BHU: 10 घंटे में खत्म होंगी UG आवेदन की तकनीकी दिक्कतें, केंद्रीय प्रवेश समिति ने जारी किया लिंक; जानें अपडेट
Varanasi News: आवेदन प्रक्रिया के दौरान कठिनाइयों का सामना करने वाले या स्नातक प्रवेश 2026 से संबंधित शिकायतें या प्रश्न रखने वाले उम्मीदवारों को निर्धारित तिथि और समय के दौरान केंद्रीय प्रवेश समिति से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
विस्तार
BHU University: नई शिक्षा नीति (एनईपी) के बाद स्नातक प्रवेश प्रक्रिया में आ रही तकनीकी दिक्कतों को बीएचयू 10 घंटे में दूर करेगा। बीएचयू अभ्यर्थियों से 10 घंटे लगातार या इससे ज्यादा समय तक लाइव इंटरैक्शन करेगा।
पांच दिनों तक आवेदकों और केंद्रीय प्रवेश समिति के अधिकारियों के बीच बातचीत होती रहेगी। हर दिन अलग-अलग आवेदकों को आ रही दिक्कतों को खत्म करने के लिए उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी। फॉर्म भरने में क्या-क्या सावधानी बरतनी है, यह भी बताया जाएगा।
24 जनवरी यानी कल से ही यह सत्र शुरू हो जाएगा और उसके तीन दिन बाद 27, 28, 29 और 30 जनवरी को भी लाइव सेशन होगा। दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक गूगल मीट के माध्यम से लाइव सत्र आयोजित होंगे। समिति की ओर से कहा गया है कि इन सत्रों का उद्देश्य भावी आवेदकों द्वारा सामना की जाने वाली समस्याओं का समाधान करना है।
मेजर-माइनर और विषय चयन में आ रहीं कठिनाइयां
बीएचयू में दो साल से नई शिक्षा नीति लागू की गई है। सभी एकेडमिक गतिविधियां अब इसी नीति के आधार पर चल रही हैं। ऐसे में छात्रों को मेजर के साथ माइनर विषय के चयन में काफी संदेह होता है। इसके अलावा कई मल्टी डिसिप्लिनरी विषय भी हैं, जिनके बारे में आवेदकों को जानकारी न के बराबर है।
इन्हीं कठिनाइयों को समझकर फॉर्म भरने की प्रक्रिया को आसान बनाया जाएगा। इसी के तहत पांच दिनों तक आवेदकों से बातचीत की जाएगी। बैठक का लिंक वेबसाइट https://admission.bhu.ac.in/en पर दे दिया गया है।
2-4 फरवरी तक कर सकेंगे सुधार
एनटीए की ओर से सीयूईटी यूजी आवेदन 30 जनवरी को रात 11 बजकर 50 मिनट तक होगा। 31 जनवरी को फीस जमा करने की अंतिम तिथि है। आवेदन में सुधार की प्रकिया दो फरवरी से चार फरवरी तक चलेगी। वहीं प्रवेश परीक्षाएं 11 मई से लेकर 31 मई तक कराई जाएगी।