बीएचयू के हॉस्टल से लापता एमबीबीएस के छात्र सीसी टीवी फुटेज खंगालने पर दिखा विंध्याचल में
वाराणसी बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में इंटर्नशिप कर रहे एमबीबीएस के लापता छात्र की बुलेट विंध्याचल थाने के पास बरामद हुई है। सीसी टीवी फुटेज खंगालने पर छात्र विंध्याचल में दिखाई दिया है।
छात्र नवनीत पराशर मंगलवार की सुबह से हॉस्टल से लापता है। वह धनवंतरि हॉस्टल में रहता है। मंगलवार की सुबह वह बुलेट से बाहर गया और वापस नहीं आया। छात्रों ने उसकी खोजबीन की।
न मिलने पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड को सूचना देने के साथ ही लंका थाने में तहरीर दी । इधर, विंध्याचल कोतवाली क्षेत्र में थाने के पास मंगलवार की शाम को एक बुलेट बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, छात्र ने मोटरसाइकिल कोतवाली गेट के सामने खड़ी करके मंदिर की सीढ़ी पर उसकी चाभी छोड़ दी और इसके बाद गंगा स्नान किया।
फिर मंदिर की सीढ़ियों पर मत्था टेका। इसके बाद कुछ लोगों से बलि के बारे में चर्चा की और फिर गंगाघाट की तरफ चला गया। इसके बाद से उसे नहीं देखा गया। चर्चा है कि दो महीने पूर्व बनारस में किसी साधक से उनकी निकटता हुई थी।
इसके कारण उसका सांसारिक चीजों से मोहभंग होने लगा। लोगों के अनुसार, उसने मोबाइल, पैसा आदि किसी न किसी को दान दे दिया। उसने मोटरसाइकिल भी दान देने की चेष्टा की। इन तमाम बातों से यही अनुमान लगाया जा रहा है कि वह पैदल ही कहीं साधना के लिए चला गया।