बीएचयू के हॉस्टल में मिले आठ पेट्रोल बम
सामाजिक विज्ञान संकाय के आचार्य नरेंद्र देव हॉस्टल के सात कमरे कुछ दिन पहले ही हॉस्टल के छात्रों की शिकायत पर सील किए गए थे। कमरा नंबर 27 में हॉस्टल के ही एक अन्य छात्र का कुछ सामान उसमें रह गया था। उसने वार्डन और डीन से अपना सामान निकालने की बात कही। शुक्रवार को वार्डन और प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम की मौजूदगी में कमरा नंबर 27 खोला गया। जब कमरे की तलाशी ली जाने लगी, एक बैग में रखे आठ पेट्रोल बम मिले। कमरे से लोहे की रॉड समेत शराब की कई बोतलें, गांजा, हुक्का, बीयर के केन और सिगरेट भी मिले।
इसकी सूचना फौरन पुलिस को दी गई। भेलूपुर सीओ राजेश श्रीवास्तव लंका थाने की पुलिस के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया। दस्ते ने पेट्रोल बम डिफ्यूज कर दिए। इसके बाद एक-एक कर पहले सील किए गए छह अन्य कमरों की भी तलाशी ली गई। इस दौरान कमरा नंबर 66 से शराब की बोतल व कमरा नंबर 103 से मारपीट में इस्तेमाल किए जाने वाले लोहे के पंच वगैरह मिले जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। एसओ लंका संजीव कुमार मिश्रा का कहना है कि बीएचयू प्रशासन की तहरीर पर कमरा नंबर 27 में रहने वाले दोनों छात्रों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।