BHU: यूजी में 8500 सीटों पर दाखिला, 1-7 जुलाई तक खुलेगा काउंसिलिंग पोर्टल; देखना होगा ऑफिशियल वेबसाइट
Varanasi News: बीएचयू में 2026-27 सत्र के स्नातक प्रवेश के लिए करीब 8500 सीटों की काउंसिलिंग जुलाई के पहले सप्ताह से शुरू होगी। रजिस्ट्रेशन पोर्टल 1 से 7 जुलाई तक खुलेगा। डिप्लोमा प्रवेश प्रक्रिया 10 जुलाई से शुरू होगी। पीजी की 8000 सीटों पर तीन चरण पूरे हो चुके हैं और 80 फीसदी से अधिक प्रवेश हो चुके हैं।
विस्तार
Varanasi News: बीएचयू में करीब 8500 सीटों के लिए स्नातक प्रवेश के लिए काउंसिलिंग की प्रक्रिया जुलाई के पहले सप्ताह से शुरू हो जाएगी। बीएचयू ने इसकी सूचना जारी कर दी है। 2026-27 के लिए रजिस्ट्रेशन पोर्टल एक से सात जुलाई के बीच खोल दिया जाएगा। केंद्रीय प्रवेश समिति की ओर से अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आगे की जानकारी के लिए रेगुलर तौर पर ऑफिशियल वेबसाइट देखते रहें।
एनटीए की ओर से सीयूईटी यूजी के लिए एक लाख से ज्यादा आवेदकों ने बीएचयू का विकल्प भी भरा है। बीएचयू को एनटीए की ओर से उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का डेटा दे दिया गया है। सप्ताह भर के अंदर ही यूजी सीट आवंटन का पूरा शेड्यूल और बुलेटिन जारी कर दिया जाएगा।
डिप्लोमा में प्रवेश की प्रक्रिया 10 जुलाई से
बीएचयू में डिप्लोमा कोर्स में आवेदन करने वालों को भी 10 जुलाई से विभागों में इंटरव्यू और फिजिकल वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जा रहा है। जुलाई के अंत तक डिप्लोमा कोर्स वालों को भी प्रवेश दे दिया जाएगा। डिप्लोमा की करीब 1500 से ज्यादा सीटें भरी जानी हैं। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय ने विभागों से डेटा मांगा है जिससे इसका भी रिजल्ट जारी किया जा सके। अभ्यर्थियों की ओर से डिप्लोमा कोर्स के लिए 17 जून तक आवेदन किया गया था।
पीजी की आठ हजार सीटों पर तीसरा राउंड पूरा
बीएचयू में करीब 8000 सीटों पर पीजी कोर्स की काउंसिलिंग जारी है। तीन चरणों की काउंसिलिंग पूरी कर ली गई है। इसमें करीब 80 फीसदी से ज्यादा अभ्यर्थियों को प्रवेश मिल चुका है। वहीं, अभी तक जिन्हें मन मुताबिक सीट या कैंपस नहीं मिला है, वे अपग्रेड करा रहे हैं। वहीं जो इस काउंसिलिंग में शामिल नहीं हो पाए वो माॅपअप राउंड का इंतजार करेंगे। हालांकि, सीट भर जाने की स्थिति में मॉपअप राउंड नहीं हो पाएगा।