Board Exam: गोपनीयता व सुरक्षा मानकों का उल्लंघन, खुले में केंद्रों पर गईं कॉपियां; तैयारियां तेज
Varanasi News: कॉपियों को केंद्रों तक पहुंचाने को लेकर बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उत्तर पुस्तिकाओं को सीलबंद बंडलों में बंद वाहनों से केंद्रों तक पहुंचाया जाए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Board: बोर्ड परीक्षाओं की गोपनीयता और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। सोमवार को जिले के 40 परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड की कॉपियां ले जाई गईं। इसमें बड़ी लापरवाही देखने को मिली। उत्तर पुस्तिकाएं खुले में रिक्शे और बाइक के जरिये ले जाती देखी गईं, जो बोर्ड की ओर से तय सुरक्षा मानकों के बिल्कुल विपरीत है। तीन दिन में 117 केंद्रों पर कॉपियां लाई जाएंगी। सोमवार को अमर उजाला की पड़ताल में केंद्र व्यवस्थापकों की बड़ी लापरवाही सामने आई। कोई बाइक से कोई ऑटो से तो कोई ई-रिक्शे पर कॉपियां ले जाते दिखा।
यूपी बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज को जिले का कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहीं से कॉपियां और पेपर सभी केंद्रों पर भेजे जाएंगे। इस क्रम में सभी केंद्रों पर सोमवार से कॉपियां भेजी गईं।
इसके बावजूद कई केंद्रों पर कॉपियां बिना किसी सुरक्षा घेरे के आम रास्तों से ले जाई गईं। खुले में ले जाई गईं कॉपियों से न केवल गोपनीयता भंग होने का खतरा है, बल्कि उनके बदलने, क्षतिग्रस्त होने या छेड़छाड़ की आशंका भी बनी रहती है। यदि किसी भी स्तर पर उत्तर पुस्तिकाओं के साथ गड़बड़ी होती है, तो इसका सीधा असर छात्रों के अंकों और भविष्य पर पड़ेगा।
प्रतिदिन 40 केंद्रों पर भेजी जाएंगी कॉपियां
पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुमीत श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के 117 बोर्ड केंद्रों पर कॉपियां तीन दिनों में पहुंचाई जाएंगी। इसमें प्रतिदिन 40 केंद्रों पर कॉपियां भेजी जाएंगी। इसकी निगरानी के लिए जिले के 4 शिक्षकों की तैनाती भी की गई है। सोमवार को 31 केंद्रों पर कॉपियां भेजी गईं।
जिले में 90298 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
जिले में इस बार बोर्ड परीक्षा में 90298 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इसमें हाईस्कूल में 46074 और इंटरमीडिएट मं 44218 छात्र हैं। सभी 117 केंद्रों पर कुल 90298 कॉपियां भेजी जाएंगी। 10 फरवरी से पेपर भेजने की कार्रवाई प्रारंभ होगी। पेपर सील होंगे जो परीक्षा से 15 मिनट पूर्व ही खोले जाएंगे।
केंद्रों पर सील बंद और पैक वाहनों से कॉपियों को केंद्रों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। अगर कॉपियां खुले में जा रहीं तो यह गलत है। इसकी जांच कराएंगे। - भोलेंद्र प्रताप सिंह, डीआईओएस