यूपी: मऊ से लापता ई-रिक्शा चालक का शव बलिया में मिला, हत्या की आशंका; दोस्तों की बात सुन सभी हैरान
मधुबन से पांच दिन से लापता ई-रिक्शा चालक रणजीत कुमार (40) का शव बृहस्पतिवार को उभांव क्षेत्र के इंदौली नहर में मिला। दोस्तों ने पुलिस को बताया कि नहर के पास पहुंचने पर रणजीत अचानक पानी में कूद गया था। हालांकि, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने तीन दोस्तों को हिरासत में लिया है।
विस्तार
बलिया में उभांव थाना क्षेत्र के इंदौली गांव के पास नहर में बृहस्पतिवार को पांच दिन से लापता ई-रिक्शा चालक रणजीत कुमार (40) का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मऊ के मधुबन थाना क्षेत्र के लिलहवा धर्मपुर निवासी रणजीत 18 सितंबर की शाम सुग्गी चौरी स्थित अंडे की दुकान पर दोस्तों के साथ गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों की सूचना पर मधुबन पुलिस ने गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू की थी।
मधुबन पुलिस ने रणजीत के साथ मौजूद दोस्तों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि बाइक से जुड़े करीब 22 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर रणजीत को बेल्थरारोड ले जाया गया था। रणजीत की बाइक मरम्मत के लिए मैकेनिक के पास थी, जिस पर करीब 22 हजार रुपये खर्च आया था। परिजनों के अनुसार, उसे बाइक छुड़ाने की बात कहकर घर से बुलाया गया था।
दोस्तों ने पुलिस को बताया कि इंदौली नहर के पास पहुंचने पर रणजीत अचानक नहर में कूद गया। हालांकि, परिजनों ने दोस्तों के इस बयान पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई। पुलिस को मामला संदिग्ध लगने पर तीन दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। उनकी निशानदेही पर इंदौली नहर में रणजीत की तलाश शुरू कराई गई।
मधुबन और उभांव पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम ने नहर में तलाश अभियान चलाया। करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद रणजीत का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलते ही मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजन शव देखकर रोते-बिलखते रहे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मऊ भेज दिया।
हिरासत में लिए गए तीनों संदिग्धों से पुलिस पूछताछ कर रही है। उभांव थानाध्यक्ष दिनेश पाठक ने बताया कि मामले में मधुबन थाने में प्राथमिकी दर्ज है। शव को मधुबन पुलिस अपने साथ ले गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।