेंक दिया। बदले की आग में बच्ची के साथ हैवानियत की गई थी। पुलिस ने यह सनसनीखेज शुक्रवार को किया। 15 अगस्त की सुबह मासूम का लहूलुहान शव मालवीय पुल पास झाड़ियों में मिला था।
विस्तार
लगभग एक घंटे में वारदात को अंजाम देकर बिहार के रोहतास जिले के सासाराम थाना के बसई गांव का मूल निवासी और बचपन से ही काशी स्टेशन पर रहने वाला 35 वर्षीय संजय बनवासी उर्फ पंडित वापस आकर काशी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-तीन पर सो गया था। यह खुलासा संजय को गिरफ्तार करने के बाद शुक्रवार को आदमपुर थाने की पुलिस ने किया। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
झाड़ियों में मिला था मासूम का लहूलुहान शव
दोना-पत्ता बेचने वाला चंदौली का एक परिवार 14 अगस्त की रात काशी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर सोया था। रात ढाई बजे के लगभग परिवार के मुखिया की नींद खुली तो उसके और उसकी पत्नी के बीच सोई पांच साल की बच्ची गायब थी। बच्ची की खोजबीन शुरू हुई, लेकिन उसका पता नहीं लगा।ये भी पढ़ें; कैंट स्टेशन से लापता मासूम को जीआरपी ने एक घंटे में खोज निकाला, मां बोली- धन्यवाद पुलिस
खोजबीन के दौरान 15 अगस्त की सुबह मासूम का लहूलुहान शव मालवीय पुल के ढलान पर स्थित झाड़ियों में मिला। 10 दिनों की पड़ताल और तकरीबन 30 से ज्यादा लोगों से पूछताछ के बाद आरोपी संजय को चिह्नित कर पुलिस ने गिरफ्तार किया।
पिता से बदला लेना और सबक सिखाना था उद्देश्य
डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम ने बताया कि मासूम बच्ची का पिता और आरोपी संजय सहित अन्य लोग पटना के आगे झाझा से महुआ का पत्ता लाकर दोना बनाकर शहर में बेचते थे। आरोपी संजय ने बताया कि बच्ची का पिता अपने साथियों के साथ उसे पत्ता बेचने के काम में परेशान करता था। उस पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के साथ ही उसका पैसा और मोबाइल छीन लेता था। इसके चलते वह बच्ची के पिता को ऐसा सबक सिखाना चाहता था कि वह जिंदगी भर न भूले।
पुलिस टीम को 20 हजार रुपये का इनाम
डीसीपी काशी जोन ने कहा कि सीसी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस की मदद के बगैर इस घटना का खुलासा किया गया है। टीम में शामिल आदमपुर थाने के इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा, सीनियर सब इंस्पेक्टर सूरज तिवारी, दरोगा आदित्य सिंह, मनोज कुमार राजपूत व चंदन कुमार सहित अन्य पुलिस कर्मियों को 20 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया है।