Varanasi: भाजपा नेता हत्याकांड का 14वां आरोपी गिरफ्तार, खून लगा डंडा बरामद, अब भी तीन आरोपी फरार
वाराणसी के सिगरा क्षेत्र में 12 अक्तूबर की रात भाजपा नेता पशुपति नाथ सिंह (71) की घर के बाहर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। शराब पीकर विवाद करने वाले युवकों ने टोकने पर वारदात को अंजाम दिया था। अबतक कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा नेता पशुपति नाथ सिंह की हत्या में वांछित 20 हजार के इनामी बदमाश को सिगरा पुलिस ने रोडवेज बस स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। कब्जे से खून लगा डंडा भी पुलिस ने बरामद किया। इस हत्याकांड में अब भी तीन आरोपी फरार हैं। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
सिगरा इंस्पेक्टर राजू सिंह के अनुसार गिरफ्तार चंदुआ छित्तूपुर का रहने वाला अनुज सरोज उर्फ बाबू है। पुलिस की पूछताछ में अनुज ने बताया कि वह 307 नंबर गैंग का सदस्य है। 12 अक्तूबर को व्हाट्सएप पर सूचना मिलने पर साथियों के संग जयप्रकाश नगर कॉलोनी में शराब ठेके के पास पहुंचा था।
जहां, राजकुमार सिंह से विवाद के बाद डंडे से हमला किया और अधमरा कर छोड़ा। इसके बाद दरवाजे पर खड़े पशुपति नाथ सिंह गाली गलौज किया तो उन पर टूट गए। डंडे से हमला किया गया। लहूलुहान होने पर अचेतावस्था में पिता-पुत्र को छोड़ फरार हो गए थे। चंदुआ छित्तूपुर के रहने वाले अधिकतर लड़के बाइक से मारपीट करने पहुंचे थे। सिगरा इंस्पेक्टर के अनुसार वारदात को अंजाम देने वाले सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। 20-20 हजार के तीन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस टीमें दबिश दे रही है।
आरोप- निर्दोष लोगों को भी फंसा रही पुलिस
भाजपा नेता की हत्या में आरोपियों की गिरफ्तारी का परिजनों ने विरोध किया है। हत्यारोपियों के परिजनों का आरोप है कि हत्या में शामिल आरोपियों के साथ ही परिवार के सभी सदस्यों की गिरफ्तारी की जा रही है। चंदुआ के रहने वाले परिजनों का आरोप है कि घटना के दोषियों को सजा मिलनी चाहिए लेकिन जो निर्दोष हैं, उन्हें भी सिगरा पुलिस जबरन फंसा रही है।
एक परिवार के सभी सदस्यों को जेल भेज दिया गया। जबकि घटना में सिर्फ एक सदस्य के शामिल होने का मामला सामने आया था। सिगरा पुलिस ने लड़के, उसके पिता, भाई समेत जेल भेज दिया। घर में सिर्फ महिलाएं हैं।