बीएचयू: त्वचा, बाल और आंखों के रंग से जुड़े जीन का डेटाबेस हुआ तैयार; इन लोगों के लिए बिना खर्च मिलेगी सुविधा
बीएचयू के वैज्ञानिकों ने त्वचा, बाल और आंखों के रंग से जुड़े जीन का डेटाबेस तैयार किया है। इससे चिकित्सा जगत और जेनेटिक शोधकर्ताओं को बिना किसी खर्च के महत्वपूर्ण आनुवंशिक जानकारियां उपलब्ध हो सकेंगी। डेटाबेस से रंगों से संबंधित जीन के अध्ययन और शोध को नई दिशा मिलेगी। इससे भविष्य में चिकित्सा और आनुवंशिकी के क्षेत्र में भी मदद मिलेगी।
विस्तार
बीएचयू के वैज्ञानिकों की टीम ने मानव त्वचा, बालों और आंखों के रंग को निर्धारित करने वाले जीन का डेटाबेस तैयार करने में सफलता पाई है। शोध की नेतृत्वकर्ता डॉ. चंदना बसु ने बताया कि वैज्ञानिक ज्ञान खुला, सुलभ और साझा किया जाना चाहिए।
ह्यूमन पिगमेंटेशन डेटाबेस (एचपीडीबी) के माध्यम से हम ऐसा कर पाने में सक्षम हैं। यह संसाधन हमारी मानव विविधता, विकास और स्वास्थ्य की समझ को आगे बढ़ाएगा।एचपीडीई यूजर्स के अनुकूल बुनियादी और उन्नत खोज सुविधाएं देता है जिससे शोधकर्ता जीन के नाम, जीन वेरिएंट पहचानकर्ता, जनसंख्या, प्रकाशन, क्रोमोसोमल स्थान और अन्य मानकों का उपयोग करके जानकारी का पता लगा सकते हैं। यह डेटाबेस पंजीकरण के बिना विश्व स्तर पर मुफ्त में उपलब्ध है। मानव जेनेटिक्स, जनसंख्या जीनोमिक्स, विकासवादी जीवविज्ञान में अनुसंधान का समर्थन करने के लिए डिजाइन किया गया है।
सेंटर फॉर जेनेटिक डिसऑर्डर्स के संस्थापक निदेशक प्रो. राजीव रमन ने बताया कि यह दुनिया भर के चर्म रोग विशेषज्ञों (डर्मेटोलॉजिस्ट), जेनेटिक शोधकर्ताओं और चिकित्सा वैज्ञानिकों के लिए एक संजीवनी साबित होगा। विज्ञान संस्थान के आनुवंशिक विकार केंद्र (सेंटर फॉर जेनेटिक डिसऑर्डर्स) की टीम का शोध हाल ही में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पत्रिका में प्रकाशित हुआ है।
शोध करने वाली टीम भविष्य में डेटाबेस का समय-समय पर अपडेट कर इसे और बढ़ाने की योजना बना रही है ताकि पिगमेंटेशन जेनेटिक्स, मानव विकासात्मक अनुसंधान और मेडिकल जीनिटिक्स के लिए एक वैश्विक ज्ञान संसाधन के रूप में और अधिक उपयोगी बने।
मानव वर्णक हमारी प्रजाति के सबसे दिखने और बदलने योग्य लक्षणों में से एक है जो जेनेटिक्स, पराबैंगनी विकिरण के लिए विकासात्मक अनुकूलन और जनसंख्या इतिहास से आकार लेता है। अब तक जो भी अध्ययन हुए हैं, उसमें सामान्य वर्णक विविधता और विकारों जैसे अल्बिनिज्म और विटिलिगो से जुड़े जीन और वेरिएंट्स की पहचान की है, यह जानकारी वैज्ञानिक साहित्य में बिखरी हुई रही है।
n वी एस सुंदराजन ने कहा कि यह डेटाबेस पूरी तरह से ओपन-एक्सेस यानी सभी के लिए मुफ्त है, जिसे कोई भी डॉक्टर या शोधकर्ता वेबसाइट पर जाकर इस्तेमाल कर सकता है। इसमें सर्च करने के इतने आसान और उन्नत विकल्प दिए गए हैं कि किसी भी खास जीन या वेरिएंट की जानकारी पलक झपकते ही स्क्रीन पर आ जाती है। सेंटर फॉर जेनेटिक डिसऑर्डर्स के समन्वयक डॉ. अख्तर अली ने कहा कि एचपीडीबी का विकास सहयोगी अनुसंधान के महत्व को दर्शाता है।
