चंदौली: 25 हजार का इनामी गोवंश तस्कर गिरफ्तार, चेकिंग देखकर पिकअप छोड़ भागा था; प्रयागराज का है बदमाश
चंदौली में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी गोवंश तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी चेकिंग देखकर पिकअप वाहन छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश प्रयागराज का रहने वाला है और गोवंश तस्करी के मामले में वांछित चल रहा था। लंबे समय से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम तलाश कर रही थी।
विस्तार
सैयदराजा पुलिस और स्वाट टीम ने गोवध के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी तस्कर विकास यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रयागराज जिले के हंडिया थाना क्षेत्र के लसार बरौत निवासी 24 वर्षीय विकास यादव के रूप में हुई। पुलिस ने उसे शनिवार को उसके घर के पीछे स्थित बगीचे से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 25 मार्च को सैयदराजा थाना पुलिस जेठमलपुर तिराहा स्थित एनएच-2 की उत्तरी लेन पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चंदौली की ओर से आ रही बिना नंबर की सफेद पिकअप का चालक पुलिस की चेकिंग देखकर वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर फरार हो गया। तलाशी लेने पर पिकअप में छह गोवंश क्रूरतापूर्वक रस्सियों से बंधे मिले। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर सैयदराजा थाने में मुकदमा दर्ज किया था।
विवेचना के दौरान वाहन चालक विकास यादव का नाम सामने आया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र और स्वाट प्रभारी राम जनम यादव के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर 29 अगस्त को उसके घर के पीछे बगीचे में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
वाहन मालिक के साथ मिलकर करता था तस्करी
पूछताछ में विकास ने पुलिस को बताया कि उसने वाहन के पंजीकृत मालिक गंगाधर पांडेय के साथ मिलकर वाहन खरीदा था। दोनों आसपास के इलाकों से सस्ते दामों पर गोवंश खरीदने और छुट्टा पशुओं को एकत्र कर वाहन से उनकी तस्करी करने की योजना बनाते थे। 25 मार्च को भी वह छह गोवंश लादकर जा रहा था, लेकिन वाहन पास कराने वाले तस्कर से लोकेशन नहीं मिलने के कारण चेकिंग देखकर पिकअप छोड़कर भाग गया था।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार विकास यादव पर सैयदराजा और हंडिया थाने में गोवध निवारण अधिनियम समेत तीन मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
छह गोवंश मिले थे वाहन में
25 मार्च को पुलिस ने जेठमलपुर तिराहे पर लावारिस मिली पिकअप की तलाशी ली थी। डाले के किनारे प्लास्टिक के कैरेट लगाए गए थे। इन्हें हटाने पर छह गोवंश रस्सियों से बंधे मिले। सभी को बेहद क्रूरतापूर्वक वाहन में ठूंसा गया था। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज किया था।
तीन मुकदमे दर्ज
गिरफ्तार विकास यादव पर सैयदराजा थाने में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत एक मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा हंडिया थाने में भी इसी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। तीसरा मुकदमा बीएनएस की धाराओं में दर्ज है। पुलिस के अनुसार इसी आपराधिक इतिहास और सैयदराजा के मामले में वांछित होने के चलते उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।