BHU: ट्रॉमा सेंटर से प्रोफेसर मंजरी मिश्रा को हटाया गया, प्रभारी और उनके पर लगाया था दुर्व्यवहार का आरोप
आईएमएस बीएचयू के ट्राॅमा सेंटर का विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। राष्ट्रीय महिला आयोग के आदेश पर प्रोफेसर मंजरी मिश्रा पर कार्रवाई कर दी गई।
विस्तार
Varanasi News: आईएमएस बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर प्रभारी प्रोफेसर सौरभ सिंह और उनके सहयोगी पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाने वाली एनेस्थीसिया विभाग की प्रोफेसर मंजरी मिश्रा का गुरुवार की देररात हटा दिया गया। उन्हें आईएमएस के एनेस्थीसिया विभाग में वापस भेजा गया है।
कुलसचिव कार्यालय की ओर से उपकुलसचिव वेलू ए ने गुरुवार की देररात आदेश जारी किया और कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग के आदेश पर प्रो. मिश्रा को एनेस्थीसिया विभाग में भेजा गया है। आदेश का अनुपालन आईएमएस निदेशक कराना है।
एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष से कहा गया है कि ट्रॉमा सेंटर में किसी और की ड्यूटी लगाई जाए ताकि मरीजों के जांच और इलाज में किसी तरह की दिक्कत न आए। प्रो मंजरी ने भी राष्ट्रीय महिला आयोग को पत्र लिखा था। उन्होंने कहा कि इस माहौल में ट्रॉमा सेंटर में काम नहीं कर सकते हैं। एनेस्थीसिया विभाग की प्रोफेसर मंजरी मिश्रा की तैनाती लंबे समय से ट्रॉमा सेंटर में थी।
शोध छात्रा की मौत के मामले में करेंगे आंदोलन
जम्मू-कश्मीर की शोध छात्रा नाजुक हसीन की बीएचयू में मौत के मामले को लेकर गुरुवार को रामकटोरा स्थित समता भवन में लोकतंत्र सेनानी कुंवर सुरेश की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान दो अगस्त से आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया। तय किया कि लोगों को इस आंदोलन से जोड़ा जाएगा।
सीपीआई नेता हीरालाल ने इस मामले में बीएचयू प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। इस मौके पर वरिष्ठ समाजवादी नेता डॉ. सूबेदार सिह, दुर्गा प्रसाद, जयशंकर पांडेय, राजद नेता सुरेंद्र यादव सपा महानगर अध्यक्ष दिलीप डे मौजूद रहे।