चंदौली: कोर्ट में भूमि विवाद विचाराधीन, बुलडोजर से होटल जमींदोज, विरोध करने पर मारपीट; छह से अधिक हिरासत में
सैयदराजा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 स्थित महादेव रोड लाइन होटल को शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे कुछ लोगों ने बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया। होटल संचालक के अनुसार, जमीन का विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। विरोध करने पर मारपीट का भी आरोप है। पुलिस ने छह से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।
विस्तार
चंदौली में जमीन का विवाद न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद शुक्रवार की सुबह नेशनल हाईवे-19 स्थित एक रोड लाइन होटल पर बुलडोजर चलवा दिया गया। सवैया गांव के पास स्थित महादेव रोड लाइन होटल को कुछ लोगों ने बुलडोजर लगाकर ध्वस्त करा दिया। सुबह करीब पांच बजे हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। होटल संचालक ने विरोध करने पर मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से छह से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, सवैया निवासी जितेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू पिछले करीब 15 वर्षों से महादेव रोड लाइन होटल को लीज पर संचालित कर रहे थे। होटल की जमीन को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद चल रहा था। इस मामले में न्यायालय में मुकदमा भी विचाराधीन है। आरोप है कि शुक्रवार की सुबह कुछ लोग गोलबंद होकर होटल परिसर में पहुंचे और बुलडोजर लगाकर उसे ध्वस्त कराना शुरू कर दिया।
पुलिस देख भाग आरोपी
होटल संचालक जितेंद्र प्रताप सिंह का आरोप है कि जमीन का मामला न्यायालय में लंबित होने के बावजूद दूसरे पक्ष के लोगों ने मनमाने तरीके से होटल को जमींदोज कर दिया। उन्होंने कार्रवाई का विरोध किया तो उनके साथ मारपीट भी की गई। सुबह-सुबह बुलडोजर चलने की सूचना से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही सैयदराजा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कुछ लोग भागने लगे। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छह से अधिक लोगों को पकड़ लिया और थाने ले आई। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।
थाना प्रभारी अशोक मिश्र ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। कुछ लोग भाग निकले, जबकि छह से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। तहरीर और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
