फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   big news of Varanasi Alert on Wakf Amendment Bill railway iron recovered punishment given

एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें: वक्फ संशोधन विधेयक पर अलर्ट, बरामद हुआ था रेलवे का लोहा; मिली सजा

Wed, 02 Apr 2025 09:34 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Wed, 02 Apr 2025 09:34 AM IST
सार

वक्फ संशोधन विधेयक आज सदन में पेश किया जाएगा। इसको लेकर वाराणसी में पुलिस हाई अलर्ट पर है। बीती शाम पुलिस ने गश्त भी किया था। वहीं, रेलवे के लोहा की बरामदगी के मामले में अभियुक्त को दोषी पाया गया। आइए जानते हैं अन्य बड़ी खबरें...

विज्ञापन
big news of Varanasi Alert on Wakf Amendment Bill railway iron recovered punishment given
वाराणस की प्रमुख और खास खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Today News in Hindi: वक्फ संशोधन विधेयक बुधवार को लोकसभा में पेश किया जाएगा। इसे देखते हुए कमिश्नरेट की पुलिस हाई अलर्ट पर है। मंगलवार की शाम ही तीन जोन के थानों की पुलिस ने पैदल गश्त की और आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

विज्ञापन


मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील इलाकों की निगरानी पुलिस के स्तर से बढ़ाई गई है। ड्रोन और टेथर्ड ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। उधर, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। सोशल मीडिया सेल चौबीसों घंटे सक्रिय रह कर काम कर रही है। 
विज्ञापन


रेलवे का लोहा बरामदगी के मामले में दोषी को पांच साल की कैद
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (उतर रेलवे) अभिनय जैन की कोर्ट ने रेलवे के लोहा की बरामदगी के मामले में अभियुक्त अनिल कुमार गुप्ता को दोषी पाया है। अदालत ने अभियुक्त को पांच साल की सजा सुनाई है। साथ ही, 10 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


अभियोजन के अनुसार, 10 नवंबर 2008 को पुलिस ने पुलिस लाइन चौराहे से लेडीज क्लब रोड के मोड़ पर कबाड़ की एक दुकान में छापा मारा था। पुलिस ने देखा कि कबाड़ का दुकानदार भारी मात्रा में रेलवे का लोहा इकट्ठा कर रखा था। उसके पास लोहे से संबंधित कोई कागज नहीं था। वह रेलवे का लोहा बेचने की फिराक में था। पुलिस ने दुकानदार को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया था। 

वरुणा जोन के 11 सब इंस्पेक्टर के कार्यक्षेत्र बदले
डीसीपी चंद्रकांत मीना ने मंगलवार को वरुणा जोन के 11 सब इंस्पेक्टर के कार्यक्षेत्र में तब्दीली की। इस क्रम में सब इंस्पेक्टर अवनीश कुमार मिश्रा को दानगंज, विकास कुमार को अखरी, सुमित पांडेय को भदवर, सत्यम तिवारी को गंगापुर, विशाल सिंह को तरना, प्रवीण कुमार सचान को चांदमारी, पवन कुमार को कोटवां, आदित्य सेन सिंह को लालपुर और गणेशदत्त त्रिपाठी को जिला जेल पुलिस चौकी का प्रभारी बनाया गया है। 

वीडीए ने तीन बीघे की अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई
वीडीए की ओर से मंगलवार को तीन बीघे की अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई गई। सारनाथ वार्ड के बराई चौबेपुर में बबलू सिंह की ओर से बिना ले आउट स्वीकृत 3 बीघे में अवैध रूप से प्लाॅटिंग की जा रही थी। जोनल अधिकारी प्रकाश की अगुवाई में प्रवर्तन दल की टीम ने पुलिस के सहयोग से इसे ध्वस्त कराया। साथ ही आम जनता से अपील की गई कि वीडीए से ले-आउट स्वीकृत प्लॉट ही खरीदें। मानचित्र स्वीकृत कराए बिना निर्माण करने पर सख्त कार्रवाई होगी। 

डीसीपी ट्रैफिक और पीआरओ को सीपी ने दी विदाई
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को अपने जनसंपर्क अधिकारी सब इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह और डीसीपी ट्रैफिक हृदेश कुमार के स्थानांतरण पर उन्हें विदाई दी। अपने कैंप कार्यालय में आयोजित एक सादे समारोह में पुलिस आयुक्त ने कहा कि सब इंस्पेक्टर और डीसीपी ट्रैफिक ने कमिश्नरेट में अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। इस दौरान एसीपी भेलूपुर डॉ. ईशान सोनी और अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। 

भूमि पर कब्जा हटवाने की मांग की
पिंडरा क्षेत्र के जगदीशपुर, कोलअसला निवासी हेमंत कुमार सिंह ने प्रशासन से भूमि पर कब्जा हटवाने की मांग की है। आरोप है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद विपक्षी भूमि पर कब्जा किए हैं। हेमंत के अनुसार एसडीएम प्रतिभा मिश्रा के आदेश के डेढ़ माह बाद भी भूमि पर कब्जा नहीं मिल पाया है। 

काशी स्टेशन के आउटर पर लकड़ी के ढेर में लगी आग
काशी रेलवे स्टेशन के आउटर पर रखे सूखे पेड़ों के ढेर में मंगलवार की रात किसी शरारती तत्व ने आग लगा दी। आग की लपटें देख कुष्ठ सेवा आश्रम में रहने वालों के बीच अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचित करने के साथ ही आग पर पानी डालना शुरू किया। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवानों ने आग पर काबू पाया। 

फीडबैक लेने शहर में घूम रही स्वच्छ सर्वेक्षण की टीम
स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग के लिए शहर में लखनऊ और दिल्ली से आई टीम घूम रही है। जनता से शहर की सफाई व्यवस्था का फीडबैक ले रही है। इसी आधार पर रैंकिंग जारी की जाएगी। पिछले दिनों स्वच्छ गंगा टाउन की टीम सर्वे कर चली गई। अब दूसरी टीम सर्वे कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, शहर के तीन कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन को खत्म किया जाएगा। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन बढ़ाया जा रहा है। 

स्वच्छ भारत मिशन सर्वे कर रही है। ये अपनी रिपोर्ट मंत्रालय को भेजेगी। जिसके आधार पर रैंकिंग दी जाएगी। पिछली बार शहर में कूड़ा घर होने के कारण नगर निगम को कम अंक मिले थे। शिवपुर के कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन को खत्म करने की तैयारी चल रही है। इन स्थानों पर नए पौधे लगाए जाएंगे। 

यहां वाहनों की धुलाई के लिए प्लेटफॉर्म का निर्माण कार्य कराया जाएगा। साथ ही बोरिंग कराई जाएगी। शहर में कुल 21 कूड़ा घर बनाए गए थे। इनमें से 18 को बंद किया गया है। तीन को बंद करने की तैयारी है। कूड़ा घरों के आसपास कूड़ा सड़कों पर फैला रहता है। इससे आसपास काफी दुर्गंध आती है। 

धार्मिक नारेबाजी का वीडियो वायरल, पुलिस ने किया खंडन
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मंगलवार को कई हैंडल से एक वीडियो शेयर किया गया। वीडियो में कुछ लोग जैतपुरा थाना क्षेत्र के शैलपुत्री मंदिर के समीप धार्मिक नारेबाजी करते हुए दिख रहे थे। वीडियो का खंडन करते हुए कमिश्नरेट की काशी जोन की सोशल मीडिया सेल ने स्पष्टीकरण जारी किया।

पुलिस की ओर से कहा गया कि वीडियो पुराना है और उसे एडिट कर भ्रामक रूप से दिखाया जा रहा है। धार्मिक नारेबाजी बैकग्राउंड में एडिट करके चलाई गई है। वीडियो में दिख रहे पुलिसकर्मी का तबादला नौ माह पहले हो चुका है। वीडियो की जांच की जिम्मेदारी एसीपी चेतगंज गौरव कुमार को सौंपी गई है। आमजन से अपील है कि ऐसे किसी भ्रामक वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट न करें। 

ट्वॉय कार के किराये को लेकर संचालकों में मारपीट
सारनाथ संग्रहालय के सामने वेटिंग क्षेत्र में ट्वॉय कार के किराये को लेकर दो संचालकों के बीच जमकर  मारपीट हुई। इसके चलते घूमने आए पर्यटकों में भगदड़ मच गई। मारपीट में एक ट्वॉय कार संचालक घायल हुआ है। घायल विशाल ने सारनाथ थाने में विकास के खिलाफ तहरीर दी। इस संबंध में सारनाथ थाना प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। 

कार से चोरी करने निकलता था युवक, गिरफ्तार
लंका थाने की पुलिस ने चोरी के मामले में एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जो कार से घूमते हुए बंद मकानों से चोरी करता था। आरोपी की पहचान आजमगढ़ जिले के ठेकवा थाने के जमुहवा गांव के लालजी मौर्य के रूप में हुई है।

पुलिस ने उसके पास से एक कार, 8500 रुपये, पेचकश, कटर और रंभा सहित अन्य सामान बरामद किया है। लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लखनऊ में 11 और वाराणसी में दो मुकदमे चोरी के आरोप में दर्ज हैं। 

पशु तस्करी में वांछित 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
रामनगर थाने की पुलिस ने पशु तस्करी में वांछित 25 हजार के इनामी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गाजीपुर जिले के भुड़कुड़ा थाने के ओडासन निवासी राम प्रवेश कुमार के रूप में हुई है। रामनगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर ने बताया कि गत छह जनवरी को एक पिकअप से 10 संरक्षित पशु बरामद किए गए थे।

किशोरी लापता, युवक पर अपहरण का मुकदमा
सारनाथ थाना क्षेत्र के एक गांव से एक किशोरी लापता हो गई। किशोरी की मां की तहरीर पर सारनाथ थाने में अपहरण के आरोप में एक युवक पर मुकदमा दर्ज किया गया है। किशोरी की मां ने पुलिस को बताया कि जौनपुर जिले के रामपुर थाने के मनापुर बचौली का रहने वाला अनीश राजभर अपनी रिश्तेदारी में आता रहता था। वही उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। 

पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट, मुकदमा दर्ज
सारनाथ के अकथा बेनीपुर में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। मामले को लेकर दोनों पक्षों ने सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। अकथा बेनीपुर की शारदा यादव के अनुसार पड़ोसी माधुरी सिंह, प्रतीक्षा सिंह, स्वाती कुशवाहा और प्रतीक सिंह ने नोकझोंक करते हुए घर में घुस कर मारपीट की। इसके साथ ही फर्जी केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। वहीं, दूसरी तरफ माधुरी सिंह की तहरीर पर अखिलेश, अमिताभ और शारदा यादव पर मारपीट और धमकाने का आरोप लगाया है। 

नोकझोंक के दौरान दो तोला सोने का ब्रेसलेट गायब 
गिरजाघर चौराहे के पास दो पक्षों की नोकझोंक के दौरान एक पक्ष का दो तोले सोने का ब्रेसलेट गायब हो गया। घटना के संबंध में मंगलवार को भुक्तभोगी ने लक्सा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

दीनदयाल नगर कॉलोनी, दुर्गाकुंड निवासी विपिन त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि गत 29 मार्च की रात वह कार से गिरजाघर की तरफ आ रहे थे। गिरजाघर चौराहे के समीप एक बाइक सवार उनसे अचानक नोंकझोंक करने लगा। उसी दौरान उनका दो तोला सोना का ब्रेसलेट गायब हो गया। काफी प्रयास के बाद भी वह बाइक सवार को खोज नहीं पाए। 

95 बटालियन सीआरपीएफ का स्थापना दिवस मना
किसी भी बटालियन के लिए उसका वार्षिकोत्सव अपना विशेष महत्त्व रखता है। 95 बटालियन सीआरपीएफ परिवार के लिए इस दिन का उतना ही महत्त्व है जितना कि किसी व्यक्ति के जन्मदिन का। यह बातें मंगलवार को 95 बटालियन सीआरपीएफ के 37वें वार्षिकोत्सव पर कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर ने कहीं।

पहड़िया स्थित 95 बटालियन के वाहिनी मुख्यालय में कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर ने स्पेशल गार्ड की सलामी ली। उन्होंने सभी कार्मिकों को बधाई दी और बटालियन के कार्यों को याद किया। शाम के समय वाहिनी मुख्यालय में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एयर कमोडोर कुनाल काला रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता द्वितीय कमान अधिकारी राजेश सिंह और आलोक कुमार ने की।

विपक्षी दल मुस्लिमों में डर पैदा करते हैं 
पूर्व महापौर रामगोपाल मोहले ने विपक्ष द्वारा वक्फ बिल को लेकर किए जा रहे दुष्प्रचार की कड़ी निंदा की। इसे देश के मुस्लिम समुदाय को गुमराह करने व भड़काने की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बिल न सिर्फ वक्फ संपतियों की बेहतर सुरक्षा, बल्कि वक्फ की बेशकीमती जमीनों को माफिया के कब्जे से मुक्ति प्रदान करने वाला साबित होगा। विपक्षी दल जो हमेशा मुस्लिमों में डर और भ्रम पैदा कर उनका इस्तेमाल वोट बैंक के रूप में करते हैं। 

सिंगल यूज पॉलीथिन के खिलाफ छेड़ी मुहिम
नमामि गंगे ने अस्सी घाट पर सिंगल यूज पॉलीथिन के खिलाफ मंगलवार को मुहिम चलाई। टीम के सदस्यों के साथ पर्यटकों ने भी हाथों में स्वच्छता स्लोगन लिखीं तस्वीरें और कपड़े का झोला लेकर लोगों को सिंगल यूज पॉलीथिन का उपयोग न करने के लिए कहा।

जन जागरण के पूर्व नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला के संयोजन में मां गंगा के घाट और तलहटी से पॉलीथिन सहित प्रदूषित कर रही सामग्रियां निकाली गईं। इस मौके पर राम नारायण सेवा संस्थान काशी से ओंमकार महादेव, प्रीती कुमारी, अभिषेक शामिल रहे। 

गौराकला में शुरू हुई गेंहू की खरीद
चिरईगांव ब्लाक के गौरा कला में क्रय केंद्र पर मंगलवार को 25 क्विंटल गेंहू की खरीद की गई। ब्लाॅक में कुल चार क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रभारी कैलाश ने बताया कि मुस्तफाबाद के किसान गोपाल सिंह गेंहू लेकर केंद्र पहुंचे तो माला पहनाकर उनका स्वागत हुआ। उनसे 25 क्विंटल गेंहू की खरीदी की। 

नाइट मार्केट बचाने के लिए पीएम को भेजा पत्र
ऑटो रिक्शा चालक यूनियन ने नाइट मार्केट को बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मांगपत्र भेजा है। यूनियन के अध्यक्ष भगवान सिंह ने पत्र से मार्केट को व्यवस्थित चलाने, सुंदरीकरण के साथ ऑटो स्टैंड बनाने की मांग की है।

दुकानों को कमलापति स्कूल से मालगोदाम और रोडवेज से चौकाघाट तक स्थापित करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी और नगर निगम की ओर से नियुक्त श्रेया इंटरप्राइजेज ने मार्केट का सुंदरीकरण करने के बजाय अनधिकृत दुकानों का आवंटन किया। मांग उठाई कि श्रेया इंटरप्राइजेज के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। 

43.3 वर्ग मीटर में निकला 18.940 किलो गेहूं 
डीएम एस राजलिंगम की मौजूदगी में मंगलवार को हरहुआ के गांव गणेशपुर में किसान बसंत लाल यादव के खेत में गेहूं की क्राप कटिंग की गई। इस खेत के अचानक चुनाव में कुल 43.3 वर्ग मीटर पर फसल की कटाई और मड़ाई के बाद गेंहू का वजन 18.940 किलो ग्राम मिला। सूरज के खेत में रबी फसल की कटाई हुई और मड़ाई के बाद गेंहू का वजन 20.790 किलो ग्राम प्राप्त किया। 

पूर्वोत्तर रेलवे के 20 कर्मचारी सेवानिवृत्त
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के 20 कर्मचारी सेवानिवृत्त हो गए। सहायक मंडल वित्त प्रबंधक सुनील कुमार श्रीवास्तव ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित किया और उन्हें आई कार्ड, सेवा प्रमाण पत्र व पीपीओ संबंधी सभी दस्तावेजों के विषय में विस्तार से समझाया। सेवानिवृत्त होने वालों में मुख्य नर्सिंग अधीक्षक संगीता डेनियल, कार्यालय अधीक्षक ज्योति शर्मा, ज्योत्सना लाल समेत अन्य रहीं। सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी अनिरुद्ध कुमार ने शुभकामनाएं दी। 

ऑनलाइन सत्यापन का विरोध 
बाट माप विभाग की ओर से ऑनलाइन सत्यापन के विरोध में मरम्मतकर्ता हड़ताल पर उतर आए हैं। मंगलवार को बाट माप मरम्मतकर्ता वेलफेयर एसोसिएशन ने कहा कि विभाग की ओर से ऑनलाइन सत्यापन का आदेश का विरोध अंत तक जारी रहेगा।

एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील उपाध्यक्ष ने बताया कि पिछले कई सालों से मरम्मतकर्ताओं को पहचान पत्र जारी करने की मांग की जा रही है। व्यापारी की ट्रेडर आईडी, व्यापारी के अधिकार में है। मांगे पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान रामचरन सिंह, संतोष सिंह माैजूद रहे। 

वीडीए कर्मचारी का विदाई समारोह
वीडीए के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रामजीत दुबे के सेवानिवृत्त होने पर मंगलवार को विदाई समारोह हुआ। वीडीए सचिव, डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा,अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा, अपर सचिव परमानंद यादव, कर्मचारी संघ के महामंत्री अभिषेक सिंह, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अनरूद्ध पांडेय मौजूद रहे। 

बरेका में टीजीटी समेत 9 कर्मचारी सेवानिवृत्त
बनारस रेल इंजन कारखाने से मार्च में 9 कर्मचारी सेवानिवृत हुए। मंगलवार को प्रशासन भवन के कीर्ति कक्ष में विदाई समारोह में सेवानिवृत्त टीजीटी डॉ. जगदीश नारायण द्विवेदी, मुख्य कार्यालय अधीक्षक राधेश्याम सिंह, मुख्य कार्यालय अधीक्षक तापस राय चौधरी, मुख्य कार्यालय अधीक्षक राजेंद्र प्रसाद, मुख्य फार्मासिस्ट दिलीप कुमार सिंह, लेखा सहायक सुनील कुमार गुप्ता समेत अन्य के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना दी। बैंक ऑफ बड़ौदा के धमेंद्र वर्मा ने कर्मचारियों को अपने संचित धन के सुरक्षित और लाभदायक निवेश के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिया। 

बिजली कटौती से नहीं हुआ सीटी स्कैन
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में मंगलवार को दिन में सीटी स्कैन केंद्र बंद रहने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब 10 से 12 मरीजों की जांच होने के बाद बिजली कट गई। इंतजार के बाद जब बिजली नहीं आई तो मरीजों को अगले दिन आने के लिए कहकर वापस कर दिया गया।

मरीजों ने इसका कारण पूछा तब पता चला कि पहले से ही बिजली निगम ने कटौती की सूचना जारी की थी। इस बारे में सीटी स्कैन प्रभारी अश्विनी पांडेय ने बताया कि सुबह 9 से 10 बजे तक 12 मरीजों की जांच हुई। इसके बाद पहले से निर्धारित समय बिजली कट गई। इस कारण सीटी स्कैन मशीन बंद हो गई। विद्युत आपूर्ति शाम को बहाल हो गई है। बुधवार से जांच सामान्य दिनों की तरह होगी। 

स्कूलों में नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर किया स्वागत
परिषदीय विद्यालयों में मंगलवार को नवप्रवेशी बच्चों का अध्यापकों ने माल्यार्पण और तिलक लगाकर स्वागत किया। क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय छितौनी, सीवो सहित अन्य परिषदीय विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकें दी गईं। जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में सफल छात्रा-छात्राओं को ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नितेश सिंह ने मेडल व प्रशस्ति पत्र दिया। कई विद्यालयों में स्कूल चलो अभियान में रैलियां निकाली गईं। 

खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति सिंह, डॉ. मनीष कुमार कुशवाहा, प्रमोद पटेल आलोक मौर्या, रामजी मौर्या उपस्थित रहे। प्राथमिक विद्यालय गौराकलां में वार्षिक परीक्षा फल वितरण और प्रवेश समारोह में मेधावी छात्र और छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कक्षा 1 से 5 तक के सभी प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को पुरस्कार मिले। 

जीएसटी में सख्ती, आयकर में भी कई तरह के होंगे बदलाव 
नए वित्तीय वर्ष में जीएसटी और इनकम टैक्स के नियमों में कई बदलाव हुए हैं। साथ ही सख्त भी हो गए हैं। अब पुरानी इनवाइस से छूट नहीं मिलेगी और नियमों का पालन नहीं करने पर कार्रवाई भी होगी। आयकर रिटर्न फाइल करने में देरी पर जुर्माना देना होगा। हालांकि 12.5 लाख तक कोई टैक्स नहीं देना होगा। 

वस्तु एवं सेवा कर विशेषज्ञ और सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद राम त्रिपाठी ने बताया कि पुराने इलेक्ट्रिक वाहनों पर ज्यादा टैक्स चुकाना देना होगा। टैक्स की राशि 12 से बढ़ाकर 18 प्रतिशत कर दी गई है। जिन व्यापारियों का टर्नओवर 10 करोड़ रुपये से अधिक है, उन्हें 30 दिन में इनवाइस जीएसटी पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। 

जीएसटीआर-7 रिटर्न अब सीक्वेंस में ही भरना होगा। ऐसे में अब आप जीएसटीआर-7 (टीडीएस से जुड़ा रिटर्न) को स्किप करके आगे की तारीख में फाइल नहीं कर सकते। 12.75 लाख रुपये तक की आय पर टैक्स नहीं : चार्टर्ड एकाउंटेंट जीडी दुबे ने बताया कि नए वित्त वर्ष में वेतनभोगियों को 12.75 लाख रुपये तक की आय पर कोई टैक्स नहीं देना होगा। 

क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल की उपाध्यक्ष का निधन
क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल की उपाध्यक्ष लक्ष्मी राय का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार को गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनकी  अंत्येष्टि हरिश्चंद्र घाट पर की गई। उनके पुत्र प्रतीक शंकर ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान परिवार और स्कूल के सभी सदस्य मौजूद रहे। 

उत्कृष्ट कार्य के लिए कर्मी हुए सम्मानित
महाकुंभ में उत्कृष्ट कार्य के लिए कैंट स्टेशन के कार्यालय अधीक्षक प्रदीप पांडेय और साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के लिए बबलू गिरी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंगलवार को कैंट स्टेशन पर एडीआरएम लालजी चौधरी और स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने उन्हें प्रशस्ति पत्र सौंपा। 

कथक नृत्य, मां दुर्गा वंदना की दी प्रस्तुति
नमो घाट पर चल रहे काशी वंदन कार्यक्रम में मंगलवार को प्रथम प्रस्तुति लायाकृति डांस ग्रुप ने मां दुर्गा की वंदना करके दी। इसके बाद कथक नृत्य और अंत में शिव भजन प्रस्तुत किया। इसमें कलाकार समृद्धी साहू, आराध्या वर्मा, आद्या गुप्ता, पावनी बंसल, आर्या गुप्ता ने मनमोहक प्रस्तुति दी। दूसरे कार्यक्रम में काजोल वाल्मीकि गौतम ने भजन गायन प्रस्तुत किया। निमिया के डारी पचरा से कलाकारों ने श्रोताओं का मन मोह लिया। इसके बाद अन्य भजन शिवजी और श्रीकृष्ण पर रहे। 

महामंडलेश्वर महंत बालकदास की पुण्यतिथि पर भंडारा
चैत्र शुक्ल तृतीया को तेलियाना स्थित प्राचीन श्री राम जानकी मंदिर में  गोलोकवासी महामंडलेश्वर महंत बालकदास की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। निरंतर 24 घंटे तक अटूट सीताराम नाम गायन किया। कीर्तन की पूर्णाहुति पर मंगलवार को भंडारे का आयोजन किया गया। कई अखाड़ों के संत-महंतों ने ब्रम्हलीन महंत बालकदास के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके कृतित्व और व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। 

101 ध्वजा के साथ निकली प्रभात फेरी
श्री हनुमान ध्वजा प्रभात फेरी समिति की ओर से 15 दिवसीय हनुमान ध्वजा प्रभात फेरी के तीसरे दिन प्रभात फेरी निकली। मुख्य अतिथि विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी एवं श्री श्याम बाल मंडल के अध्यक्ष संजीव अग्रवाल डब्बू, समाजसेवी अजय गौतम कार्यक्रम संयोजक महेश चौधरी ने श्री हनुमान प्रभु जी के रथ पर विराजमान विग्रह के समक्ष ज्योत प्रज्वलित करके हनुमान जी की आरती की।  

यात्रा गुरुधाम, रविंद्रपुरी, दुर्गाकुंड, त्रिदेव मंदिर होते हुए श्री संकट मोचन मंदिर तक गई। श्री हनुमान जी के चरणों में सभी भक्तों ने ध्वजा अर्पित की। आयोजन मेंकौशल शर्मा, सुरेश तुलस्यान, कृष्ण कुमार काबरा, राजेश गट्टानी माैजूद थे।  

पत्रकारिता के दीपस्तम्भ थे चक्रवर्ती गणपति नावड़
चक्रवर्ती गणपति नावड़ सही अर्थों में श्रमजीवी पत्रकार थे। ऐसे समर्पित लोगों की स्मृतियां हमारा पाथेय बनाती है। उनके जैसे व्यक्तित्व पत्रकारिता के दीप स्तम्भ होते हैं। उनके संस्कार में पत्रकारिता थी। यह विचार आज काशी पत्रकार संघ द्वारा पराड़कर स्मृति भवन में उनकी स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पत्रकारों ने व्यक्त किए।

श्रद्धांजलि देने वालों में काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष डॉ अत्रि भारद्वाज, उपाध्यक्ष उमेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी, संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रो. राममोहन पाठक, योगेश कुमार गुप्त, केडीएन राय, बीबी यादव, दीनबंधु राय माैजूद रहे। 

श्रीराम चरण पादुका का हुआ पट्टाभिषेकम
मानसरोवर तीर्थ स्थित श्री राम तारक आंध्र आश्रम में मनाए जा रहे श्री राम साम्राज्य पट्टाभिषेकम महोत्सव की यज्ञशाला में मंगलवार को श्रीराम प्रभु की चरण पादुका का राज्याभिषेक किया गया।

मंगलवार को वाल्मीकि रामायण के अयोध्या कांड से भरत मनावन का प्रसंग उठाते हुए आचार्यों ने आज की समस्त पूजाएं यज्ञ हवनादि अनुष्ठान व रामायण पारायण के सारे पुण्य फल भाई भरत के साधु चरित्र को अर्पण किए गए। प्रसंग की कथा के अनुसार वन गमन के लिए निकले श्रीराम प्रभु को मनाने के लिए भाई भरत समस्त अयोध्या वासियों को साथ लिए वन पहुंचते हैं। 

बार-बार विनय पूर्वक अयोध्या लौट चलने के भरत की प्रार्थना के सामने श्री राम प्रभु जब धर्म का प्रश्न चिन्ह खड़ा कर देते हैं तो भरत निरुत्तर हो जाते हैं। विकल्प के रूप में वो श्रीराम के चरण पादुका का ही पट्टाभिषेक कर उसे साथ ले जाते हैं और अयोध्या के सिंहासन पर रखकर स्वयं नंदीग्राम में तपस्या करने लग जाते हैं। 

नर्सिंग ऑफिसरों ने मनाया राजस्थान का स्थापना दिवस
आईएमएस बीएचयू के नर्सिंग ऑफिसरों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से राजस्थान स्थापना दिवस समारोह को यादगार बना दिया। बाबू लाल यादव के देखरेख में विश्वविद्यालय परिसर के कम्यूनिटी हॉल में आयोजित 76वें राजस्थान स्थापना दिवस समारोह में नर्सिंग ऑफिसरों और उनके परिवार के सदस्यों ने बढ़चढ़कर भागीदारी की। 

सिर पर गिलास, घड़ा रखकर लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने ताली बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, बीएचयू से प्रो. राजेश मीणा, डॉ. ललित अग्रवाल, डॉ. मुनेश सहित अन्य लोगों ने कलाकारों के साथ ही नर्सिंग ऑफिसरों की सराहना की। 

वेदांती महाराज का हुआ अभिनंदन समारोह
महाकुंभ में जगद्गुरु की उपाधि मिलने के बाद बीएचयू में रामानंदाचार्य काशीपीठाधीश्वर स्वामी डॉ. रामकमलाचार्य वेदांती महाराज को अभिनंदन पत्र दिया गया। काशी विद्वत परिषद की ओर से उनका अभिनंदन समारोह किया गया।

बीएचयू के मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र में कार्यक्रम के दौरान संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि  रामानंदाचार्य ने समाज के हर वर्गों को जोड़कर भक्ति आंदोलन के माध्यम से टूटे और थके भारत में नई जान डाल दी।

काशी विद्वत परिषद के उपाध्यक्ष और पद्मभूषण वशिष्ठ त्रिपाठी, अखिल भारतीय संत समिति के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जीतेंद्रानंद, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर बिहारी लाल शर्मा, काशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ विश्व भूषण मिश्र, सतुआ बाबा आश्रम के संतोषाचार्य महाराज ने उनका अभिनंदन किया। 

मां सौभाग्य गौरी के दर्शन के लिए लगी भक्तों की कतार
काशी में चैत्र नवरात्र (वासंतिक नवरात्र) के मौके पर नवदुर्गा के नौ अलग अलग स्वरूपों की पूजा का विधान है। नौ गौरी के रूप में नवरात्र के तीसरे दिन सौभाग्य गौरी के पूजन की काशी में मान्यता है। 

तृतीय सौभाग्य गौरी के दर्शन पूजन के लिए बांसफाटक स्थित सत्यनारायण मंदिर परिसर के अंदर आदि विश्वेश्वर  मंदिर प्रांगण में भक्तों की कतार लगी रही। श्रधालुओं ने माता सौभाग्य गौरी के दर्शन और पूजन से सौभाग्य और सुख की कामना की। वासंतिक नवरात्र की तृतीया तिथि पर सुबह से ही भक्तों की कतार दर्शन के लिए लग गई। 

मंदिर के पुजारी ने माता के विग्रह को पंचामृत स्नान कराया। वस्त्र, आभूषण और फूलों से माता के विग्रह का भव्य श्रृंगार हुआ। माता की आरती उतारने के बाद मंदिर के कपाट श्रधालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके बाद दर्शन पूजन का सिलसिला शुरू हुआ जो देर रात तक चलता रहा। 

चित्रघंटा मंदिर में भी भक्तों की कतार
चित्रघंटा गली में मां चित्रघंटा देवी के दर्शन पूजन के लिए भी भक्त कतार में लगे हुए थे। मुख्य पुजारी ने बताया कि मां की 10 भुजाएं हैं और उनके मस्तक पर घंटा  विराजमान है। इसलिए देवी का नाम चित्रघंटा  पड़ा। काशी में जब किसी की मृत्यु होती है तो जब तक मां घंटा नहीं बजाती तब तक यमराज उसकी आत्मा को लेने काशी में नहीं आते हैं।

वीणा की झंकार  रुकी है, जब से चले गये हो तुम...
सुबह-ए-बनारस आनंद कानन की घाट संध्या के अंतर्गत ‘काव्यार्चन’ का 29वें सत्र में अपने प्रभावशाली काव्यपाठ से उदीयमान रचनाकारों ने अपने स्वर्णिम भविष्य की झलक प्रस्तुत की। युवा कवयित्रि शालिनी जायसवाल ने अपनी रचनाओं के माध्यम से एक युवा के सपनों और मनोभावों का सुंदर शब्दचित्र प्रस्तुत किया। पहली रचना में उन्होंने सुनाया सांसों की रफ्तार रुकी है, जब से चले गये हो तुम, वीणा की झंकार रुकी है, जब से चले गये हो तुम...। 

बीएचयू से मानव संसाधन में एमबीए करने वाली युवा रचनाकार विदुषी साहाना ने सुनाया ‘हे नारी! दबी रहे ना तेरी प्रतिभा, स्वर ना तेरा कर्कश उद्गार करे, कन्या, माता, स्त्री, सहोदरी, हर रूप का जग आभार करे...। 

गंगा आरती में गूंजा, काशी हो मांस-मदिरा मुक्त क्षेत्र
शिव की नगरी काशी में गंगा तट पर आरती में मध्य प्रदेश सरकार को धन्यवाद दिया गया। गंगा आरती में उपस्थित सनातनी जनों ने उत्तर प्रदेश सरकार से काशी को भी मांस मदिरा मुक्त करने का निवेदन किया।

मध्यप्रदेश सरकार के शराबबंदी के फैसले से प्रधानमंत्री संसदीय क्षेत्र काशी में खुशी का माहौल है। गंगोत्री सेवा समिति, सामाजिक संस्था आगमन और ब्रह्म सेना के सदस्यों ने मध्यप्रदेश सरकार के इस साहसिक कदम के लिए विशेष गंगा पूजन कर उनका धन्यवाद जताया। पौराणिक नगरी काशी में  चार साल से आगमन सामाजिक संस्था और ब्रह्म सेना मांस मदिरा के पूर्ण बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रही है। 

इसी बीच मध्य प्रदेश सरकार के द्वारा लोकमाता अहिल्याबाई की नगरी महेश्वर में हुई कैबिनेट की बैठक में उज्जैन, ओंकारेश्वर, महेश्वर, मण्डलेश्वर, ओरछा, मैहर, चित्रकूट, दतिया, पन्ना, मण्डला, मुलताई, मंदसौर और अमरकंटक की सम्पूर्ण नगरीय सीमा में एवं सलकनपुर, कुण्डलपुर, बांदकपुर, बरमानकलां, बरमानखुर्द और लिंगा की ग्राम पंचायत सीमा में समस्त मदिरा दुकानों एवं बार को बंद करने का फैसला लिया गया है। 

आगमन संस्था के संस्थापक डॉ संतोष ओझा ने कहा कि आज हम लोगों ने दशाश्वमेध घाट पर गंगोत्री सेवा समिति द्वारा होने वाली नित्य गंगा आरती में विशेष पूजन अर्चन कर मध्यप्रदेश सरकार का धन्यवाद ज्ञापन किया है।

हुकुलगंज की सीवर समस्या दूर कराएं 
नगर निगम में मंगलवार को संभव की जनसुनवाई में कुल पांच शिकायतें आईं। इनका समाधान कराने के लिए संबंधित अधिकारियों के पास पत्र भेजा गया। हुकुलगंज के संदीप पाल ने कहा कि क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो हो रहा है। इसके चलते पूरे क्षेत्र में महामारी की आशंका बनी रहती है।

सारनाथ के उप नगर आयुक्त अनुपम त्रिपाठी ने समस्या का समाधान जल्द कराने को कहा। भिखारीपुर के वीपी त्रिपाठी ने शिकायत में कहा कि क्षेत्र की सड़कें काफी खराब हैं। इसका निर्माण करवाकर, अतिक्रमण हटवाए जाएं। साथ ही गृहकर की विसंगतियां भी दूर कराएं।  

तीन जगह शराब के नए ठेके खोलने का विरोध
नए वित्तीय वर्ष के पहले दिन मंगलवार को नए शराब ठेकों के खुलने को लेकर जिले में चोलापुर, रामनगर और मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। मांग की कि शराब का नया ठेका उनके इलाके में न खोला जाए। सूचना पाकर पहुंची इलाकाई थानों की पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

दानगंज संवाद प्रतिनिधि के अनुसार, चोलापुर थाना के धरसौना में देसी शराब का ठेका खुलने को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध किया। विरोध करने वाले लोगों का कहना था कि आबादी क्षेत्र में शराब का ठेका खुलने पर नशे में धुत लोग माहौल खराब करते हैं।

रामनगर संवाद प्रतिनिधि के अनुसार, कवि टोला में देसी शराब का ठेका खोले जाने के विरोध में लोगों ने प्रदर्शन किया। रामनगर कस्बा प्रभारी लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। मिर्जामुराद संवाद प्रतिनिधि के अनुसार, बेनीपुर में ज्ञानपुर नहर के समीप शराब ठेका पर लोगों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। 

मेयर ने शौचालय का लोकार्पण किया
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने मंगलवार को बजरडीहा वार्ड में सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके अलावा मंडुआडीह में सुगम शौचालय काम्प्लेक्स का लोकार्पण किया। मंडुवाडीह फ्लाईओवर के नीचे सुगम सार्वजनिक शौचालय कॉम्प्लेक्स बनाया गया है। इसी प्रकार बजरडीहा वार्ड में इंटरलॉकिंग व नाली निर्माण कार्यों कराया जाएगा। 

रोहनिया में 7.55 करोड़ से बनेंगी 8 सड़कें
त्वरित विकास योजना के तहत रोहनिया विधानसभा में 7 करोड़ 55 लाख 95 हजार लाख की धनराशि स्वीकृत की गई। विधायक डाॅ. सुनील पटेल ने नौ कार्यों का प्रस्ताव भेजा था। आठ सड़क निर्माण और एक नाली निर्माण से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।

विधायक ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपने क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखकर नौ कार्य के लिए धनराशि की मांग की थी। धनराशि से अदलपुरा चुनार कछवां मार्ग के नाली का निर्माण होगा। 

मेडिकल कॉलेज निर्माण से पहले काशी आएंगे प्राचार्य
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल के सामने मानसिक अस्पताल के पास बनने वाले मेडिकल कॉलेज के निर्माण का काम जल्द शुरू होने वाला है। 430 बेड वाले मेडिकल कॉलेज में 2026 से 100 सीटों पर पढ़ाई शुरू करने की तैयारी है। प्रयागराज में मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. आरबी कमल को काशी में बनने वाले मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य की जिम्मेदारी दी गई है। वह जल्द ही आने वाले हैं। 

बीएचयू में आंबेडकर जयंती पर छुट्टी 
बीएचयू में 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती पर अवकाश की घोषणा की गई है। इस दिन आंबेडकर जयंती भी मनाई जाएगी। वहीं उस दिन किसी विषय की परीक्षा होनी है तो वह भी निर्धारित समय पर ही होगी। साथ ही आवश्यक सेवाओं से संबंधित विभाग खुले रहेंगे। निर्देश भारत सरकार की ओर से 27 मार्च को जारी किया गया था। 

डाफी उपकेंद्र से दो घंटे कटी रहेगी बिजली
बिजली लाइन के सुदृढ़ीकरण को लेकर बुधवार को डाफी उपकेंद्र पर काम कराया जाना है। इस वजह से सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक शटडाउन रहेगा। अधीक्षण अभियंता नगरीय विद्युत वितरण मंडल प्रथम कार्यालय की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। 

उपभोक्ताओं के लिए खुला कंट्रोल रूम
गर्मी शुरू होते ही बिजली आपूर्ति संबंधी समस्याएं बढ़ गई हैं। इसके लिए बिजली निगम की ओर से शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान को लेकर कंट्रोल रूम बनाया गया है। मंडल कार्यालय सिगरा में कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। अधीक्षण अभियंता प्रमोद ने 9532864794 नंबर पर समस्या बता सकते हैं। 

वंदे भारत के यात्री के साथ दुर्व्यवहार
कैंट स्टेशन के प्रीमियम लाउंज में मंगलवार को वंदे भारत के यात्री के साथ दुर्व्यवहार हुआ। यात्री मनीष कुमार सिंह ने एक्स पर कर्मी की फोटो भी साझा की। रेल प्रशासन ने जांच सौंपी है। उधर, कैंट स्टेशन पर ईद के दिन स्लीपर वेटिंग लाउंज बंद होने के मामले में अधिकारियों ने संचालक को कड़ी हिदायत दी। 

विकास शुल्क में 60 रुपये की बढ़ोतरी के साथ नई दरें लागू
वीडीए की ओर से विकास शुल्क में वृद्धि की गई है। पहले 1390 रुपये लगते थे, अब 60 रुपये बढ़ाकर 1450 रुपये देने होंगे। अंबार शुल्क 48 से बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया गया है। 

वीडीए की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 से प्रभावी होने वाली नई शुल्क संरचना की घोषणा की गई। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुमोदन के अनुसार, 1 अप्रैल से विभिन्न श्रेणियों के मानचित्रों पर स्वीकृति / शमन के लिए लागू शुल्क प्रभावी किए गए। यह शुल्क योजना भवन निर्माण और विकास प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से तय की गई है। 

यह शुल्क संरचना विकास अनुज्ञा, भवन निर्माण अनुज्ञा, और संबंधित प्रक्रियाओं को प्रभावी और संतुलित बनाए रखने के लिए लागू की गई है। शुल्क की नई संरचना भवन निर्माण और विकास प्रक्रिया को और अधिक सुव्यवस्थित और समय पर पूरा करने में मदद करेगी। सभी नागरिक, परियोजना संचालक और अन्य पक्ष इस नई शुल्क संरचना को ध्यान से समझें और परियोजनाओं में अनुपालन सुनिश्चित करें। वीडीए विकास कार्यों को सुविधाजनक बनाने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।

कैंट रेलवे स्टेशन पर होगा डिजिटल प्रचार-प्रसार
कैंट रेलवे स्टेशन परिसर में कॉमर्शियल विज्ञापन के होर्डिंग, बैनर अब गुजरे जमाने की बात होंगे। स्टेशन परिसर में डिजिटल प्रचार प्रसार होगा। हर तरफ बड़ी-बडी एलईडी स्क्रीन और डिस्प्ले पर विज्ञापन प्रसारित होगा। मुख्यालय से कवायद शुरू हो गई है। नए वित्तीय वर्ष से डिजिटल प्रचार प्रसार का टेंडर होगा। स्टेशन के प्लेटफॉर्म से लेकर यात्री हाल, सर्कुलेटिंग एरिया समेत अन्य स्थानों पर होर्डिंग और बैनर लगाए जाते हैं।

तिमाही, छमाही और वार्षिक विज्ञापन होते हैं। विज्ञापन का भी रेलवे में टेंडर होता है। रेलवे ने फ्लैक्स वाले होर्डिंग, बैनर से तौबा करने का मन बनाया है। हर तरफ डिजिटल प्रचार प्रसार होगा। उत्तर रेल अधिकारियों ने बताया कि नए वित्तीय वर्ष में डिजिटल विज्ञापन का टेंडर किया जाना है। कैंट रेलवे स्टेशन पर 112 जोड़ी यात्री ट्रेनें और एक लाख यात्रियों की रोजाना आवाजाही होती है। 

निषादराज जयंती पर निकलेगी शोभायात्रा, नहीं चलेंगी नावें
निषादराज जयंती बुधवार को भव्य रूप से मनाई जाएगी। इस अवसर पर विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें भगवान राम, निषादराज, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण सहित विभिन्न झांकियां लोगों को आकर्षित करेंगी। मंगलवार को मां गंगा निषादराज सेवा न्यास की बैठक में आयोजन पर विशेष चर्चा हुई। 

बैठक में निर्णय लिया गया कि जयंती के दिन गंगा में नौका संचालन पूरी तरह से बंद रहेगा। मां गंगा निषादराज सेवा न्यास के अध्यक्ष प्रमोद मांझी ने बताया कि दो अप्रैल को निषादराज की जयंती के अवसर पर दशाश्वमेध घाट स्थित चितरंजन पार्क से शोभायात्रा निकलेगी। यह गोदौलिया, मदनपुरा, जंगमबाड़ी होते हुए निषादराज घाट भदैनी तक पहुंचेगी।

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्राएं हुईं सम्मानित
राधा किशोरी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रामनगर में मंगलवार को प्रवेश उत्सव में मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह, प्रधानाचार्य सुनील कुमार यादव रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रथम स्थान वाली छात्राओं को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।

पहले दिन छात्राओं के ऊपर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्लान इंडिया द्वारा स्कूल में बनाए गए सिलिकॉन प्लेग्राउंड का भी उद्घाटन किया गया। प्रधानाचार्या साधना राय ने अंगवस्त्र से सम्मानित किया। कार्यक्रमों की संक्षिप्त रूपरेखा भी प्रस्तुत की। 

नए प्रधानाचार्य ने किया पद ग्रहण
अमर शहीद इंटर कॉलेज आयर में विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता राजीव कुमार सिंह ने मंगलवार को प्रधानाचार्य पद का कार्यभार ग्रहण किया। प्रबंधक कुलदीप मिश्र और वरिष्ठ प्रवक्ताओं में धीरज कांत धीरज, अजय सिंह, सुनील सिंह, शैलेश सिंह, डॉ. सुनील कुमार सिंह, त्रिलोकी नाथ मिश्रा, पूनम सिंह और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन समिति ने राजीव कुमार सिंह के कार्यों व योगदान की सराहना की। 

अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज की प्रबंधक बनीं डॉ. मधु
काशी अग्रवाल समाज के प्रबंध समिति के चुनाव में डॉ. मधु अग्रवाल व डॉ. रूबी साह अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज की प्रबंधक एवं सहायक मंत्री के रूप में निर्वाचित हुईं। मंगलवार को महाविद्यालय पहुंचकर कार्यभार संभाला। महाराज अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद प्राचार्य प्रो. मिथिलेश सिंह ने उनका स्वागत किया। डॉ. मधु अग्रवाल और डॉ. रूबी साह  ने  नैक को प्राथमिकता के साथ  करवाने  की बात कही। 

संस्कृत विवि में प्रो. जितेंद्र बने कुलसचिव
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलसचिव राकेश कुमार के अवकाश पर जाने की वजह से विज्ञान विभाग के आचार्य प्रो. जितेंद्र कुमार को कुलसचिव के कार्यों की जिम्मेदारी मिली है। विश्वविद्यालय की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। कहा गया है कि कुलसचिव 1-2 अप्रैल को शहर से बाहर रहेंगे। ऐसे में प्रो. जितेंद्र कुमार मूल दायित्वों के साथ कुलसचिव के पद का निर्वहन भी करेंगे। 

काशी विद्यापीठ में एक्स्ट्रा क्लास चलाने की तैयारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और संबद्ध महाविद्यालयों में पाठ्यक्रम पूरा करने के उद्देश्य से एक्स्ट्रा क्लास चलाने का निर्णय लिया गया है। विश्वविद्यालय की परीक्षा नियंत्रक/कुलसचिव दीप्ति मिश्रा ने संकायाध्यक्ष, विभागध्यक्ष, निदेशक के साथ ही कॉलेजों के प्राचार्यों को एक पत्र भेजकर बताया कि आगामी दिनों में सीयूईटी, बीएड प्रवेश परीक्षा सहित कई प्रतियोगी परीक्षाएं होनी हैं।

ऐसे में स्नातक, स्नातकोत्तर, व्यवसायिक पाठ्यक्रमों के सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के पाठ्यक्रम को जरूरत के हिसाब से अतिरिक्त कक्षाएं ऑनलाइन या ऑफलाइन चलवा कर मई के पहले सप्ताह तक पूरा करवाया जा सकता है। परीक्षा नियंत्रक का पत्र आने के बाद विवि के साथ ही कॉलेजों में भी कार्रवाई शुरू हो गई है। 

पॉलिटेक्निक : विद्यार्थी 10 अप्रैल तक जमा करें परीक्षा शुल्क
राजकीय, अनुदानित व निजी पॉलिटेक्निक की सेमेस्टर और वार्षिक परीक्षा से किसी विद्यार्थी को रोकने से पहले प्रधानाचार्यों को प्राविधिक शिक्षा परिषद को जानकारी देनी होगी। इसके बाद विद्यार्थी परीक्षा के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे। परिषद ने आदेश जारी किया है। पॉलिटेक्निक की सेमेस्टर और वार्षिक परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। 

परीक्षार्थी बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन यूपी की वेबसाइट के जरिये 10 अप्रैल तक परीक्षा शुल्क जमा कर सकते हैं। प्राविधिक शिक्षा परिषद ने स्पष्ट किया है कि फीस शुल्क ऑनलाइन ही जमा करें। ट्रेजरी चालान और बैंक ड्राफ्ट से शुल्क मान्य नहीं होगा। ऐसी स्थिति पर आवेदन निरस्त माने जाएंगे। 

विद्यार्थी लॉगिंग के जरिये एक से 10 अप्रैल तक शुल्क जमा होंगे। 12 अप्रैल तक परीक्षा फॉर्म परिषद को अग्रसारित किया जाएगा। अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि 12 की मध्यरात्रि के बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा। प्राविधिक शिक्षा परिषद के सचिव अजित कुमार ने राजकीय, अनुदानित व निजी पॉलिटेक्निक संस्थानों को आदेश जारी किया है।

आरएस वर्ल्ड स्कूल में मेधावियों का सम्मान
आरएस वर्ल्ड स्कूल में 29 मार्च को मेधावी छात्र छात्राओं का सम्मान किया गया। छात्र-छात्राओं को मेडल और सर्टिफिकेट दिया गया। अथर्व सिंह, जितिशा त्रिपाठी, अर्नव पाल, गर्विता सिंह, अथर्व सिंह, प्रांजल, अनन्या पटेल, दिव्यांशी नारायण, मोहन जायसवाल, किशन यादव और रुद्राक्षी शामिल थे।

विद्यालय प्रबंधन ने इस वर्ष से चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति देने की उद्घोषणा की। चार बच्चों को छात्रवृत्ति दी की गई। जिसमें दिव्यांशी नारायण, किशन यादव, वैष्णवी केशरी और आर्या पांडेय शामिल थे। इस अवसर पर विद्यालय की निदेशक अक्षता जायसवाल ने छात्रों को शुभकामनाएं दीं। 

big news of Varanasi Alert on Wakf Amendment Bill railway iron recovered punishment given
मीडिया से बात करते एमएलसी आशुतोष श्रीवास्तव। - फोटो : अमर उजाला

वाराणसी में सपा कायर्कर्ताओं ने किया प्रदर्शन
वाराणसी में लोहिया वाहिनी के कार्यकर्ता पर मुकदमा दर्ज होने के बाद सपाजन नाराज हैं। जिला मुख्यालय पर सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि सरकार के मंत्री, विधायकों के नेतृत्व में यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री का पुतला दहन ठीक नहीं है।

भाजपा सपाध्यक्ष के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कर रही है। आज हम इसी के खिलाफ अपनी आपत्ति दर्ज कराने डीएम के पास आए हैं। इस दाैरान जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, संतोष यादव, विष्णु शर्मा, रीबू श्रीवास्तव, रविकांत विश्वकर्मा आदि लोग रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed