एक क्लिक में वाराणसी की चर्चित खबरें : छह घंटे बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित, नाबालिग को भगाने वाला आरोपी अरेस्ट
वाराणसी के मंडुवाडीह में बिजली संबंधित कार्यों के कारण छह घंटे तक आपूर्ति बाधित रहेगी। वहीं, फूलपुर पुलिस ने नाबालिग युवती के अपहरण के आरोपी युवक को बुधवार गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
मंडुवाडीह क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य, बिजली के पोल, तार से संबंधित कार्य को लेकर बुधवार रात 11 बजे से गुरुवार सुबह पांच बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। जिसकी वजह से टाउन प्रथम और टाउन द्वितीय, ब्लॉक रोड, लहरतारा क्षेत्र में छह घंटे बिजली नहीं रहेगी।
चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र में ट्रिपिंग होने की वजह से दिन में चार बार दस-दस मिनट के लिए बिजली कटी। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं चितईपुर में बिजली की आवाजाही जारी रही।
पुलिस और जनता के बीच बनाएं सामंजस्य
छात्र-पुलिस अनुभवात्मक अधिगम कार्यक्रम (फेज-2) के अंतर्गत छात्रों को पुलिस मीडिया सेल, डॉयल 112 कंट्रोल रुम, फायर स्टेशन, महिला थाना, स्थानीय अभिसूचना इकाई का भ्रमण कराया गया। पुलिस और जनता में सामंजस्य बनाने और उनकी समस्या निवारण के सुझाव, पुलिस की अच्छी छवि बनाने के लिए वीडियो बनाने की जानकारी दी।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशन में हो रहे 30 दिवसीय कार्यक्रम में कमिश्नरेट के कुल 9 थानों पर 30 दिवसीय प्रशिक्षण हुआ। इसका उद्देश्य कानून और आपराधिक प्रक्रिया, आपराधिक अनुसंधान, यातायात नियत्रंण, साइबर क्राइम, मानव तस्करी और कानून-व्यवस्था जैसे विषयों पर प्रशिक्षण इंटर्न के रूप देना था। कार्यक्रम थाना कैंट, सिगरा, मंडुवाडीह, लंका, भेलूपुर, चितईपुर, चेतगंज, चौबेपुर, कोतवाली पर चलाया गया।
कैंट से भेजा गया पांच एमटी रैक, औड़िहार स्पेशल गई महाकुंभ
प्रयागराज के लिए कैंट स्टेशन से पांच एमटी रैक रवाना किया गया। वहीं, रात आठ बजे औड़िहार स्पेशल श्रद्धालुओं को लेकर प्रयागराज गई। रात में आरपीएफ, जीआरपी, आरपीएसएफ और सीआरपीएफ प्रयागराज से लौटने वाली ट्रेनों के यात्रियों को सकुशल बाहर निकालने में लगे रहे।
अधिक किराया वसूली में लिप्त ऑटो चालकों पर होगी कार्रवाई
श्रद्धालुओं से अधिक वसूली में कुछ ऑटो चालकों की करतूत की वजह से पूरे ऑटो चालकों को बदनाम होना पड़ रहा है। ऑटो रिक्शा चालक यूनियन के अध्यक्ष भगवान सिंह ने कहा कि यदि कोई ऑटो चालक अधिक किराया वसूल रहा है तो उसकी शिकायत करें और साथी ऑटो चालक भी नजर रखें। अधिक किराया वसूली मामले में कार्रवाई की जाएगी।
अस्सी घाट से लेकर केदारघाट और गुलेरिया घाट पर स्नान कर रहे लोगों नाविकों ने 100-100 रुपये में विश्वनाथ मंदिर पहुंचाने का झांसा दिया। फिर सिंधिया या दशाश्वमेध घाट पर ही उतार दिया। वहीं, कई लोगों को मणिकर्णिका घाट पर उतारा तो उन्हें फिर एक किलोमीटर पैदल चलकर त्रिपुरा भैरवी तक आना पड़ा और फिर मंदिर की कतार में लगे। क्योंकि विश्वनाथ मंदिर के गंगा द्वार पर नावों के आने पर प्रतिबंध था।
वहीं, गुलेरिया घाट पर कुछ नाविक नमो घाट केे लिए प्रति सवारी 700 रुपये और विश्वनाथ मंदिर के 500 रुपयों की मांग कर रहे थे। जबकि सरकारी रेट 375 रुपये है। ऐसी ही स्थिति कई दूसरे घाटों पर भी देखने को मिली। अस्सी घाट पर तो किनारों पर नावों के खड़े होने से श्रद्धालुओं को गंगा स्नान में बड़ी दिक्कत उठानी पड़ी।
जान से मारने की धमकी के आरोप में तीन पर केस
गौतम ग्रीन अपार्टमेंट गिलट बाजार निवासी अनीता सिंह की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ जान से मारने की धमकी के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। अनीता सिंह ने तहरीर में बताया की 25 जनवरी को संपूर्ण थाना दिवस में एसीपी के सामने समझौता हुआ था।
28 जनवरी को प्लॉट पर काम करा रहे थे। इसी दौरान वीरेंद्र, उसकी पत्नी व एक अज्ञात वहां आए। तीनों ने काम बंद करने को कहा। मना करने पर जान से मारने की दी। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
कार की टक्कर से बाइक सवार तीन घायल
मिर्जामुराद कस्बा के राने चट्टी के पास बुधवार को वाराणसी की तरफ जा रही कार ने एक बाइक में टक्कर मार दी। इस बाइक सवार 3 लोग घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद की पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं, घटना के बाद चालक वाहन समेत वाराणसी की तरफ फरार हो गया।
अमेरिकी चित्रकार मार्टिनी ने लाइव पेंटिंग में उकेरी गंगा आरती, मसान घाट
कैनवास पर दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती, घाटों पर ढलती शाम और मसान घाट के जीवन के चक्र को बखूबी उकेरा गया। बीएचयू के दृश्य कला संकाय में छात्रों की पेंटिंग कार्यशाला के तीसरे दिन अमेरिका की चित्रकार हाना मार्टिनी पहुंचीं। उन्होंने बनारस के घाटों की लाइव पेंटिंग की। घाटों की शाम और भव्य गंगा आरती को अपने कैनवास में उकेरा।
बीएचयू के प्रो. सुरेश के नायर के मार्गदर्शन में इंटर्नशिप कर रहीं हाना मार्टिनी ने गंगा आरती को अपना विषय बनाया है। असिस्टेंट प्रोफेसर सुनील पटेल ने तुलसी घाट और अस्सी घाट की चहल-पहल को कैनवास पर उतारा। उदयपुर से आए प्रो. हेमंत द्विवेदी ने घाटों के रात के दृश्य को उकेरा।
प्रो. विजय सिंह ने मसान घाट मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र में जीवन-मरण का चक्र पेंटिंग के जरिये समझाया। लखनऊ के वरिष्ठ कलाकार अवधेश मिश्र ने कालभैरव को काशी के रक्षक के रूप में दिखाया। कुरुक्षेत्र के प्रो. राम विरंजन ने गलियों में खड़े सांड (नंदी) और धंसते घाटों का बखूबी चित्रण किया है। संकाय प्रमुख डॉ. उत्तमा दीक्षित ने बताया कि यह कार्यशाला 2 फरवरी तक दर्शकों के लिए चलती रहेगी।
महिला का पर्स छीनकर भागे, पुलिस ने 10 मिनट में पकड़ा
आदमपुर थाने की पुलिस ने बुधवार को एक महिला का पर्स छीनने वाले दो बदमाशों को 10 मिनट में पकड़ लिया। महिला बिहार की रहने वाली थी और भदऊचुंगी के सेवई मंडी में रिश्तेदार के घर आई थी। पुलिस ने पर्स मिलने पर पुलिस की प्रशंसा की। प्रह्लाद घाट पुलिस पिकेट पर आदमपुर चौकी इंचार्ज रामबली यादव, हेड कांस्टेबल प्रद्युम्न और संतोष मौर्य के साथ ड्यूटी पर तैनात थे।
महिला ने बताया कि उनका पर्स छीनकर दो युवक भाग गए हैं। चौकी प्रभारी ने आसपास के सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद घेराबंदी कर प्रह्लाद घाट की ओर जाने वाले मार्ग से दो युवकों को पकड़ लिया। महिला के पर्स में 2750 रुपये, सोने की चेन और मोबाइल फोन था। चौकी इंचार्ज ने बताया कि दोनों युवकों को आदमपुर थाने भिजवाया गया है। दोनों पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रयागराज रूट पर सिटी की 110 बसें, शहर के लिए 10 बस की शटल सेवा शुरू
महाकुंभ में हादसे के बाद कैंट रोडवेज बस स्टेशन पर सुबह में प्रयागराज रूट पर बस सेवा रोक दी गई। दोपहर 12 बजे तक बसें नहीं जा सकी। हाइवे पर लंबा जाम होने के कारण बसों को रोक दिया गया।
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दोपहर 12 बजे के बाद 15 से 20 मिनट के अंतराल पर बसें जानी शुरू हुईं। इन बसों को भदोही रूट से निकाला गया। उधर, मोहनसराय और हरहुआ अस्थाई बस अड्डे में पहले से संचालित 40-40 बसों के अलावा 15-15 सिटी बसें और भेजी गईं। अकेलवा-चांदपुरा चौराह के बीच 10 सिटी बसों की शटल बस सेवा शुरू की गई।
रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि प्रयागराज के लिए रोजना 350 बसें संचालित हो रही थीं। लेकिन प्रयागराज सीमा पर वाहनों को रोके जाने के बाद बसें भी सुबह में रोक दी गईं। बाद में स्थिति समान्य होने के बाद बसों को भेजने का क्रम शुरू हुआ।
अन्य रूटों पर भी बसें संचालित की गईं। क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज की 110 बसें मोहनसराय और हरहुआ अस्थाई बस अड्डे पर लगाई गईं है। वहीं, अकेलवा-चांदपुर चौराहा तक 10 बस की शटल सेवा शुरू की गई है।
नाबालिग को भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार
फूलपुर पुलिस ने नाबालिग युवती के अपहरण के आरोपी युवक को बुधवार गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। नाबालिग युवती के पिता ने पुलिस को तहरीर दी थी कि 24 जनवरी को गांव का युवक उनकी बेटी को बहला फुसलाकर भगा ले गया। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रामपुर अंडरपास के पास से अभियुक्त सूरज पटेल को गिरफ्तार कर लिया। दरोगा रितेश कुमार ने बताया कि नाबालिग की दो दिन पहले बरामदगी हो चुकी है।
श्रद्धालुओं में अधिवक्ताओं ने वितरित किया अल्पाहार
सेल्स टैक्स ऑफिस चेतगंज के पास कर अधिवक्ताओं ने बुधवार को महाकुंभ से आए श्रद्धालुओं में अल्पाहार वितरित किया। इस दौरान सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव विनय कांत मिश्रा, महामंत्री उमेश कुमार सिंह, नागेश्वर सिंह, अमित कुमार राय, सुमित कुमार जायसवाल, अमरेश कुमार पांडेय आदि रहे।
ट्रक चालक की लापरवाही से बिजली के दो खंभे टूटे, केस दर्ज
रोहनिया थाना क्षेत्र के कादीपुर में ट्रक चालक की लापरवाही से दो बिजली के खंभे टूट गए। जिसकी वजह से काफी क्षति हुई और बिजली व्यवस्था भी प्रभावित रही। बिजली विभाग के अवर अभियंता रोहित कुमार की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रोहनिया थाने में केस दर्ज किया गया। 11 केवी के एचटी और एलटी लाइन के दो खंभे और तार क्षतिग्रस्त हुए हैं।
गोष्ठी में दी गई चिकित्सीय लाभ की जानकारी
बरेका के राजभाषा विभाग की ओर से सेवानिवृत्ति के उपरांत वित्तीय एवं चिकित्सीय लाभ विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ। बरेका के प्रबंधक नरेश पाल सिंह के निर्देशन में कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
गोष्ठी में वरिष्ठ अनुभाग अधिकारी घनश्याम दुबे ने पेंशन, पारिवारिक पेंशन, ग्रेच्युटी, भविष्य निधि और अवकाश नगदीकरण से संबंधित वित्तीय लाभ के बारे में जानकारी दी। वहीं मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ अमित गुप्ता ने कर्मचारियों को मिलने वाले चिकित्सीय लाभ के बारे में बताया।
गोष्ठी में मुख्य यांत्रिक इंजीनियर, सर्विस इंजीनियरिंग नीरज जैन, मुख्य सामग्री प्रबंधक आशीष कुमार अग्रवाल, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर डीजल प्रवीण कुमार, मुख्य गुणवत्ता आश्वासन प्रबंधक राम जन्म चौबे और उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर एस.के.सिंह सहित सभी अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे। गोष्ठी का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी डॉ संजय कुमार सिंह ने किया।
गंगा आरती में महाकुंभ में मरे श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति के लिए किए दीपदान
महाकुंभ में हुए हादसे में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती हुई। गंगा सेवा निधि की ओर से आरती में अर्चकों ने आरती में मृत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। अर्चकों व श्रद्धालुओं ने दो मिनट का मौन रखकर नमन किया। साथ ही मां गंगा में दीपदान किया। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव हनुमान यादव आदि रहे।
घर से लापता युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला
चोलापुर थाना क्षेत्र के रामपुर खुटहा का रहने वाला धेनू सोनकर पिछले पांच दिनों से गायब था। परिवार वाले खोजबीन कर रहे थे, लेकिन जानकारी नहीं मिल पाई। मंगलवार को सूचना मिली कि कृष्णानगर चट्टी के सामने रेलवे ट्रैक पर किसी युवक की लाश पड़ी है। परिजनों की निशानदेही पर धेनू सोनकर की पहचान हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
दो ई-रिक्शा वाहनों की बैटरी चोरी
शिवपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर में बाउंड्रीवॉल के अंदर खड़े दो ई-रिक्शा की बैटरी मंगलवार रात चोरी हो गई। संतोष सेठ, नारायण गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी। मां वैष्णो कॉलोनी कठवतिया में अधिवक्ता दीपक कुमार श्रीवास्तव के घर से चोरों ने 70 हजार नगद समेत 4 लाख की कीमती आभूषण चोरी कर लिए।
कांग्रेसियों ने जताई संवेदना, चौरामाता मंदिर में किया दीपदान
महाकुंभ में हुए हादसे पर कांग्रेसियों ने संवेदना जताई। तेलियाबाग स्थित चौरा माता मंदिर में मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और मंदिर में दीपदान किया।
जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल व महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे कहा कि बदइंतजामी और आम श्रद्धालुओं की जगह वीआईपी मूवमेंट पर प्रशासन का विशेष ध्यान होने के कारण ऐसा हुआ है। इस दौरान आशीष गुप्ता छांगुर, सतनाम सिंह, दिलीप चौबे, रंजीत तिवारी, पीयूष श्रीवास्तव, अब्दुल हमीद डोडे, विनय जैसवाल, कैलाश पटेल, हाजी इस्लाम, अंकित गुप्ता, मनोज विश्वकर्मा, रवि यादव समेत अन्य मौजूद रहे।
एजेंसी की वजह से स्मार्ट सिटी को हो रहा था छह लाख का नुकसान
शहर के दो पार्किंग से हर महीने 10 लाख रुपये कमाने वाली संस्था श्रेया एजेंसी की वजह से स्मार्ट सिटी को छह लाख का चूना स्मार्ट सिटी को लग रहा था। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने अनुबंध निरस्त करने का नोटिस दिया था।
एजेंसी प्रतिमाह चार लाख का भुगतान कर रही थी, लेकिन खुद 10 लाख रुपये की वसूली पार्किंग से कर रही थी। साथ ही नियमों को दरकिनार करने का आरोप एजेंसी पर लगा है। अब दूसरी एजेंसी से अनुबंध किया जाएगा। इसके पूर्व की कार्रवाई को अमली जामा पहनाया जा रहा है।
चौकाघाट फ्लाईओवर के नीचे बने नाइट मार्केट, शहर की दो पार्किंग बेनियाबाग, टाउनहॉल और एक टाउनहॉल पार्क का संचालन करने वाली श्रेया एजेंसी का अनुबंध निरस्त करने के लिए प्राथमिक नोटिस दिया गया है। जिसकी मियाद बृहस्पतिवार को खत्म होगी।
नाइट मार्केट को हटाकर यहां पर हरियाली बढ़ाई जाएगी। रेलवे और रोडवेज से आने वाले यात्रियों के बैठने के लिए कुछ बेंच भी लगाए जाएंगे। डिजाइन बनवाई जा रही है। वेंडर्स को आसपास के वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया जाएगा। कार्ययोजना बनाई जा रही है। आने वाले दिनों में होने वाली बैठक में फैसला लिया जाएगा।
सपा नेताओं ने मृत श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना
प्रयागराज महाकुंभ में हुए हादसे में श्रद्धालुओं की मौत पर सपा ने दुख जताया है। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ और महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने कहा कि घटना के लिए मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। उन्होंने परिजनों को एक करोड़ का मुआवजा देने की मांग की। साथ ही भगदड़ में घायलों के निशुल्क इलाज की मांग उठाई।
सयुस के प्रदेश महासचिव किशन दीक्षित ने घटना के लिए कुप्रबंधन, बदइंतजामी और आम श्रद्धालुओं की जगह अतिविशिष्ट नेताओं पर ध्यान देने को जिम्मेदार बताया। लहुराबीर आजाद पार्क में संदीप मिश्रा व राहुल गुप्ता ने श्रद्धांजलि देने के बाद दो मिनट का मौन रखा। सभा में रविकांत विश्वकर्मा, राहुल यादव, संदीप यादव, अनिल यादव, अर्पित अग्रहरि रहे। सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने गंगा स्नान कर घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
श्रद्धालुओं के वाहनों से पटे विश्वविद्यालयों के खेल मैदान
महाकुंभ के पलट प्रवाह की वजह से काशी में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। शहर के विश्वविद्यालयों के खेल मैदान में पार्किंग बनवाई गई है। बुधवार की शाम तक संस्कृत विश्वविद्यालय और काशी विद्यापीठ के खेल मैदान वाहनों से पट गए हैं। नहाने, पूजा करने के बाद यहां श्रद्धालु परिवार के साथ पहुंच रहे हैं। बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं की सेवा की।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आने वाली गाड़ियों की वजह से जाम न लगे, इस वजह से प्रशासन ने जगह-जगह पार्किंग बनवाई गई है। संस्कृत विश्वविद्यालय में बुधवार दोपहर तक 150 से अधिक चार पहिया वाहन खड़े थे जबकि 100 से अधिक गाड़ियों को काशी विद्यापीठ में पार्क कराया गया था।
काशी विद्यापीठ में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ध्यानेंद्र कुमार मिश्र, डॉ. बालरूप यादव के साथ स्वयंसेवकों ने खेल मैदान मौजूद लोगों की सेवा की। इस बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने जिला प्रशासन से परिसर में बायो टॉयलेट की व्यवस्था करवाने को कहा है।
कुंभ स्पेशल ट्रेनों को दिया रास्ता, प्लेटफॉर्म नंबर 4 से चली वंदे भारत
महाकुंभ हादसे के बाद कैंट स्टेशन पर अधिकतर कुंभ स्पेशल ट्रेनों को प्लेटफाॅर्म संख्या एक-दो से गुजारा गया। दोपहर तीन बजे प्लेटफाॅर्म संख्या एक से रोजाना संचालित होने वाली 22435 वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस बुधवार को प्लेटफाॅर्म संख्या चार से चलाई गई। प्लेटफाॅर्म बदलने की सूचना के दौरान यात्रियों को परेशानियां भी हुईं। क्योंकि एहतियातन दो दिन से स्टेशन के सभी एस्केलेटर और लिफ्ट बंद थे।
नो व्हीकल जोन बना स्टेशन का पिक एंड ड्राॅप एरिया
भीड़ को देखते हुए सर्कुलेटिंग एरिया में पिक एंड ड्रॉप एरिया को नो व्हीकल जोन कर दिया गया। आरपीएफ, सीआरपीएफ और जीआरपी ने पार्सल गेट पर ही वाहनों को रोक दिया। वहीं, नि:शुल्क कार पार्किंग एरिया से पिक एंड ड्रॉप एरिया में वाहनों को नहीं आने दिया गया। स्टेशन स्थित द्वितीय प्रवेश द्वार की पार्किंग से सिटी की ई-बसें भी संचालित की गईं।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्कूल 5 फरवरी तक बंद
महाकुंभ के कारण शहर में बढ़ी भीड़ के मद्देनजर ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों को भी 5 फरवरी तक बंद कर दिया गया है। अब सभी विद्यालयों में पांच फरवरी तक ऑनलाइन कक्षाएं चलेंगी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद पाठक ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर 25 जनवरी को शहर में जाम की समस्या को देखते हुए नगर क्षेत्र के सभी विद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाएं संचालन के लिए कहा गया था। बुधवार को शहर के बाहर भी भीड़ और जाम की समस्या को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में भी ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का निर्देश दिया गया है।
काशी चाट भंडार के विक्रेता को चेतावनी, दुकान पर भीड़ न लगे
जिलाधिकारी एस. राजलिंगम और अपर पुलिस कमिश्नर एस. चिनप्पा बुधवार देर शाम गिरजाघर, गोदौलिया पर निरीक्षण करने पहुंचे। काशी चाट भंडार पर भीड़ देख विक्रेता को निर्देश दिए कि अनावश्यक भीड़ न लगाएं। नहीं तो कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि लोगों को खाने के पैकेट पार्सल कराए और सामान लेकर जाने के लिए कहें। पिछले सप्ताह अपर पुलिस कमिश्नर भी चेतावनी दे चुके थे, लेकिन उसका कोई असर यहां दिखाई नहीं देता है। डीएम ने आवश्यक सहयोग के लिए श्रद्वालुओं से कतारबद्ध चलने की अपील की। नगर आयुक्त को गोदौलिया चौराहे पर बड़ा डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगवाने का निर्देश दिया। पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि अनावश्यक भीड़ न लगे।
ऑटो और कार की टक्कर, कई लोग घायल
रामनगर थाना क्षेत्र में राजघाट पुल पर बुधवार को एक ऑटो और कार के बीच टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो चालक सहित कई महिलाएं घायल हो गईं। इसी दौरान एक टोटो भी पलटने से बचा गया। ऑटो चालक रामपूजन साहनी से सवारी लेकर पड़ाव से गोलगड्डा जा रहे थे।
मालवीय पुल की तरफ से आ रही कार ने टक्कर मार दी। सूचना पर सुजाबाद चौकी इंचार्ज अश्वनी कुमार राय, एसआई शिवम सोनी और ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को नजदीकी चिकित्सालय में भेजा। जानकी, सुनीता, काजल थाना लालपुर पांडेयपुर के नईबस्ती निवासी को हल्की चोट आई है।
नगर आयुक्त ने महाकुंभ की व्यवस्थाओं का जाना हाल
महाकुंभ की व्यवस्थाओं का बुधवार को नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया। पार्किंग स्थल हरहुआ, छोटा कटिंग मेमोरियल, संपूर्णानंद, काशी विद्यापीठ में साफ-सफाई के साथ वाटर टैंकर की व्यवस्था की गई। मोबाइल टॉयलेट और प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित रखने को कहा।
इसी क्रम में मैदागिन, टाउनहॉल, मैदागिन चौराहा होते हुए विश्वनाथ मंदिर, विश्वनाथ मंदिर से गोदौलिया चौराहा, गोदौलिया चौराहा, गिरजाघर चौराहा मार्गों की सफाई व्यवस्था देखी। नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहेंगे। सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं।
युवक की पिटाई करने पर पांच पर केस
लंका के काशीपुरम कॉलोनी में रहने वाले दीपक यादव की तहरीर पर पुलिस ने पिटाई के मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दीपक ने पुलिस को बताया कि बुधवार दोपहर को बीएचयू अस्पताल गया था। उसी समय अभिजीत सिंह बागी, नितेश राय अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ आया और डंडे व रॉड से हमला कर दिया। हमले में सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं। पुलिस ने अभिजीत सिंह बागी, नितेश राय सहित दिन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी।
एक सप्ताह में सत्यापन कर बांटे टैबलेट
सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में बुधवार को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना की बैठक की। सीडीओ ने स्मार्टफोन और टैबलेट्स के समय से वितरण के लिए निर्देशित किया। टैबलेट्स आवंटन के लिए पात्र विद्यार्थियों के आधार सत्यापन में धीमी प्रगति होने पर समस्त नोडल अधिकारी को विश्वविद्यालय/ बोर्ड से संबंधित हर संस्थान से प्रभावी अनुश्रवण कर आधार सत्यापन एक सप्ताह के अंदर करने को कहा।
छह पशु खरीदारों को मिला योजना का लाभ
सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में बुधवार को नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत गठित डिस्ट्रिक्ट एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक हुई। मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना में 2023-24 के लिए आवंटित लक्ष्य 76 के सापेक्ष 23-24 में 6 लाभार्थियों को अनुदान दिया गया।
वर्तमान वर्ष में 6 महिला लाभार्थियों ने पशु क्रय कर लिया है। 44 लाभार्थियों द्वारा लिखित रूप में पशु क्रय कर योजना का लाभ उठाने से मना कर दिया गया है। शेष 20 लाभार्थियों द्वारा पशु क्रय करने की स्थिति स्पष्ट नहीं की जा रही है।
कोर्ट के आदेश पर 354 ग्राम सोना हड़पने के आरोप में दो पर केस
अदालत के आदेश पर आदमपुर थाने में 354 ग्राम सोना हड़पने के आरोप में दो सगे भाइयों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। छित्तनपुरा निवासी सुनील कुमार ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। आरोप है कि लहरतारा निवासी महीप सिंह उर्फ नीलू और मनमोहन सिंह उर्फ टीपू सगे भाई हैं।
दोनों सोने का आभूषण बनाने का काम करते हैं। दोनों को 354 ग्राम सोना आभूषण बनाने के लिए दिया था। दोनों सोना हड़प कर बैठ गए। माल वापस मांगने पर गालीगलौज कर धमकी दी। सुनील कुमार की तहरीर पर आदमपुर थाने की पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो वह न्यायालय की शरण में गए। आदमपुर इंस्पेक्टर वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसएसई कृष्ण कुमार गुप्ता को दी गई है।
पार्किंग स्थलों पर यात्रियों के लिए बना रैन बसेरा
डीएम एस. राजलिंगम के निर्देश पर जगतपुर इंटर कॉलेज और मोहनसराय में बने अस्थायी पार्किंग क्षेत्र में रैन बसेरे बना दिए गए हैं। यहां चारपाई, बिस्तर, कंबल, पानी, बिजली और शौचालयों की व्यवस्था की गई है।
88 पूर्व सैनिकों को तीन महीने से वेतन का इंतजार
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल के साथ जिले के सरकारी अस्पतालों में तैनात 88 पूर्व सैनिकों को तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। पूर्व सैनिकों ने बताया कि सैनिक कल्याण निगम और सीएमओ ऑफिस के चक्कर लगाने के बाद भी वेतन कब मिलेगा कुछ पता नहीं है। अधिकारियों से वेतन दिलवाने की मांग की है।
बीएचयू अस्पताल में पति को किडनी डोनेट कर पत्नी देगी नया जीवन
आईएमएस बीएचयू में पिछले साल मई और नवंबर के बाद अब एक और मरीज का किडनी ट्रांसप्लांट बृहस्पतिवार को किया जाएगा। सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के ऑपरेशन थिएटर में पत्नी अपने पति को नया जीवन देगी। यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और एनेस्थीसिया विभाग की संयुक्त टीम प्रक्रिया पूरी कर रही है।
छठे तल पर यूरोलॉजी की ओटी में जिस दिन प्रत्यारोपण किया जाना होता है, उसके एक दिन पहले ही सभी तैयारियां पूरी हो जाती हैं। आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने बताया कि पति और पत्नी की जांच के साथ ही ट्रांसप्लांट करने वाली टीम भी तैयार है।
पीडीए को मुफ्त शिक्षा और स्वास्थ्य की जरूरत : सपा
ठठरा गांव में सपा की ओर से बुधवार को पीडीए पर सेक्टर प्रभारी कैलाश बिंद के आवास पर बैठक हुई। मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्र पटेल ने कहा कि पीडीए को मुफ्त शिक्षा मुफ्त स्वास्थ्य की आवश्यकता है।
जिला उपाध्यक्ष कन्हैया लाल राजभर ने कहा कि पीडीए के लोगों को 2027 के चुनाव में सतर्क रहना होगा। अध्यक्षता पखंडी राम बिंद जी ने की। संचालन राजेश यादव प्रधान ने किया। बैठक में सियाराम केसरी, राम सिंह यादव, सुजीत मास्टर, अनिल, सुरेंद्र बिंद, जीत नारायण पासवान शामिल रहे।
नेपाल के बिहारी लाल लौटे अपने घर
नेपाल के बिहारी लाल को भिक्षावृत्ति अभियान के तहत रेस्क्यू कर 13 नवंबर को अपना घर आश्रम वाराणसी लाया गया था। वह दशाश्वमेध घाट पर भिक्षा मांगते थे। सूचना पाकर परिजन उन्हें बुधवार को आश्रम से ले गए। उन्हें भिक्षा न मांगने की शपथ दिलाई। इस तरह तीन महीने बाद वह आश्रम से गए। भिक्षुक मुक्त अभियान के तहत सभी भिक्षुओं का रेस्क्यू कर अपना घर आश्रम भेजा गया था।
डाॅ. ममता बनीं फ्लोरेंस नाइटिंगल हॉस्टल की प्रशासनिक संरक्षक
आईएमएस बीएचयू के आयुर्वेद संकाय के स्वास्थ्यवृत्त और योग विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर डाॅ. ममता तिवारी को फ्लोरेंस नाइटिंगल हॉस्टल का प्रशासनिक संरक्षक बनाया गया है। बीएचयू कुलसचिव कार्यालय की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। डाॅ. ममता का कार्यकाल तीन साल का होगा।
शहर के 5 स्थानों पर लगे मानचित्र बताएंगे रैन बसेरे और शौचालय का पता
नगर निगम की ओर से शहर के पांच प्रमुख स्थानों पर मानचित्र लगाए गए हैं। इनपर निशुल्क रैन बसेरा और शौचालय के बारे में जानकारी दी गई है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ठहरने के लिए निशुल्क आश्रय स्थल और नजदीकी शौचालय को मानचित्र पर दर्शाया गया है।
यह मानचित्र लहुराबीर चौराहा, मैदागिन चौराहा, कालभैरव चौराहा, भेलूपुर चौराहा, गोदौलिया चौराहा, दशाश्वमेध घाट के समीप चितरंजन पार्क के पास लगाए गए हैं। साथ ही मानमंदिर घाट, त्रिपुरा भैरवी घाट, ललिता घाट, राणा महल घाट, राजा घाट पर बायो डिग्रेडेबल यूरीनल की व्यवस्था की गई है।
संत रविदास जयंती की मुख्य अतिथि होंगी मीरा कुमार, 10 फरवरी को आएंगी
संत रविदास के 648वें जन्मोत्सव को लेकर दी रविदास स्मारक सोसाइटी की ओर से बुधवार को राजघाट स्थित संत रविदास मंदिर में बैठक हुई। 10 फरवरी से शुरू होने वाले चार दिवसीय जन्मोत्सव समारोह की मुख्य अतिथि पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार हाेंगी। 10 फरवरी को वह संत रविदास के दर्शन करेंगी।
रविदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूजन-अर्चन करेंगी। दूसरे दिन यानी 11 फरवरी को भजन संकीर्तन, गोष्ठी और भंडारा होगा। तीसरे दिन संत रविदास के जन्मोत्सव पर पूजन-अर्चन और भजन संकीर्तन होगा। अंतिम दिन 13 फरवरी को भी भजन, वंदन, विदाई समारोह का आयोजन होगा। बैठक में मदन भगत, अनुराग त्रिवेदी, डॉ. जयशंकर जय, वीरेन्द्र, हारूल, मोहन चक्रवर्ती, महंत रामविलास दास, वैभव पाण्डेय, मदन यादव आदि रहे।
कंचनपुर में सड़क निर्माण कार्य का हुआ लोकार्पण
कंचनपुर महालक्ष्मी नगर कॉलोनी में बीएलडब्ल्यू लेन नंबर तीन में सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण बुधवार को रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने किया। यह कार्य वीडीए की ओर से कराया गया है। श्याम प्रकाश के घर से दिनेश प्रधान के घर तक की सड़क खराब थी।
लंबे समय से इसे बनवाने की मांग की जा रही थी। विधायक ने इसे पूरा कराया। इस अवसर पर अपना दल एस के जिलाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल, भाजपा एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, श्याम नारायण सिंह पटेल, श्यामली पटेल, विनोद पटेल मौजूद रहे।
वरुणा नदी के ग्रीन बेल्ट में 39 अवैध निर्माण कार्य बंद, नोटिस जारी
वरुणा नदी के ग्रीन बेल्ट को सुरक्षित करने के लिए वीडीए उपाध्यक्ष ने तैनात किए गए भूतपूर्व सैनिकों के कार्यों की समीक्षा की। भूतपूर्व सैनिकों ने बगैर वीडीए से नक्शा स्वीकृत कराए 39 निर्माण कार्य को बंद कराकर नोटिस जारी किया है।
निर्देश दिया कि अवैध निर्माण कार्य रोकने के बाद भी जारी रहने की दशा में सील, प्रथम सूचना रिपोर्ट, अभियोजन सहित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करें। भूतपूर्व सैनिक को वीडीए की ओर से पहचान पत्र जारी किया गया। इनकी तैनाती से वरुणा नदी किनारे अवैध निर्माण पर रोक लगेगी।
साथ ही महायोजना-2031 में वरुणा नदी के किनारे के ग्रीन बेल्ट का भी संरक्षण होगा। सिकरौल में तैनात भूतपूर्व सैनिक विजय बहादुर सिंह ने 13 निर्माण कार्य बंद कराते हुए नोटिस दिया। अनिल कुमार सिंह ने 7 निर्माण बंद करवाए।
शिवपुर के संतोष यादव ने 7 निर्माण बंद कराकर नोटिस दिया। सारनाथ के राम प्रसाद ने 5 निर्माण बंद करवाए। आदमपुर के शैलेष सिंह ने 3 निर्माण बंद करवा कर नोटिस दिया। जैतपुरा के जयशंकर यादव ने 2, दशाश्वमेध के उमाशंकर यादव ने 2 निर्माण बंद करवाए।
गायत्री मंदिर में 2225 हनुमान चालीसा का हुआ पारायण
महर्षि स्वामी ज्ञानानंद के 75वें निर्वाण दिवस का शुभारंभ श्रीहनुमान चालीसा पाठ से हुआ। बुधवार को लहुराबीर स्थित गायत्री मंदिर में 2225 हनुमान चालीसा का पारायण हुआ। षोडशोपचार पूजन हुआ। वैदिक ब्राह्मणों का पूजन विश्वेश्वर ट्रस्ट सोसाइटी के सचिव सत्यनारायण पांडेय ने किया।
उन्होंने बताया कि निर्वाण दिवस के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को सम्मान समारोह का आयोजन होगा। मुख्य अतिथि प्रदेश के राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र और विशिष्ट अतिथि संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारीलाल शर्मा होंगे।
अध्यक्षता लोकसेवा आयोग के पूर्व सदस्य प्रो. देवी प्रसाद द्विवेदी करेंगे। इस दौरान सनातन धर्म के संरक्षण में स्वामीजी के योगदान विषय पर संगोष्ठी होगी। अनुष्ठान में नवीन शर्मा, पीयूष मिश्रा, प्रो. प्यारे सिंह, शिव शंकर पांडेय, शिव प्रसाद श्रीवास्तव, पं. अनिल तिवारी आदि रहे।
शुल्क जमा नहीं करने वालों पर हो कार्रवाई
वीडीए में बुधवार को अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने लंबित शमन मानचित्र की समीक्षा की। उन्होंने मानचित्रों के निस्तारण के निर्देश दिए। शिवपुर और सिकरौल वार्ड में 7,36,25,181 रुपये जमा कराया। वार्ड सारनाथ, आदमपुर, जैतपुरा में 6,63,23,831 रुपये जमा कराया गया।
स्वीकृत शमन पत्रावली के सापेक्ष बकाया शुल्क जमा न करने वालों के खिलाफ ध्वस्तीकरण करने का निर्देश दिया। सील प्रकरणों की जांच के साथ बेसमेंट खाली कराते हुए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एक सप्ताह में कराएं। शहर में हो रहे अनियोजित विकास और अवैध प्लॉटिंग का चिंह्नाकन कर ध्वस्तीकरण करने को कहा।
फेसबुक से हुई मानसिक रूप से अस्वस्थ की पहचान
थाना हाजा में पुलिस के भ्रमण के दौरान एक मानसिक अस्वस्थ व्यक्ति को सामने घाट के अपना घर आश्रम लाया गया। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था। साथ ही बोल और सुन भी नहीं सकता था। ऐसे में उसकी पहचान में समस्या हो रही थी।
ऐसे में आश्रम ने ग्रुप में व्यक्ति की तस्वीर साझा की। जिसके बाद किसी ने उस फोटो को फेसबुक पर शेयर किया तो व्यक्ति की असली पहचान पता चली। कमेंट में किसी जान-पहचान के व्यक्ति ने नाम गुड्डू और जगह की पहचान की। जिसके बाद व्यक्ति को लेने के लिए उनके भाई राकेश यादव पहुंचे।
बीएचयू के प्रो. आनंद चौधरी बने सलाहकार समिति के सदस्य
आईएमएस बीएचयू के आयुर्वेद संकाय के रसशास्त्र विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. आनंद चौधरी को आयुर्वेद शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान जामनगर में वैज्ञानिक सलाहकार समिति का सदस्य बनाया गया है। संस्थान के निदेशक की ओर से इसका आदेश भी जारी कर दिया गया है।
प्रो. आनंद चौधरी ने बताया कि समिति में देशभर से कुल 13 सदस्य बनाए गए हैं। सभी का चयन आयुर्वेद के क्षेत्र में वैज्ञानिक शोध की उपलब्धियों के आधार पर किया गया है। समिति का कार्य आयुर्वेद शिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान जामनगर में किये जा रहे आयुर्वेद के वैश्विक शोध कार्यों का मूल्यांकन कर उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का शोध प्रस्तुतीकरण के योग्य बनाना है। बताया कि समिति के सदस्यों का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा।
जूनियर बालिका हॉकी टीम घोषित
खेल विभाग की ओर से मंडल स्तरीय चयन ट्रायल के लिए बुधवार को जिले की जूनियर बालिका टीम घोषित हुई। डॉॅ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल लालपुर में 40 बालिकाओं ने चयन परीक्षण में हिस्सा लिया। इसमें 16 बालिकाओं का चयन हुआ।
जिले की टीम में फरीदा खातून, अनु पाल, जाह्नवी मौर्या, स्मृति चौबे, रोशनी पटेल, यशस्वी पांडेय, शालू सोनकर, तनु यादव, सोनल सिंह, सृष्टि सोनकर, सृष्टि पटेल, शिवानी कठरिया, अंशिका पटेल, तान्या चंदेल, सिद्धि सरोज और शालू यादव का चयन हुआ है।
आस्था यादव, आरुषि सिंह और शिवानी यादव आरक्षित खिलाड़ी हैं। 31 जनवरी को सुबह 10 बजे से डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल, बड़ा लालपुर मे वाराणसी मंडल टीम का चयन होगा। अंतिम रूप से चुनी टीम गोरखपुर में तीन से आठ फरवरी तक प्रादेशिक जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता खेलेगी।
अनुशासन, त्याग के गुणों को आत्मसात किया
राजकीय हाईस्कूल खरगूपुर में बुधवार को तीन दिवसीय स्काउट गाइड शिविर का समापन हुआ। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने अनुशासन, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा व देशभक्ति के गुणों को आत्मसात किया।
प्रशिक्षक उमेश कुमार केसरी, खुशबू मौर्य, प्रियांशी सुमन एवं राकेश कुमार पटेल ने विद्यार्थियों को कई नई चीजों की ट्रेनिंग दी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में हाथी बरनी इंटर काॅलेज के प्रधानाचार्य राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त राजेश पाठक, राजकीय हाई स्कूल जंसा की प्रधानाध्यापिका मिथिलेश राय, ग्राम प्रधान मुन्ना सिंह पटेल रहे। इस दौरान स्निग्धा मिश्रा, प्रीति जायसवाल, सुनीता गौतम, अनामिका सिंह, सुनीता भारती मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं को किया जागरूक, मां गंगा की आरती की
मौनी अमावस्या पर नमामि गंगे गंगा विचार मंच, 137 सीईटीएफ, 39 जीटीसी गंगा टास्क फोर्स की ओर से राजघाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि व गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार देवेंद्र बसनेट के नेतृत्व में ध्वनि विस्तारक यंत्र से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
वहीं, नमामि गंगे के सदस्यों ने दशाश्वमेध घाट, शीतला घाट, प्रयाग घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट और अहिल्याबाई घाट पर लोगों को सफाई के प्रति जागरूक किया। गंगा सेवक राजेश शुक्ला के साथ श्रद्धालुओं ने भी हाथ बंटाया और गंगा में श्रमदान किया। इस दौरान महाकुंभ हादसे के मृतकों के लिए प्रार्थना की गई।
यात्री के तबीयत खराब होने की सूचना पर स्टेशन पहुंची चिकित्सकों की टीम
महाकुंभ स्पेशल ट्रेन में बुधवार की रात महिला यात्री की तबीयत खराब हो गई। कंट्रोल रूम की सूचना पर पहुंची चिकित्सकों की टीम ने बनारस स्टेशन पर महिला यात्री का उपचार किया।
झूंसी से पहुंची कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन में रामपुर छपरा निवासी बच्ची देवी की तबीयत खराब हो गई। बेटी ने रेलवे के कंट्रोल रूम को सूचना दी। इस सूचना पर लहरतारा स्थित रेलवे हॉस्पिटल के डॉ ममता सिंह व डॉ राजेश के नेतृत्व में एक टीम एंबुलेंस के साथ रात लगभग 10.30 पहुंच गई। इसके पूर्व डॉ ममता ने फोन पर ही बच्ची देवी के परिजनों को प्राथमिक उपचार बताते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
महाकुंभ में वृद्धा लापता, तलाश में परिजन प्रयागराज रवाना
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव निवासी फूल पत्ती देवी 65 वर्ष महाकुंभ भगदड़ के बीच लापता हो गईं। वह सोमवार को गांव की महिलाओं के साथ महाकुंभ में गई थीं। खोजबीन के बाद सभी महिलाएं घर लौट आईं लेकिन फूलपत्ती देवी का पता नहीं चला।
वहीं, परिजन उन्हें खोजने के लिए घर से प्रयागराज रवाना हो गए हैं। उधर, लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी गांव की रेनू पटेल अपने परिवार के साथ महाकुंभ गई थीं। वह मंगलवार की रात अपने परिवार से बिछड़ गईं। मगर, बुधवार को घर आ गई।
बस चालक का मोबाइल छीनने के आरोपी को लोगों ने पकड़ा
मोहनसराय की पार्किंग के पास मंगलवार रात दिल्ली के बस चालक का मोबाइल छीनकर भागते समय युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ा और रोहनिया पुलिस को सौंपा। इटावा के बकेवर निवासी ऋषि कुमार ने बताया कि वह बनारस से दिल्ली के बीच बस चलाता है। रात में मोहनसराय में पार्किंग में खड़ा था तभी अनजान युवक पहुंचा और मोबाइल छीनकर भागने लगा।
दंपती की पिटाई में देवर समेत दो पर केस दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर दंपती की पिटाई कर दी गई। देवर समेत दो आरोपियों के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज किया गया। सिकरौल निवासी पीड़िता शिखा ने बताया कि पति विकास गुरुशरण शर्मा घर पर थे। इसी दौरान देवर निखिल और पिंडरा तहसील के रोल गांव निवासी हर्ष सिंह पहुंचे और पति की पिटाई की।
धोखाधड़ी में शाइन सिटी के निदेशक समेत दो पर केस दर्ज
शाइन सिटी के निदेशक समेत दो के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर सिगरा थाने में धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया है। सिगरा के शास्त्रीनगर निवासी पीड़िता मंजरी श्रीवास्तव ने बताया कि शाइन सिटी के निदेशक राशिद नसीम और पिपरौली, उतरठीया मोहन लालगंज, लखनऊ निवासी ऐनुल रशीद ने राजातालाब में जमीन दिलाने के एवज में 6.60 लाख रुपये लिए और बैनामा भी नहीं किया। जमीन पर कब्जा करते समय पता चला कि राशिद व ऐनुल ने जमीन कई लोगों को बेची है।