यूपी: दो सगी नाबालिग बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म, दस दिन में कई बार दिया वारदात को अंजाम
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में दो सगी नाबालिग बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दोनों आरोपी पिछले दस दिनों से किशोरियों के साथ दुष्कर्म करते आ रहे थे। डर के मारे पीड़िताओं ने अपने परिवार वालों को जानकारी नहीं दी। बाहर नौकरी करने वाली उनकी बहन जब घर आई तो पीड़िताओं ने उसे आपबीती बताई।
इसके बाद पीड़ित बहनों के चाचा ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। दोनों बहनों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मधुबन थाने के एक गांव की नौ और दस वर्ष की दो सगी बहनें गांव में ही स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में पढ़ती हैं। आरोप है कि पिछले दस दिनों से स्कूल जाते समय गांव के ही दो युवक उनको जबरदस्ती खींचकर निर्जन स्थान में ले जाकर दुष्कर्म करते रहे। युवकों ने उन्हें किसी से इसकी चर्चा न करने धमकी भी दे रखी थी।
पीड़ित बहनों ने डर से किसी को कुछ नहीं बताया। बाहर रहकर नौकरी करने वाली उनकी बड़ी बहन जब घर पहुंची तो उससे उन्होंने आपबीती सुनाई। यह सुनते ही पूरा परिवार स्तब्ध रह गया। पीड़ित किशोरियों के चाचा की ओर से पुलिस को तहरीर देकर संबंधित धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया।
एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। वहीं जानकारी होने के बाद दूसरा आरोपी फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है। मधुबन के क्षेत्राधिकारी आरपी सिंह यादव ने बताया कि मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है और दूसरे की तलाश की जा रही है। पीड़िताओं को मेडिकल के लिए भेज दिया गया है।