BJP की यूपी टीम की घोषणा: दिलीप सिंह पटेल काशी के नए क्षेत्रीय अध्यक्ष, तीन अन्य बने प्रदेश मंत्री
भाजपा की प्रदेश टीम में बनारस का दबदबा है। दिलीप सिंह पटेल को भाजपा काशी क्षेत्र का नया अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं वाराणसी के शंकर गिरी और मीना चौबे को प्रदेश मंत्री, मनीष कपूर को प्रदेश का कोषाध्यक्ष पद बनाया गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी नई टीम की घोषणा की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने शनिवार को पदाधिकारियों और क्षेत्रीय अध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। भाजपा की प्रदेश टीम में बनारस का दबदबा है। दिलीप सिंह पटेल को भाजपा काशी क्षेत्र का नया अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं वाराणसी के शंकर गिरी और मीना चौबे को प्रदेश मंत्री, मनीष कपूर को प्रदेश का कोषाध्यक्ष पद बनाया गया है।
काशी क्षेत्र में गाजीपुर से संजय राय को प्रदेश महामंत्री, मऊ की शकुंतला चौहान को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। भाजपा की संगठन लिस्ट में जातीय समीकरण पर जोर दिया गया है। नई टीम में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन को साधा गया है।
भाजपा के काशी क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संसदीय सीट भी है। इसलिए भाजपा के लिए काशी क्षेत्र हर मायने में बहुत खास है। संगठन से जुड़े लोगों का कहना है कि काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष के चयन में सोशल इंजीनियरिंग का विशेष ध्यान रखा गया है।
दिलीप सिंह पटेल के बारे में जानिए
बीते डेढ़ दशक से सुंदरपुर क्षेत्र में रहने वाले भाजपा के काशी क्षेत्र के नए क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल मिर्जापुर जिले के चुनार क्षेत्र के मगरहा गांव के मूल निवासी हैं। वो भाजपा के मिर्जापुर जिले के उपाध्यक्ष और काशी क्षेत्र के मंत्री रह चुके हैं। वर्ष 2018 से वह लगातार दो बार भाजपा के काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष रहे। क्षेत्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद दिलीप सिंह पटेल ने कहा कि हमारा परिवार जन्मजात भाजपाई है।
सक्रिय रूप से वह राम मंदिर आंदोलन के समय शिला पूजन के दौरान भाजपा से जुड़े थे। इसके बाद भाजपा के लिए बूथ और मंडल स्तर पर काम किए। 2022 के लोकसभा चुनाव के दौरान दिलीप सिंह पटेल काशी क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभाओं के प्रभारी रहे। इसके अलावा वह भाजपा के लिए पंचायत चुनाव के संयोजक का भी काम कर चुके हैं।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दी बधाई
भाजपा के काशी क्षेत्र के नए अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल के नाम की घोषणा होते ही पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों को बधाई देने वालों में भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा, निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश सिंह, टी. राम, नीलरतन पटेल नीलू व सुनील पटेल, विधान परिषद सदस्य अशोक धवन, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, अशोक चौरसिया, नवरतन राठी, नवीन कपूर, प्रभात सिंह, जगदीश त्रिपाठी, संजय सोनकर, प्रवीण सिंह गौतम शामिल रहे।