जाने कहां गए वो लोग: वाराणसी के अनीश्वर को गायब हुए दो साल बीत गए, घर वालों को लौट आने का इंतजार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घर के बाहर खेल रहा साढ़े चार साल का अनीश्वर लगभग दो साल पहले गायब हो गया। उसका आज तक पता नहीं लग सका। परिजनों और पुलिस ने अपने स्तर से प्रयास किया, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। हालांकि अनीश्वर के मां-बाप को उम्मीद है कि एक न एक दिन उनके कलेजे का टुकड़ा वापस मिल जाएगा।
वाराणसी के चोलापुर थाना अंतर्गत शिवरामपुर गांव में दो पुत्रियों के बाद जब अमित चौहान की पत्नी धरमा देवी ने पुत्र को जन्म दिया तो परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं था। निजी अस्पताल में कार्यरत अमित ने इकलौते बेटे की परवरिश में कोई कमी नहीं छोड़ी। 16 अप्रैल 2019 को मां से पानी मांग कर पीने के बाद लगभग साढ़े चार साल का अनीश्वर बाहर खेलने गया। धरमा देवी को थोड़ी देर बाद बेटे की याद आई तो वह उसे पुकारते हुए बाहर निकली लेकिन उसका पता नहीं लगा। वह दिन और आज का दिन... धरमा देवी और अमित अपने जिगर के टुकड़े को तलाश ही रहे हैं।
जहां भी हो भगवान सुरक्षित रखे
इकलौते बेटे का जिक्र करते ही धरमा देवी की आंखों से आंसुओं की धार बहने लगती है। किसी तरह खुद को संभालते हुए धरमा देवी ने कहा कि थाने में शिकायत करने के साथ ही मंदिर, मजार और तांत्रिक सब की दर पर गए लेकिन बेटे का पता नहीं लगा। अब तो वह साढ़े छह साल का हो गया होगा। ना जाने लाल कहां और किस हाल में होगा। वह जहां भी हो भगवान उसे सुरक्षित रखे। कहा कि देखते हैं कि भगवान मां-बेटे को कब तक दूर रखते हैं।
पुलिस ने तत्परता नहीं दिखाई
अमित ने कहा कि पुलिस ने तत्परता नहीं दिखाई, नहीं तो शायद बेटा मिल जाता। अब चोलापुर थाने की पुलिस कहती है कि काफी प्रयास किया गया पता नहीं लगा। इसलिए दर्ज मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगा दी गई है। कहा कि हमें भी पुलिस से कोई आशा नहीं है और इसे अपनी नियति मान कर सब कुछ भगवान के सहारे छोड़ दिया है। शायद वह कभी न कभी हमारी फरियाद पर ध्यान देंगे।
थाना प्रभारी चोलापुर ने बताया कि बच्चे का न मिल पाना दुखद है। उसे खोजने के लिए पूर्व के थाना प्रभारियों ने काफी प्रयास किया। सर्विलांस और मुखबिर आदि की भी मदद ली गई लेकिन सफलता नहीं मिली। बच्चे को बरामद करने का प्रयास अब भी पुलिस के स्तर से जारी है।
जिले के गायब लोगों का आंकड़ा
एक जनवरी 2020 से अब तक गायब हुए 18 साल से कम उम्र के लोग - 14
एक जनवरी 2020 से अब तक गायब हुए 18 साल से ज्यादा उम्र के लोग - 253
एक जनवरी 2020 से अब तक बरामद हुए 18 साल से कम उम्र के लोग - 47
एक जनवरी 2020 से अब तक बरामद हुए 18 साल से ज्यादा उम्र के लोग - 142
एक जनवरी 2020 से अब तक गायब हुए लोगों की कुल संख्या - 456
एक जनवरी 2020 से अब तक बरामद हुए लोगों की कुल संख्या - 189
एक जनवरी 2020 से अब तक गायब चल रहे लोगों की कुल संख्या - 267