बनारस बार: 53 प्रत्याशियों की जीत-हार का फैसला मत पेटिका में बंद, चुनाव संपन्न; चार जनवरी को होगी मतगणना
Varanasi News: मतदान के लिए 17 टेबल व 59 बूथ बनाए गए थे। वोटरों को दीवानी न्यायालय परिसर से होकर बनारस बार के सभागार में बने बूथ में वोट डालने जाना था। इसके बाद सभागार के दूसरे गेट से बाहर निकलते रहे। मतदान के बाद मतपेटियों को प्रत्याशियों के सामने सील कर सुरक्षित रखवा दिया गया।
विस्तार
Banaras Bar Association: दी बनारस बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में शुक्रवार को 76.86 प्रतिशत मत पड़े। अध्यक्ष समेत अन्य पदों पर 53 प्रत्याशियों की जीत हार का फैसला मत पेटिका में बंद हो गया। कड़ी सुरक्षा के बीच चुनाव में 4312 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह 10 से शाम 4 बजे तक कुछ मतदाता सीओपी न होने के चलते वंचित हो गए।
चार जनवरी को मतगणना होगी। 5613 मतदाता वाले बनारस बार के चुनाव में सुबह मतदान की गति धीमी रही। दोपहर बाद मतदान की प्रक्रिया तेजी से बढ़ी। बहुत से मतदाता सीओपी न होने व न लाने के चलते मतदान से रोके गए। कुछ देर के लिए प्रत्याशियों ने नाराजगी भी जताई। वोटों की गिनती 4 जनवरी की सुबह 8 बजे से शुरू होकर परिणाम आने तक जारी रहेगी।
एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन अमरनाथ शर्मा व वरिष्ठ समिति सदस्यों सुरेश श्रीवास्तव, प्रमोद पाठक, नरेंद्र शर्मा व शमीम अहमद ने बताया कि चुनाव के लिए वरिष्ठ समिति सदस्यों में तारक नाथ गांगुली, प्रदीप श्रीवास्तव, कमलेश यादव, अजय बरनवाल के अलावा कई अधिकारियों ने भूमिका निभाई। कैंट पुलिस पूरे समय मुस्तैद रही।
सेंट्रल बार एसोसिएशन के लिए मतदान आज, तैयारी पूरी
वाराणसी। सेंट्रल बार एसोसिएशन के लिए मतदान शनिवार को सुबह 10 से 4 बजे के बीच होगा। एल्डर्स कमेटी की ओर से चुनाव संबंधित तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राधेलाल श्रीवास्तव व सदस्य संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अध्यक्ष व महामंत्री समेत 20 पदों पर 77 प्रत्याशी मैदान में हैं, कुल 7636 मतदाता मतदान करेंगे।
95 मत बूथ और 17 मतपत्र टेबल लगाए जाएंगे, जिसमें आजीवन सदस्यों के लिए भूतल पर मतदान की व्यवस्था की गई है। जबकि साधारण सदस्यों के लिए प्रथम तल पर व्यवस्था की गई है। वहीं, चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए 60 सहायक चुनाव अधिकारी को लगाया गया है।
भूतल पर आजीवन और प्रथम तल पर पुराने सदस्य मत डालेंगे। चुनाव के लिए सुरक्षा की दृष्टि से कैंट पुलिस मुस्तैद रहेगी। सेंट्रल बार चुनाव के लिए प्रत्याशियों ने अपनी जीत के लिए चुनाव प्रचार में ताकत झोंक दी है। सोशल मीडिया समेत अन्य माध्यमों से तैयारी में है। अंतिम रात पार्टियों का भी दौर चला।