अंतरराष्ट्रीय मैराथन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे हेमंत, एक बार सचिन ने कहा था- आप मुझसे बेहतर
दुनिया भर में मखमली कालीनों के लिए प्रसिद्ध भदोही जिले का नाम खेल जगत में भी अंतरराष्ट्रीय फलक पर चमकने लगा है। क्रिकेट और डब्ल्यूडब्ल्यूई में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पटल पर भदोही का झंडा बुलंद करने के बाद मैराथन में भी यहां की माटी की खुशबू पूरी दुनिया में बिखरने जा रही है। चीन में होने वाली अंतरराष्ट्रीय मैराथन में भारत का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी भदोही जिले के धावक को मिली है। कम संसाधनों के बावजूद खेल की दुनिया में जिले का मान बढ़ा रहे खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर जिले के लोग फूले नहीं समा रहे हैं।
चाइनीज एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से एक दिसंबर को चीन में आयोजित एससीओ (शंघाई को-ऑपरेशन आर्गनाइजेशन) कनमिंग मैराथन में भदोही जिले का खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेगा। सुरियावां क्षेत्र के कपूरपुर गांव निवासी किसान यज्ञ नारायण यादव के बेटे हेमंत यादव का चयन अंतर्राष्ट्रीय मैराथन के लिए होने पर परिजनों और खेल प्रेमियों की खुशी है। आर्मी के एएससी कोर में सिपाही के पद पर तैनात हेमंत को यह अवसर 20 दिनों पूर्व हुए ट्रायल में प्रथम स्थान हासिल करने के बाद हासिल हुआ।
आर्मी इंस्टीट्यूट स्पोटर्स ट्रेनिंग सेंटर, पुणे में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हेमंत गुरुवार को अपनी चीन यात्रा पर रवाना हो गए। अमर उजाला से टेलीफोन पर बातचीत में हेमंत ने बताया कि इस मैराथन के लिए वह लंबे समय से मेहनत कर रहे हैं। इस मैराथन में दुनिया के कई देशों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
हेमंत ने इससे पहले जनवरी-2018 को टाटा-मुंबई मैराथन में सातवां, दो दिसंबर 2018 को आयोजित पुणे इंटरनेशनल मैराथन में तीसरा और गत 24 फरवरी को दिल्ली में आयोजित आईडीबीआई मैराथन में पांचवां स्थान बनाने में सफल हुए थे। उनकी काबिलियत पर क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने स्वयं उनसे मुलाकात कर हौसला अफजाई की।
कपूरपुर के एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले हेमंत यादव दिसंबर 2013 में सेना में भर्ती हुए। इससे पूर्व उनकी इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई सुरियावां के सेवाश्रम इंटर कॉलेज में हुई। यहां खेल शिक्षक राजेंद्र तिवारी ने उनकी प्रतिभा को तरासने में खास भूमिका निभाई। हेमंत के चचेरे बड़े भाई ट्रेजरी भदोही में एकाउंटेंट के पद पर तैनात मथुरा यादव बताते हैं कि सेना में जाने से पहले हेमंत में मैराथन की स्टेमिना गजब की थी, लेकिन संसाधनों और माहौल के अभाव में कोई समझ नहीं पाया। स्कूल स्तर पर भी वह बेहतर खिलाड़ी रहा है।
जब सचिन ने कहा- ‘आप मुझसे बेहतर’
गत फरवरी में दिल्ली में आयोजित आईडीबीआई मैराथन में स्थान बनाने के बाद क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने मंच पर आकर हेमंत से हाथ मिलाया और उन्हें बधाई दी। कहा कि आपने 42 किलोमीटर मैराथन पूरा किया, इसके लिए बहुत बधाई। इसमें आप और आर्मी के कोच का बहुत बड़ा योगदान है। भदोही जैसी एक छोटी जगह के रहने वाले होकर भी आपने से बहुत बड़ा काम किया। हम क्रिकेटर हैं, लेकिन आप कहीं बेहतर हो, क्योंकि आप एक मैराथन रनर हो।