काशी में भरत मिलाप: 12 साल के बॉक्सर रामभक्त से 10 महीने तक के बच्चे भी चंदन-पगड़ी में पहुंचे लीला देखने
वाराणसी के भरत मिलाप में 12 साल के बॉक्सर रामभक्त ने रजत पदक जीता। वहीं 10 महीने के बच्चे भी चंदन-पगड़ी में पहुंचे। गोद में दुबके बच्चे और लाठी लिए चल रहे बुजुर्ग एक ही पहनावे में दिखे।
विस्तार
काशी के 488 साल पुराने लक्खा मेले भरत मिलाप में पुष्पक विमान खींचकर अयोध्या रूपी नाटी इमली मैदान पहुंचा हर दूसरा यदुवंशी रामभक्त देसी-विदेशी पहलवान मिला। पिछले महीने 14 साल के किशोर ने हरियाणा में हुए बॉक्सिंग के नेशनल स्पर्धा में रजत पदक जीता। वो भी पिता के साथ विमान लेकर भगवान राम को भरत से मिलाने पहुंचा। ऐसे ही बृहस्पतिवार की शाम मैदान में 10 महीने के बच्चे से लेकर 80 साल तक के भक्तों का हुजूम उमड़ा था। गोद में दुबके बच्चे और लाठी लिए चल रहे बुजुर्ग एक ही पहनावे और रंग-रूप में नजर आए। आंख में काजल, माथे पर चंदन, सिर पर पतली लाल-केसरिया पगड़ी और तन पर सफेद धोती और खलीतेदार गंजी थी।
मोबाइल गेम खेलने की उम्र में बच्चे भगवान राम को भरत से मिलाने के लिए विमान के साथ चलते दिखे। 12 साल के श्रीदयाल यादव ने हाल ही में राष्ट्रीय स्तर पर बॉक्सिंग में रजत पदक जीता है। श्रीराम को आदर्श बनाकर विरोधियों को रिंग में पटकनी देते हैं। महिलाओं ने कहा कि उनकी शादी हो गई है फिर भी वे अपने ससुराल से यहां भरत मिलाप देखने के लिए आती हैं। पति भले ही व्यस्त हों। यहां आई नई पीढ़ी इसलिए भी आई क्योंकि उनको राजा की हाथी की राजसी सवारी खींच लाई।
रथ को उठाने से लगता है कि धर्म के लिए कुछ तो कर रहे
30 साल से यहां आ रहे मुन्ना यादव ने अपने साथ अपने दोनों बच्चों को भी लेकर आए। उन्होंने कहा कि ये परंपरा बच्चों में ऐसी घर कर चुकी है कि अब कहीं कुछ भी करें, वे इस दिन यहीं आते हैं। बेटा अर्पित यादव ने कहा कि विमान उठाकर आगे ले जाते हैं। वीडियो गेम खेलता हूं लेकिन उससे भी अच्छा यह लगता है। रथ को उठाने से लगता है कि धर्म के लिए कुछ तो कर रहे हैं।
मोबाइल गेम और यूट्यूब से बेहतर है यहां आना
एक दादी अपने पोते-पोतियों को लेकर पहुंचीं। उनका नाम कृष्णा जायसवाल है। उन्होंने कहा कि बेटे-बहू घर पर हैं, लेकिन इन बच्चों में इस परंपरा को जीवित करना है। वह बचपन से ही यहां आती हैं। पति भी कई बार साथ में आते थे। वहीं, अपने 10 महीने के पोते लल्ला यादव को लेकर पहुंचे विष्णु यादव ने कहा कि ये बच्चे का पहला भरत मिलाप है। वहीं, दूसरा बच्चा साहिल और समर यादव पांच साल से लगातार आ रहे हैं। इन बच्चों ने कहा कि मोबाइल गेम भी खेलते हैं और यूट्यूब भी चलाते हैं लेकिन यहां आने जैसा अच्छा कुछ भी नहीं। मैदागिन के दुकानदार राहुल यादव ने कहा कि 20 साल से आ रहा हूं। पिता और दादा जी भी आते रहे हैं। कोई दबाव नहीं है। बाप-दादा की परंपरा है। पुरखे भेजते थे कि यादवों की पुरानी परंपरा है। हमारा बचपन बिना भरत मिलाप के पूरा ही नहीं हुआ। भगवान कुछ क्षण के लिए प्रकट होते हैं।
पहली बार ये पता करने आई कि क्यों मजबूत है ये आस्था
पहली बार आईं लक्ष्मी यादव ने कहा कि ऐसा नहीं लगा कि मेला में कुछ अंजान जैसा है। सबसे पहले राजा साहब का दर्शन हुआ और आस्था की इतनी मजबूती देखकर गर्व महसूस हो रहा है। वर्षा श्रीवास्तव ने कहा कि वे 30 साल से यहां पर उपस्थिति दर्ज करा रहीं हैं। विवाह होने के दौरान ही ये फैसला लिया था कि यहां आना नहीं छोड़ूंगी। छात्राओं ने कहा कि हम लोग यहीं के निवासी हैं और बिना गैप किए हर साल आते हैं।