फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Chandauli female athletes were transported in a goods vehicle

चंदौली: मालवाहक में बैठाकर ले गए महिला खिलाड़ी, शौचालय के लिए एक से डेढ़ किमी दूर गए खिलाड़ी

Tue, 13 Oct 2026 01:58 PM IST
किशन चौबे अमर उजाला नेटवर्क, चंदौली
अमर उजाला नेटवर्क, चंदौली Published by: किशन चौबे Updated Tue, 13 Oct 2026 01:58 PM IST
सार

28वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में दूसरे दिन भी अव्यवस्थाएं सामने आईं। सात किलोमीटर की क्रॉस कंट्री रेस के लिए महिला खिलाड़ियों को मालवाहक वाहन से ले जाया गया। दौड़ के दौरान यातायात जारी रहा और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी।

विज्ञापन
Chandauli female athletes were transported in a goods vehicle
चंदौली, महिला खिलाड़ी, मालवाहक वाहन - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के दावों के बीच 28वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अव्यवस्थाएं सामने आईं। इंडियन इंस्टीट्यूट खेल मैदान में सोमवार को प्रतियोगिता के दूसरे दिन सात किलोमीटर की क्रॉस कंट्री रेस के लिए महिला खिलाड़ियों को बस के बजाय मालवाहक वाहन से ले जाया गया। दौड़ के दौरान मार्ग पर यातायात जारी रहा और खिलाड़ियों के लिए जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था भी नहीं थी। वहीं, खेल मैदान के शौचालयों में गंदगी के कारण बालकों को करीब एक किलोमीटर और बालिकाओं को लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जाना पड़ा। अव्यवस्थाओं ने खिलाड़ियों की सुरक्षा और आयोजन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

विज्ञापन


क्रॉस कंट्री रेस में खिलाड़ियों को सात किलोमीटर की दूरी तय करनी थी। इतनी लंबी दौड़ के दौरान रास्ते में पानी उपलब्ध कराने के लिए टेबल तक नहीं लगाए गए थे। कुछ खिलाड़ी अपने साथियों को पानी देने के लिए वाहनों से उनके साथ चल रहे थे। जिन खिलाड़ियों के साथ कोई सहयोगी नहीं था, उन्हें बिना पानी के ही दौड़ पूरी करनी पड़ी। इस दौरान दोपहिया समेत अन्य वाहन भी मार्ग पर चलते रहे। ऐसे में खिलाड़ियों को यातायात के बीच दौड़ना पड़ा। खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए यातायात नियंत्रित करने और पेयजल की व्यवस्था करने की जरूरत थी, लेकिन मौके पर इन इंतजामों का अभाव दिखा।
विज्ञापन


 

Trending Videos

गंदे शौचालयों से बढ़ी खिलाड़ियों की परेशानी
प्रतियोगिता के पहले दिन भी खेल मैदान के शौचालयों की बदहाल स्थिति सामने आई थी। इसके बावजूद दूसरे दिन भी सफाई नहीं होने से खिलाड़ियों को परेशानी उठानी पड़ी। मैदान में शौचालय होने के बावजूद गंदगी के कारण उनका इस्तेमाल करना मुश्किल था। मजबूरी में बालकों को करीब एक किलोमीटर दूर नगर पालिका इंटर कॉलेज जाना पड़ा। वहीं, बालिकाओं को शौचालय के लिए अपने ठहरने के स्थान एलबीएस इंटर कॉलेज तक लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी ई-रिक्शा से तय करनी पड़ी।

खिलाड़ी सुजय पांडेय ने बताया कि मैदान के शौचालय दो दिनों से गंदगी से भरे थे। इस कारण उन्हें शौच के लिए एक किलोमीटर दूर नगर पालिका इंटर कॉलेज जाना पड़ा। कई अन्य खिलाड़ियों को भी इसी परेशानी का सामना करना पड़ा।

खिलाड़ी शिवानी कुमारी ने बताया कि मैदान में शौचालय होने के बावजूद वहां गंदगी जमा थी। ऐसे में उन्हें ठहरने के स्थान एलबीएस इंटर कॉलेज तक डेढ़ किलोमीटर की दूरी ई-रिक्शा से तय करके जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के विद्यालयों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रतियोगिता स्थल पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए।

खेल बजट के बावजूद कंकड़ वाले ट्रैक पर दौड़े खिलाड़ी
एक ओर खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है, वहीं स्थानीय स्तर पर विद्यालयीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है। इंडियन इंस्टीट्यूट खेल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान ट्रैक पर कंकड़ होने की शिकायतें भी सामने आईं। खिलाड़ियों को ऐसे ट्रैक पर दौड़ना पड़ा, जहां चोट लगने की आशंका बनी रहती है।

आयोजन के लिए शासन से डेढ़ लाख रुपये मिलने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा माध्यमिक और सहायता प्राप्त विद्यालयों से खेल गतिविधियों के नाम पर चार महीने का अंशदान भी लिया जाता है। इसके बावजूद सुरक्षित ट्रैक, स्वच्छ शौचालय और पर्याप्त पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलने से आयोजन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, उपलब्ध धनराशि का इस्तेमाल किन मदों में किया गया, यह खर्च का ब्योरा सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
 

विज्ञापन

94 अंक के साथ अशोक इंटर कॉलेज बबुरी प्रथम
दो दिवसीय 28वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अशोक इंटर कॉलेज, बबुरी ने 94 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। चहनिया स्थित बाबा कीनाराम इंटर कॉलेज 91 अंकों के साथ दूसरे और नगर पालिका इंटर कॉलेज 82 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

बेसिक शिक्षा विभाग के खिलाड़ियों ने जीते आठ पदक
पीडीडीयू नगर। इंडियन इंस्टीट्यूट खेल मैदान में आयोजित 28वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बेसिक शिक्षा विभाग के खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक जीते।

जिला व्यायाम शिक्षक विवेकानंद दुबे ने बताया कि बालिका अंडर-14 वर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय बसगावां, धानापुर की शालिनी यादव ने गोला प्रक्षेप, डिस्कस प्रक्षेप और 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर व्यक्तिगत चैंपियनशिप जीती। इसी वर्ग में श्रेया यादव ने गोला और डिस्कस प्रक्षेप में दूसरा स्थान हासिल किया। कंपोजिट विद्यालय रैपुरा, सकलडीहा की आकांक्षा मौर्य ने बालिका 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। अंडर-17 वर्ग में सृष्टि सिंह ने 100 और 200 मीटर दौड़ में तीसरा स्थान प्राप्त किया। खिलाड़ियों ने शिक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह, सुधीर कुमार यादव, देवकुमार आनंद और व्यायाम शिक्षक रंजीत कुमार के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।

जांच के बाद होगी कार्रवाई
जिला विद्यालय निरीक्षक धमेंद्र कुमार ने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान हुई लापरवाही की जांच कराई जाएगी। संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed