नए पैटर्न से होगी सीबीएसई की प्री-बोर्ड परीक्षा, 16 से 30 दिसंबर तक एग्जाम कराने का निर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद(सीबीएसई) ने प्री-बोर्ड परीक्षा के लिए टाइम टेबल जारी कर दिया है। सीबीएसई ने सभी विद्यालयों को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्री-बोर्ड परीक्षाएं 16 दिसंबर से 30 दिसंबर तक कराने का निर्देश दिया है। प्री-बोर्ड परीक्षा बदले हुए पैटर्न से कराई जाएंगी, ताकि परीक्षार्थियों को मुख्य परीक्षा में किसी तरह की बाधा न हो।
साल 2020 में होने वाली 10वीं और 12वीं की परीक्षा में बदले हुए पैटर्न से प्रश्न आएंगे। सीबीएसई ने इस बार के सत्र से सिलेबस व मार्किंग का पैटर्न बदला है। इस वर्ष हर एक विषय में 20 अंकों के ऑब्जेक्टिव प्रश्न पूछे जाएंगे। साथ ही मूल्यांकन भी नए पैटर्न से होगा।
सीबीएसई ने विद्यार्थियों की सहायता के लिए नए पैटर्न का सैंपल पेपर वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। विद्यालयों को नए पैटर्न से तैयारी कराने का भी निर्देश दे दिया है। हर दिन सभी विद्यालयों में अपलोड विषयवार सैंपल विद्यार्थियों से हल भी कराए जा रहे हैं ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए तैयार किया जा सके।
बोर्ड ने प्री-बोर्ड की परीक्षाएं विद्यालयों को दो शिफ्टों में से किसी एक शिफ्ट में अपनी सुविधानुसार कराने का निर्देश दिया है। सुबह की शिफ्ट में सुबह साढ़े 9 से दोपहर साढ़े बजे और ईवनिंग शिफ्ट में दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक प्री-बोर्ड परीक्षाएं कराई जा सकती हैं। बोर्ड की तर्ज पर परीक्षार्थियों को प्री-बोर्ड में भी 15 मिनट पहले प्रश्नपत्र दिए जाएंगे ताकि लिखने से पहले वह सवालों को समझ सकें।
प्रैक्टिकल एक जनवरी से
सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं के प्रैक्टिकल एक जनवरी 2020 से सात फरवरी तक कराने का निर्देश दिया है। प्रैक्टिकल में एक बाहरी और एक विद्यालय के परीक्षक होंगे। वहीं एक पर्यवेक्षक बोर्ड द्वारा भी नियुक्त किया जाएगा।
मुख्य परीक्षाएं 15 फरवरी से प्रस्तावित
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड की परीक्षाएं 15 फरवरी से प्रस्तावित हैं। 10वीं व 12वीं की परीक्षाएं 30 मार्च तक चलेंगी।