बीएचयू का 105वां दीक्षांत समारोह: 29 गोल्ड मेडलिस्ट में 20 छात्राएं, एक डॉक्टर को डी.लिट की उपाधि
Varanasi News: बीएचयू के 105वें दीक्षांत समारोह में 29 गोल्ड मेडलिस्ट में 20 छात्राएं शामिल हैं। वहीं एक डॉक्टर को डी.लिट की उपाधि दी जाएगी। सभी 16 संकायों में 554 छात्र और छात्राओं को गोल्ड और सिल्वर मेडल से नवाजा जाएगा।
विस्तार
बीएचयू के 105वें दीक्षांत के शीर्ष 29 गोल्ड मेडलिस्ट में से 20 छात्राएं और 9 छात्र हैं। दो चांसलर और काशी नरेश के नाम पर दो मेधावियों को स्वर्गीय महाराजा विभूति नारायण सिंह गोल्ड मेडल भी दिए जाएंगे। सभी 16 संकायों में 554 छात्र और छात्राओं को गोल्ड और सिल्वर मेडल से नवाजा जाएगा।
पिछले सत्र 2024-25 के 13650 छात्र-छात्राओं को उपाधियां दी जाएंगी। इनमें मेडिसिन संकाय से एक डॉक्टर को मंच से डी.लिट उपाधि दी जाएगी। बाकी 712 पीएचडी, 5484 पीजी, 7449 यूजी और चार एमफिल उपाधियां दी जाएंगी। ये जानकारी बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने बुधवार को सेंट्रल ऑफिस में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह का सीधा प्रसारण सुबह 11 बजे से होगा। बीएचयू की वेबसाइट (www.bhu.ac.in) और विश्वविद्यालय के आधिकारिक यूट्यूब चैनल (@bhusocialmedia) पर प्रसारण किया जाएगा। इस दौरान परीक्षा नियंता और कला संकाय की डीन प्रो. सुषमा घिल्डियाल ने बताया कि 20 बेटियों को मंच से गोल्ड मेडल दिए जाएंगे जो कि लड़कियों के लिए बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने तीन सीनियर प्रोफेसरों की बेटियों को गोल्ड मेडल दिए जाने को संयोग बताया। उन्होंने आगे बताया कि दीक्षांत परिधान, साफा और उत्तरीय का वितरण संकाय स्तर पर बहुत व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है, ताकि अंतिम समय की भीड़ से बचा जा सके।
रक्षा वैज्ञानिक होंगे मुख्य अतिथि
12 दिसंबर को स्वतंत्रता भवन सभागार में शुरू हो रहा दीक्षांत समारोह 16 दिसंबर तक चलेगा। पहले दिन समारोह के मुख्य अतिथि नीति आयोग के सदस्य, जेएनयू के कुलाधिपति और रक्षा वैज्ञानिक प्रो. वीके सारस्वत होंगे। पोर्टल से जुड़ें पुरा छात्र: कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि सुबह 11 बजे से कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। कुलपति ने डिग्री प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के आधिकारिक पुराछात्र पोर्टल www.alumni.bhu.in से जुड़ने की बात कही। कुलपति ने कहा कि दीक्षांत केवल शैक्षणिक डिग्री का औपचारिक समापन नहीं, बल्कि एक विद्यार्थी के वर्षों के परिश्रम का परिणाम और एक नई यात्रा की शुरुआत भी है।
एआई टूल्स, कोडिंग, साइबर सिक्योरिटी में परिषदीय विद्यालयों के बच्चे होंगे निपुण
परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीक और वैश्विक स्तर की शिक्षा से सशक्त बनाने की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक अब आईआईटी कानपुर में प्रशिक्षित होकर बच्चों को एआई, कोडिंग, साइबर सिक्योरिटी, डिजिटलाइजेशन समेत कंप्यूटर की अन्य विद्या में निपुण बनाएंगे। इसके लिए वाराणसी के 10 शिक्षकों को आईआईटी कानपुर में प्रशिक्षण दिया गया है। वाराणसी के शिक्षक आईआईटी कानपुर में प्रशिक्षण लेकर मंगलवार को लौटे। ये शिक्षक अब जिले के परिषदीय स्कूल के बच्चों को पढ़ाएंगे। मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने बताया कि राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद उत्तर प्रदेश लखनऊ की ओर से ये प्रशिक्षण कराया जा रहा है। प्रशिक्षण पाने वालों में तूबा आसिम, दीप्ति मिश्रा, सुप्रिया, आकांक्षा, प्रज्ञा, वरुण, वर्षा, वीर, वीके यादव शामिल रहे।