BHU: छात्रों ने अमेरिका सहित सात देशों में प्रस्तुत किए रिसर्च पेपर, नौ वैज्ञानिकों को एक करोड़ के ग्रांट्स
उत्तर प्रदेश के विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद की ओर से बीएचयू के तीन विभागों भौतिक विज्ञान, वनस्पति विज्ञान और जंतु विज्ञान विभाग को चार बड़े रिसर्च ग्रांट मिले हैं।
विस्तार
बीएचयू के विज्ञान संस्थान में बीते तीन महीने में बीएचयू के छात्र-छात्राओं ने सात देशों का दौरा कर अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में अपने रिसर्च प्रस्तुत किए। तीन छात्राएं और दो छात्रों को छह से सात लाख रुपये पर प्लेसमेंट मिला। वहीं, इस बीच संस्थान के नौ प्रोफेसरों और वैज्ञानिकों को एक करोड़ से ज्यादा के रिसर्च ग्रांट मिले।
साथ ही प्रोफेसरों को भारत सरकार समेत कई अंतरराष्ट्रीय सम्मान और पहचान मिली जबकि 21 छात्र-छात्राओं को सीएसआईआर और एनआरएफ की पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप (पीडीएफ) और एसआरएफ मिली। ये सूचनाएं बीएचयू के विज्ञान संस्थान ने अपनी त्रैमासिक पत्रिका न्यूजलेटर के अक्तूबर के अंक में जारी कर दी हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने जंतु विज्ञान विभाग की डॉ. श्रुति पी हसदा को 47.95 लाख रुपये का ग्रांट मिला। भौतिक विज्ञान विभाग के डॉ. रजनीश कुमार और डॉ. अनिर्बान को 12.36 लाख, डॉ. नफीस बेगम और डॉ. विमल किशोर को 13.90 लाख, डॉ. दीपक कुमार और डॉ. जय प्रकाश मौर्या को 19.36 लाख, जूलॉजी विभाग की डॉ. ऋचा आर्या और डॉ. बामा चरण मोंडल को 14.60 लाख रुपये का रिसर्च ग्रांट मिला है।
इन्हें मिला प्लेसमेंट
पांच प्लेसमेंट में चार सांख्यिकी विभाग से हुआ। इसमें स्टेटिस्टिक्स की छात्रा स्नेहा राय ईबीएम में हेल्थ कंसलटेंट बनीं। ममता चक्रवर्ती को आईपीएसओएस में सात लाख का पैकेज मिला। सौमी दास को रैनमैन कंसल्टिंग में छह लाख का पैकेज, सेफ एक्सप्रेस में ग्रेसी सिंह को छह लाख और मेडटेक एआई में अर्पित सिंह को सात लाख रुपये का पैकेज दिया गया है।
यूरोप के 6 देशों में 9 दौरे
बीएचयू के वैज्ञानिकों और छात्र-छात्राओं ने रिसर्च के लिए यूरोप के छह देशों में 9 दौरे और एक बार अमेरिका की यात्रा की। स्पेन में 28वें यूरोपियन ड्रोसोफिला रिसर्च कॉन्फ्रेंस, यूके में बायोलॉजिस्ट 100 कॉन्फ्रेंस, जर्मनी में ईएमबीओ प्रैक्टिकल कोर्स इन करेंट मेथड इन सेल बायोलॉजी, जापान में इंटरनेशनल हार्ट रिसर्च पर 25वां विज्ञान कांग्रेस, जर्मनी में रसायन विज्ञान पर 16वां इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस और एचपीसी फॉर क्लाइमेट समर स्कूल, अमेरिका के टेक्सास में इमेज 25, इटली में इटेलियन कॉन्फ्रेंस और ग्रीस में ऑब्जेक्ट्स बाइज कॉन्फ्रेंस।