BHU UG Admission 2025: यूजी में आवेदन के लिए 9 दिन का ही मौका, ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन
BHU UG Admission 2025: बीएचयू में यूजी में दाखिले के लिए नौ दिन का ही मौका है। एनटीए की ओर से सीयूईटी यूजी में 22 मार्च तक आवेदन की तिथि तय की गई है।
विस्तार
बीएचयू में यूजी में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गया है। अभ्यर्थी एनटीए यानी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से जारी पोर्टल पर आवेदन कर रहे हैं। एनटीए की ओर से सीयूईटी यूजी में 22 मार्च तक आवेदन की तिथि तय की गई है, ऐसे में केवल नौ दिन ही बचे हैं। प्रवेश परीक्षा मई में कराने का निर्णय लिया गया है।
फॉर्म में संशोधन के लिए 24 से 26 मार्च तक तीन दिन का समय दिया गया है। इससे छात्रों को काफी हद तक सहूलियत होगी। कई बार फॉर्म भरने समय छात्रों से गलती हो जाती है। इसमें सुधार का समय मिलने से आवेदन निरस्त नहीं होंगे।
केंद्रीय विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिए एनटीए की ओर से ऑनलाइन आवेदन, फॉर्म में सुधार के साथ ही प्रवेश परीक्षा की तिथि भी घोषित की गई है। इसमें पीजी में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है जबकि यूजी की प्रक्रिया अभी चल रही है।
बीएचयू में हर साल यूजी, पीजी को मिलाकर पांच लाख से अधिक आवेदन आते हैं। इस बार एक मार्च से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है और अभ्यर्थी अपने पसंद के पाठ्यक्रमों में आवेदन कर रहे हैं। एनटीए की ओर से 22 मार्च तक आवेदन करने को कहा गया है।
आवेदन की फीस, जरूरी तिथियां सहित हर जानकारी एनटीए के पोर्टल पर जारी कर दी गई है। वहीं, प्रवेश के इच्छुक छात्रों ने बताया कि आवेदन कर रहे हैं, इसके साथ-साथ परीक्षा की तैयारी चल रही है। प्रवेश से संबंधित सभी जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध है।