BHU Convocation: बीएचयू के दीक्षांत में 500 टॉपर्स को मिलेंगे गोल्ड-सिल्वर मेडल, 12 दिसंबर को होगा समारोह
BHU Convocation 2025: बीएचयू में 12 दिसंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए 450 गोल्ड और 25 सिल्वर मेडल छपवाया जा रहा है।
विस्तार
बीएचयू के 105वें दीक्षांत समारोह में 135 से ज्यादा विभागों के 500 से ज्यादा टॉपर्स को मेडल से नवाजा जाएगा। मंच से 30 से ज्यादा मेधावियों को सम्मानित किया जाएगा। विश्वविद्यालय की ओर से 450 से ज्यादा गोल्ड मेडल और बाकियों को सिल्वर मेडल और अन्य उपहार दिए जाएंगे। पिछले साल 544 मेडल दिए गए थे।
12 दिसंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह के लिए इस बार बीएचयू की ओर से 450 गोल्ड और 25 सिल्वर मेडल छपवाया जा रहा है। नवंबर के अंत तक ये मेडल बनकर बीएचयू आ जाएंगे। वहीं, 15000 उपाधि धारक विद्यार्थियों के साफा और उत्तरीय भी तैयार कराए जा रहे हैं। स्नातक की 8300 और परास्नातक की 5500 उपाधियां वितरित की जाएंगी। 900 शोधार्थियों को एमफिल और पीएचडी की उपाधियां मिलेंगी।
एक तरफ बीएचयू का लोगो, दूसरी ओर छात्र का ब्योरा
इस साल मिलने वाले मेडल का भार 60 ग्राम होगा। व्यास 2.5 इंच का रखा जाएगा। वहीं, 16 ग्राम चांदी के साथ तांबे को मिलाकर गोल्ड और सिल्वर मेडल बनाए जाएंगे। मेडल के एक तरफ बीएचयू का लोगो और दूसरी तरफ छात्रों का डिटेल होगा। इसी में चांसलर मेडल भी होंगे। फिलहाल अभी तक दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि का नाम नहीं तय हो सका है।
इसे भी पढ़ें; Dhanteras: काशी में श्रद्धालुओं पर खजाना लुटा रहीं मां अन्नपूर्णा, स्वर्णमयी स्वरूप के दर्शन कर निहाल हुए भक्त
बीएचयू में 10 से ज्यादा स्थानों पर दीक्षांत समारोह का आयोजन पूरे तीन दिनों तक होगा। पहले दिन 12 दिसंबर को मुख्य कार्यक्रम स्वतंत्रता भवन सभागार में होगा। दीक्षांत के लिए एकेडमिक काउंसिल के 350 सदस्यों को भी चुन लिया गया है। दीक्षांत के लिए बनी कमेटियों ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर ली है। वहीं, परीक्षा नियंता कार्यालय की ओर से मेडलिस्ट और उपाधि धारकों की सूची तैयार की जा रही है। हर किसी पास आउट छात्र और छात्रों को मंच से उपाधियां दी जाएंगी।