फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Big news of Varanasi 30 lakhs demanded cement businessman hearing Gyanvapi case on 25 January

एक क्लिक में वाराणसी की बड़ी खबरें : सीमेंट कारोबारी से मांगे 30 लाख, ज्ञानवापी केस में 25 जनवरी को सुनवाई

Thu, 09 Jan 2025 04:16 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 09 Jan 2025 04:16 AM IST
सार

Varanasi News : वाराणसी के जैतपुरा थाने में सीमेंट कारोबारी के बेटे के लापता होने का मामला दर्ज हुआ है। पिता के मोबाइल पर फोन कर उनसे 30 लाख रुपये मांगे गए हैं। वहीं, विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम अवधेश कुमार की अदालत में बुधवार को ज्ञानवापी में उर्स करने और मजार पर चादर चढ़ाने से संबंधित मामले में हिंदू पक्ष के लोगों को पक्षकार बनाने के खिलाफ लंबित निगरानी अर्जी पर सुनवाई हुई।

विज्ञापन
Big news of Varanasi 30 lakhs demanded cement businessman hearing Gyanvapi case on 25 January
वाराणसी में आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र के सीमेंट कारोबारी का बेटा संदिग्ध हाल में मंगलवार शाम से लापता है। पिता के व्हाट्सएप पर अनजान नंबर से 30 लाख रुपये की मांग की गई है। सीमेंट कारोबारी सतीश जायसवाल ने बताया कि कॉल करने वाले ने कहा कि अमन उनके कब्जे में है। अमन (25) मंगलवार की शाम 6.30 बजे से लापता है। परिवार के लोगों ने जब उसे कॉल किया तो फोन बंद था। कॉल आने के बाद व्हाट्सएप नंबर पर बात नहीं हो पा रही है। थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि अमन की खोजबीन में पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

विज्ञापन


मारपीट व जान से मारने की धमकी पर केस
चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चांदपुर में श्रवण कुमार मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ बुधवार को मामला दर्ज किया है। श्रवण ने पुलिस को बताया कि तारकेश्वर प्रसाद, नरेंद्र सिंह, गणेश यादव सहित अज्ञात लोगों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के पास मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। कुछ दिन पहले थाने में तहरीर दी थी। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है।
विज्ञापन


घर में आलमारी का ताला तोड़कर चोरी
वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के नैदुरा कला गांव के राममनोहर मिश्रा के घर मंगलवार रात चोरों ने एक लाख नकद और पांच लाख रुपये से अधिक के जेवरात चुरा ले गए। राममनोहर मिश्रा और उनके बेटे दूसरे तल पर सो रहे थे। चोरों ने स्टोर रूम में रखी आलमारी तोड़कर हाथ साफ किया। बुधवार सुबह परिवार वालों की नींद खुली तो चोरी का पता चला। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। राममनोहर मिश्रा गांव में मिठाई की दुकान चलाते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

फर्जी दस्तावेज के सहारे जमीन बेचने के मामले में मुकदमा दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के अटेरपुर गांव में न्यायालय से स्टे होने के बाद फर्जी दस्तावेज के सहारे जमीन बेचने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। शिकायतकर्ता विजय शंकर पांडेय ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया कि जिउत यादव, कृष्णकांत यादव, राहुल यादव, राजेश तिवारी ने विवादित भूमि पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर अपने नाम दर्ज करवा लिया। जबकि भूमि पर चकबंदी अधिकारी द्वितीय के न्यायालय से 6 फरवरी 2013 को यथास्थिति का आदेश दिया था।

जल निगम के ठेकेदार की मौत, ठंड की आशंका
सेवापुरी के जगतीपुर गांव निवासी जल निगम के ठेकेदार रामविलास राय(55) की मंगलवार की देर शाम घर पर गिरने से मौत हो गई। परिजन ठंड लगने की वजह से मौत की आशंका जता रहे हैं। रामविलास राय मंगलवार की सुबह किसी कार्य से शहर में गए थे। परिजनों के अनुसार देर शाम घर लौटे। इस दौरान ठंड लगने की बात बताई और अचानक घर की सीढ़ी पर गिर पड़े। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।

ज्ञानवापी मामले में पक्षकार बनाने की अर्जी पर अब 25 जनवरी को सुनवाई
वाराणसी। विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम अवधेश कुमार की अदालत में बुधवार को ज्ञानवापी में उर्स करने और मजार पर चादर चढ़ाने से संबंधित मामले में हिंदू पक्ष के लोगों को पक्षकार बनाने के खिलाफ लंबित निगरानी अर्जी पर सुनवाई हुई। अब 25 जनवरी को सुनवाई होगी। इस मामले लोअर कोर्ट से पत्रावली तलब की गई है।

निचली कोर्ट ने मुख्तार अहमद के वाद में तृतीय पक्षकार हिंदुओं को बनाने का आवेदन स्वीकार कर लिया था। इस आदेश के खिलाफ मुख्तार ने सत्र न्यायालय में निगरानी अर्जी दाखिल की थी। निगरानी अर्जी पर बहस करते हुए नंद लाल पटेल ने कहा कि लोअर कोर्ट ने सरसरी तरीके से इस मामले में आदेश दिया है।

प्राचीन ज्योर्तिलिंग आदिविश्वेश्वर मामले में 21 जनवरी को सुनवाई
अपर जिला जज चौदहवां देवकांत शुक्ला की अदालत में बुधवार को ज्ञानवापी प्रकरण में मुख्तार अंसारी के पक्षकार बनाने की निगरानी अर्जी पर सुनवाई टल गई। इस मामले में अगली सुनवाई 21 जनवरी की तिथि नियत की है। मुख्तार अंसारी ने अति प्राचीन ज्योतिर्लिंग आदिविश्वेश्वर के मूलवाद में पक्षकार बनने की अर्जी खारिज कर दी। इसी मामले में मुख्तार की तरफ से निगरानी अर्जी दाखिल की गई है।

फौजी के घर में चोरी की कोशिश, केस
शुद्धिपुर निवासी रीता यादव की तहरीर पर पुलिस ने चोरी में असफल होने पर दरवाजा जलाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। रीता ने बताया कि पति विजय कुमार यादव आर्मी में हैं। उनका घर पर आना-जाना बहुत कम रहता है। एक जनवरी को वह अपने मायके चोलापुर गई थी। पांच जनवरी को लौटीं तो देखा गेट का ताला टूटा पड़ा है। साथ ही दो कमरे के दरवाजे जलाए गए थे। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिष्या से दुष्कर्म के प्रयास मामले में चार पर केस दर्ज
चौक थाना क्षेत्र में शिष्या को दीक्षा देने के बहाने दुष्कर्म के प्रयास समेत अन्य आरोपों में अघोरी समेत चार के खिलाफ केस दर्ज किया गया। आरोपी राजागोपाल मणिकंदन, नागा और दो महिलाओं के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता ने बताया कि मणिकंदन पूर्व में भी जेल जा चुका है। विभिन्न प्रांतों में महिलाओं और अन्य ने मुकदमा दर्ज कराया है।

सारनाथ थाने में गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज
आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले आशीष उर्फ कंचन राम और शुभम सिंह के खिलाफ सारनाथ थाने में गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गैंग लीडर आशीष उर्फ कंचन राम निवासी खालिसपुर और गैंग का बदमाश बासशूचक रामपुर, गाजीपुर निवासी शुभम सिंह का एक संगठित आपराधिक गिरोह है।

गंगा सतलज एक्सप्रेस से महिला का हैंडपर्स चोरी
13307 गंगा सतलज एक्सप्रेस में सफर के दौरान महिला यात्री का हैंडपर्स चोरी हो गया। पर्स में 35 हजार नकदी, मोबाइल और डेबिट कार्ड था। कोलकाता की बोनोमाली नस्कर रोड निवासी इंद्राणी मैती ने बताया कि वह बी-वन कोच में सपरिवार सफर कर रही थीं। बनारस स्टेशन के पास पहुंचने पर पता चला कि उनका हैंड पर्स चोरी हो गया। कोच में बैठे दो व्यक्तियों पर शक जताया जा रहा है। पर्स में 35,000 नकद, मोबाइल, डेबिट कार्ड समेत अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज थे।

श्रमिक एक्सप्रेस के एसी कोच से यात्री का ट्रॉली बैग चोरी
श्रमिक एक्सप्रेस के एसी कोच से यात्री का लगेज चोरी हो गया। लगेज में 3000 नकदी समेत अन्य कई जरूरी दस्तावेज थे। कैंट जीआरपी ने मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित यात्री हरिओम चौधरी ने बताया कि वह बी-5 कोच में मुजफ्फरनगर से वलसाड जा रहा था। बनारस रेलवे स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद सीट के नीचे रखा ट्रॉली बैग किसी ने चोरी कर लिया। काफी खोजबीन के बाद भी बैग नहीं मिला।

एसी कोच से महिला का आभूषण से भरा बैग चोरी
15933 अमृतसर एक्सप्रेस में सफर के दौरान महिला का आभूषण से भरा बैग चोरी हो गया। बैग में 48 हजार नकदी और अन्य सामान था। हरिद्वार के सिडकुल स्थित बहादराबाद निवासी गुड़िया श्रीवास्तव ने बताया कि वह अपनी बहन वीभा श्रीवास्तव, माता गीता और भतीजी नंदनी श्रीवास्तव के साथ न्यू जलपाई गुड़ी से कोच बी-टू में सहारनपुर की यात्रा कर रही थी। ट्रेन रात के समय बनारस रेलवे स्टेशन पहुंचने पर यात्री लगेज को लेकर आपस में उलझ गए थे। इसी दौरान बैग भी गायब हुआ।

विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के दौरान चोरी व बरामदगी में महिला को मिली जमानत
फास्ट ट्रैक कोर्ट (महिलाओं के विरुद्ध अपराध) द्वितीय सुनील कुमार की अदालत ने मंदिर में दर्शन के दौरान चोरी व बरामदगी के मामले में आरोपी स्वाति उर्फ विमुला रोजा को 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, वादिनी पूजा मिश्रा 14 दिसंबर 2024 को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने गई थीं। लाइन में उनका हैंडबैग एक महिला ने चोरी कर लिया। मंदिर के कर्मचारियों के सहयोग से महिला को पकड़ा गया। पुलिस ने मुकदमा के आधार पर महिला को हिरासत में लेकर जेल भेजा दिया था। 

सेंट्रल बार में प्रबंध समिति के सदस्य बने रविंद्र और राहुल
सेंट्रल बार एसोसिएशन की मंगलेश कुमार दूबे की अध्यक्षता और राजेश कुमार गुप्त के संचालन में कार्यकारिणी की बैठक हुई। जिसमें अधिवक्ता राहुल राज और अधिवक्ता रविंद्र यादव को प्रबंध समिति का सदस्य मनोनीत किया गया। महामंत्री ने बार की गरिमा के अनुरूप कार्य व सहयोग की अपेक्षा दोनों से की है।

यात्री का मोबाइल और डेबिट कार्ड चोरी
वाराणसी। कैंट स्टेशन के टिकट काउंटर से यात्री प्रमोद राय का मोबाइल और डेबिट कार्ड चोरी हो गया। पीड़ित ने जीआरपी में केस दर्ज कराया। जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

कैंट जीआरपी ने ट्रॉली बैग से बरामद की अंग्रेजी शराब
कैंट जीआरपी ने स्टेशन पर चेकिंग के दौरान ट्राली बैग से 50 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान आजमगढ़ बिंद्रा बाजार निवासी अब्दुल के रूप में हुई है।

ऐढ़े की जमीन से अवैध प्लाटिंग निगम ने कराई ध्वस्त
नव विस्तारित क्षेत्र ऐढ़े में नगर निगम की सरकारी भूमि चिन्हित की गयी हैं। बुधवार को जानकारी मिली कि यहां कुछ अवांछनीय तत्वों की ओर से भूमि पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के आदेश पर सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव को तत्काल कार्रवाई के लिए भेजा गया। उन्होंने नगर निगम की टीम के साथ अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कराया और कब्जा प्राप्त किया। संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जा रही है।

नहर का तटबंध टूटने से 30 बीघा गेहूं और सरसों की फसल जलमग्न
नहर का तटबंध टूटने से बुधवार को 30 बीघे में गेहूं और सरसों की फसल जलमग्न हो गई। किसानों ने आरोप लगाया कि नहर की सफाई में लापरवाही से दिक्कत हुई। नहर का पुलिया जाम होने से पानी का दबाव बढ़ गया और तटबंध टूट गया। सेवापुरी विकास खंड के ठटरा गांव के ज्ञानपुर नहर प्रखंड की भुवालपुर माइनर में ओवरफ्लो होने से दो स्थानों पर नहर टूट गई। इससे खेतों में पानी भर गया। 

सिंचाई विभाग को सूचना दी गई, लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। किसानों ने खुद नहर की मरम्मत की कोशिश की, लेकिन खेत में पानी जाना बंद नहीं हुआ। खेतों में एक फीट से ऊपर जलभराव हो गया। मौके पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने मुआयना किया।

छात्रों को औषधीय पौधों के बारे में बताया
बड़ागांव के साई इंस्टीट्यूट ऑफ रूरल डेवेलपमेंट बसनी में तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दूसरे दिन बुधवार को औषधीय पौधों की खेती और स्वास्थ्य लाभ पर चर्चा हुई। आयोजन चौधरी चरण सिंह राष्ट्रीय कृषि विपणन संस्थान जयपुर की कानपुर इकाई सुगंध एवं सुरस विकास केंद्र ने किया। इसमें लोगों को डॉक्यूमेंट्री फिल्म के माध्यम से केंद्र का वर्चुअल भ्रमण करवाया गया। 

राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय, संपूर्णानंद संस्कृत विवि प्रो. डॉ. नीलम गुप्ता ने औषधीय पौधों पर व्याख्यान दिया। नीम, आंवला, ब्राह्मी, गिलोय, सर्पगंधा, अश्वगंधा, तुलसी आदि का महत्व बताया। बिहार के किसान कृष्णप्रसाद ने सतावर, नीम, कालमेघ, तुलसी, सर्पगंधा, अश्वगंधा आदि के व्यवसायिक फायदे गिनाए। अध्यापक और कानपुर के किसान आर. के. त्रिपाठी लेमन ग्रास की खेती की जानकारी दी। कार्यक्रम में डॉ. भक्ति विजय शुक्ला, अजय सिंह, पुष्कल त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।

आईआईटी बीएचयू के पूर्व छात्र ने दिया 3.5 लाख का म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट्स
आईआईटी बीएचयू में 1984 बैच के छात्र टीएस रमेश ने संस्थान को 3.5 लाख का म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट्स गिफ्ट किए। गिटार, कीबोर्ड, एंप्लीफायर और अन्य कई आधुनिक वाद्य यंत्र दिए गए। टीएस रमेश ने कहा कि ये गिफ्ट यह दान उन 17 बैचमेट्स की याद में किया गया है, जो अब हमारे बीच नहीं हैं। इसके माध्यम से उनके योगदान को सम्मानित किया गया है। इन म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट्स को देने के पीछे का उद्देश्य छात्रों में संगीत की प्रतिभा को पोषित करना, रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना और सांस्कृतिक विकास को बढ़ावा देना है।

रविदास पार्क में 8 महीने में आए 99849 लोग
संत रविदास स्मारक पार्क का विकास वीडीए की ओर से किया गया है। इस पार्क में 8 महीने में 99,849 लोग अए हैं। इसमें 99,024 वयस्क और 825 बच्चे और किशोर थे। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक है। 

वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार रविदास पार्क का मुख्य आकर्षण यहां स्थापित संत गुरु रविदास की भव्य मूर्ति और संगीत फव्वारे हैं। जो दिन-रात के मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करते हैं। इन फव्वारों में प्रकाश और संगीत का समन्वय आगंतुकों को एक अद्वितीय अनुभव प्रदान करता है। बच्चों के लिए विशेष रूप से झूले और खेलने के स्थान बनाए गए हैं। पार्क में नियमित रूप से स्वच्छता और रखरखाव का कार्य किया जाता है। 

आईटीआई चौकाघाट में आईटी लैब शुरू
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) चौकाघाट में 70.68 लाख रुपये की लागत से आईटी लैब बनाई गई है। यह सुविधा विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और आईटी कौशल का प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए शुरू की गई है। विद्यार्थियों की लैब में ट्रेनिंग शुरू हो गई है। इससे उद्योगों और संगठनों में रोजगार के अवसरों में वृद्धि के साथ स्व-रोजगार और उद्यमिता के अवसरों में वृद्धि भी देखने को मिलेगी। 

आईटीआई में अत्याधुनिक कोर्सों का प्रशिक्षण देकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने पहले ही टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के साथ करार कर एक लैब बनवाई थी। प्रधानाचार्य राधिका त्रिपाठी ने बताया कि लैब हैंडओवर हो गई है, विद्यार्थियों को ट्रेनिंग भी दी जा रही है।

अब 15 जनवरी तक किसान करा सकेंगे फसलों का बीमा
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत कृषकों को कवर करने के लिए बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर से बढ़ाकर 15 जनवरी तक कर दी गई है। इसकी जानकारी देते हुए सीडीओ हिमांशु नागपाल ने कहा कि रबी सीजन में अब तक 26643 कृषकों ने अपनी फसल का बीमा कराया है, जो पिछले रबी सीजन के सापेक्ष प्रगति 189 प्रतिशत है। 

किसान गेंहू, चना, मटर, मसूर और आलू का बीमा करा सकते है। इस बीमा योजना से फसलों की क्षति होने की स्थिति में किसानों को बीमा कवर क्षतिपूर्ति के रूप में दिया जाएगा। शासन की ओर से योजना हेतु टोल फ्री नंबर 14447 जारी किया गया है, जिस पर किसान काॅल करके योजना की विस्तृत जानकारी ले सकते हैं। साथ ही बीमा कराने वाले किसान आपदा की स्थिति में क्षतिपूर्ति के लिए 72 घंटे के अंदर टोल फ्री नंबर पर जानकारी दे सकते हैं। सीडीओ ने सभी किसानों को अधिक से अधिक भागीदारी के लिए अपील की।

भाजपा जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष के पद के लिए आज आवेदन
भाजपा के जिला और महानगर अध्यक्ष पद के लिए गुरुवार को आवेदन लिए जाएंगे। दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक आवेदन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। जिले के भाजपा चुनाव अधिकारी अशोक कटारिया व महानगर के चुनाव अधिकारी पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने बताया कि जिलाध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर होगा। वहीं महानगर अध्यक्ष पद के लिए गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय पर नामांकन होगा।

जल जीवन मिशन की परियोजनाएं जल्द पूरी कराएं : सीडीओ
जल जीवन मिशन की 46 परियोजनाओं का सत्यापन कर काम तेज करने के लिए बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों को कहा है। मुख्य विकास अधिकारी ने विकास भवन के सभा कक्ष में बैठक कर योजनाओं की समीक्षा की। 

बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण, परियोजना प्रबंधक एलएनटी अन्य प्रतिनिधि, मेधाज सहायक परियोजना अधिकारी, टीपीआई एवं जिला समन्वयक डीपीएमयू के सलाहकार मौजूद रहे। एलएनटी के परियोजना प्रबंधक को मजदूर और मशीनों की संख्या बढ़ाकर समय पर काम कराने को कहा। साथ ही मोटर पंप, एचओटी, सोलर पैनल कार्यों को जल्द पूरा कराने के लिए कहा गया।

बीएचयू के सांख्यिकीय विभाग में पहुंचे विदेशी प्रोफेसर
बीएचयू के सांख्यिकी विभाग में विश्व स्तर के सांख्यिकीविदों ने भ्रमण किया। विभाग के शिक्षकों के साथ अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में शिक्षण और पाठ्यक्रम पर चर्चा की गई। भविष्य में विदेशी संस्थानों से विभागीय संबंधों को साझा किया जाएगा। 

विभागाध्यक्ष प्रो. जीपी सिंह और वरिष्ठ सदस्य प्रो. सत्यांशु कुमार उपाध्याय ने सभी अंतरराष्ट्रीय मेहमानों का गर्मजोशी से स्वागत किया। ट्रिनिटी कॉलेज डबलिन से डॉ. साइमन विल्सन, वॉर्सेस्टर पॉलिटेक्निक इंस्टीट्यूट (डब्ल्यूपीआई) यूएसए से डॉ. बालगोविन नंदराम, यूएस से अर्नेस्ट फोकौए रोचेस्टर, ड्यूक यूनिवर्सिटी, यूएसए से डेविड डनसन आदि शामिल रहे।

वैशाली का असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयन
आराजी लाइन विकासखंड के दरेखू निवासी वैशाली पांडेय का असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयन हुआ है। उन्होंने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर समाजशास्त्र विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर पद प्राप्त किया है। इससे गांव, परिवार सहित क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। वैशाली ने इसका श्रेय अपने दादा स्व. पद्माकर पांडेय और अपने माता-पिता को दिया है। जगतपुर पीजी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुभाष राजभर ने वैशाली के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed