फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Chandauli Women complain MP police outsiders beat them up 20 named FIR against 80 14 arrested in chandauli

चंदौली: 'पुलिस ने बाहरी लोगों से पिटवाया', सांसद से महिलाओं ने की शिकायत, 20 नामजद, 80 पर FIR; 14 अरेस्ट

Fri, 21 Aug 2026 05:56 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, चंदाैली।
अमर उजाला नेटवर्क, चंदाैली। Published by: Aman Vishwakarma Updated Fri, 21 Aug 2026 05:56 AM IST
सार

चंदौली के भरदुआ गांव में वन भूमि खाली कराने पहुंची टीम पर पथराव और हमले के मामले में पुलिस ने 20 नामजद और 80 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि बुधवार को वन विभाग की टीम पर लाठी-डंडे, गुलेल और तीर-धनुष से हमला किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

विज्ञापन
Chandauli Women complain MP police outsiders beat them up 20 named FIR against 80 14 arrested in chandauli
सांसद छोटेलाल से बातचीत करतीं महिलाएं। - फोटो : संवाद

विस्तार

जयमोनी रेंज के भरदुआ गांव में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई बुधवार को प्रशासन के लिए मुसीबत बन गई। वन, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम जैसे ही कब्जा हटाने पहुंची, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और टीम पर ईंट-पत्थर व मिट्टी फेंके जाने लगे। वन विभाग का आरोप है कि इसके बाद लाठी-डंडे, गुलेल और तीर-धनुष से भी हमला किया गया। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 14 ग्रामीणों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में 20 नामजद समेत 80 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया गया है।

विज्ञापन




वन विभाग के कर्मचारी भोलानाथ की ओर से थाने में दी गई तहरीर के मुताबिक जयमोनी रेंज के बोझ सेक्शन की लहसुनिया बीट स्थित भैंसौड़ा कंपार्टमेंट नंबर-14 में कुछ लोग वन भूमि की जुताई कर धान की रोपाई कर रहे थे। आरोप है कि ट्रैक्टर और कृषि यंत्रों का इस्तेमाल कर वन भूमि पर खेती की जा रही थी।
विज्ञापन


वन विभाग का कहना है कि इस अतिक्रमण को हटाने के लिए पहले भी कई बार प्रयास किए गए, लेकिन ग्रामीण समूह बनाकर विरोध करते रहे। विरोध के चलते हर बार टीम को वापस लौटना पड़ा। बुधवार को वन विभाग ने राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम के साथ दोबारा कार्रवाई की। टीम के मौके पर पहुंचते ही ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। कुछ ही देर में करीब 100 से 150 ग्रामीण वहां एकत्र हो गए। टीम ने जब अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की तो ग्रामीणों ने विरोध तेज कर दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

ईंट-पत्थर के बाद तीर-धनुष से हमला करने का आरोप
वन विभाग के अनुसार ग्रामीणों ने पहले टीम पर ईंट-पत्थर और मिट्टी फेंकनी शुरू की। स्थिति बिगड़ने पर लाठी-डंडे, गुलेल और तीर-धनुष से भी हमला किया गया। अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सरकारी कर्मचारियों को अपनी सुरक्षा के लिए पीछे हटना पड़ा। वन विभाग ने घटना को सरकारी कार्य में बाधा और सरकारी कर्मचारियों पर हमला बताया। 

सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और कार्रवाई करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में 20 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 80 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज किया गया है। पुलिस अब अज्ञात आरोपियों की पहचान में जुटी है।

सांसद पहुंचे तो महिलाओं ने सुनाया दूसरा पक्ष, कहा- बाहरी से पिटवाया गया
गिरफ्तार ग्रामीणों से मिलने बृहस्पतिवार को पहुंचे सपा सांसद छोटेलाल के सामने महिलाओं ने पुलिस और वन विभाग पर ही मारपीट के गंभीर आरोप लगा दिए। महिलाओं का कहना है कि बाहर से लोगों को बुलाकर लाठी-डंडे से ग्रामीणों को पिटवाया गया और बाद में हमला करने का आरोप उन्हीं पर लगा दिया गया। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों से भरदुआ का वन भूमि विवाद अब और गरमा गया है।

सांसद ने पहले सीओ देवेंद्र कुमार, एसडीएम मुकेश चंद्र वर्मा और रेंजर अमित श्रीवास्तव से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाए गए गिरफ्तार ग्रामीणों से भी मुलाकात की। सांसद के सामने महिलाओं ने पुलिस और वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। महिलाएं रोते हुए अपनी शिकायतें बताने लगीं। उनका कहना था कि कार्रवाई के दौरान कुछ लोग बिना वर्दी के लाठी-डंडे लेकर पहुंचे थे। 

आरोप है कि बाहर से लोगों को बुलाकर ग्रामीणों के साथ मारपीट कराई गई। महिलाओं ने दावा किया कि बाद में पूरे घटनाक्रम का जिम्मेदार ग्रामीणों को बताते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया।

कहा- कई साल से कर रहे खेती, इस बार मिर्च की फसल थी
महिलाओं ने बताया कि जिस भूमि को लेकर विवाद हुआ, उस पर वे कई वर्षों से खेती करती आ रही हैं। इस बार उन्होंने वहां मिर्च की फसल लगाई थी। फसल अब तैयार होने लगी थी, लेकिन कार्रवाई के दौरान फसल नष्ट हो गई। ग्रामीण महिलाओं का कहना था कि खेती से ही उनके परिवारों का भरण-पोषण होता है। फसल बर्बाद होने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि वन विभाग की कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि वन विभाग के कुछ कर्मचारी बिना वर्दी के लाठी-डंडे लेकर आए थे और ग्रामीणों के साथ मारपीट की। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि वास्तविकता सामने आ सके।

सांसद बोले- कानून हाथ में न लें, कागजात के साथ करें कार्रवाई
सपा सांसद छोटेलाल ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनने के बाद उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले में कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों से उन्होंने गिरफ्तार लोगों की जमानत कराने और संबंधित कागजात के साथ आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाने की बात कही। सांसद ने अधिकारियों से भी घटना की जानकारी ली और ग्रामीणों की ओर से लगाए गए आरोपों को उनके सामने रखा।

दोनों पक्षों के दावों से बढ़ी जांच की चुनौती
भरदुआ की घटना में अब दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आने से मामला पेचीदा हो गया है। वन विभाग का कहना है कि वन भूमि पर अवैध कब्जा कर खेती की जा रही थी और कब्जा हटाने पहुंची सरकारी टीम पर ग्रामीणों ने हमला किया। वहीं ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और बाद में उन्हें ही आरोपी बना दिया गया।

वन भूमि पर अवैध कब्जा कर धान की रोपाई की जा रही थी। कब्जा हटाने पहुंची संयुक्त टीम का ग्रामीणों ने विरोध किया और सरकारी कर्मचारियों पर हमला किया। मामले में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। - देवेंद्र कुमार, सीओ, नौगढ़

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed