Ballia News: मशीन खराब होने से यूरिया वितरण ठप, घंटों इंतजार के बाद किसानों का हंगामा; व्यवस्था प्रभावित
Ballia News: बलिया में लगातार तीसरे दिन यूरिया वितरण केंद्रों पर किसानों की भारी भीड़ उमड़ी। वितरण के दौरान मशीन खराब होने से प्रक्रिया ठप हो गई, जिससे किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ा। नाराज किसानों ने हंगामा किया। सूचना पर अधिकारियों ने मशीन ठीक कराने और जल्द वितरण बहाल कराने का आश्वासन दिया।
विस्तार
UP News: साधन सहकारी समिति दया छपरा पर बुधवार को लगातार तीसरे दिन भी यूरिया खाद लेने के लिए किसानों की भारी भीड़ उमड़ी। वितरण के दौरान मशीन खराब हो जाने से व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई, जिससे घंटों लाइन में खड़े किसानों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने समिति परिसर में हंगामा कर दिया। बाद में अधिकारियों के निर्देश पर वैकल्पिक व्यवस्था से वितरण शुरू कराया गया, तब जाकर स्थिति सामान्य हुई।
सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान समिति परिसर पहुंच गए थे। भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरिया थाने के दीवान मूलचंद चौरसिया पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुरुष एवं महिला किसानों के लिए अलग-अलग कतारें बनवाई गईं, लेकिन तेज धूप में लंबे समय तक इंतजार करना किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गया। करीब 11 बजे यूरिया वितरण के लिए इस्तेमाल की जा रही मशीन अचानक खराब हो गई, जिससे वितरण कार्य पूरी तरह ठप हो गया। मशीन बंद होते ही लाइन में लगे किसानों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
स्थिति बिगड़ते देख समिति के सचिव बैजनाथ तिवारी ने उच्च अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। अधिकारियों के निर्देश पर किसानों के आधार कार्ड और मोबाइल नंबर वितरण रजिस्टर में दर्ज कर हस्ताक्षर कराने के बाद निर्धारित मूल्य पर मैनुअल तरीके से यूरिया का वितरण शुरू कराया गया। इसके बाद पुलिस ने किसानों को समझाकर शांत कराया। मशीन खराब होने और लंबे इंतजार से किसानों में असंतोष बना रहा। किसानों का कहना था कि तकनीकी खराबी का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है और समय पर खाद नहीं मिलने से खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है।
समिति के सचिव बैजनाथ तिवारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार यूरिया का वितरण मशीन के माध्यम से किया जाता है। मशीन में तकनीकी खराबी आने से वितरण बाधित हुआ। उन्होंने कहा कि इसमें समिति की कोई लापरवाही नहीं है। वर्तमान स्टॉक समाप्त होते ही तत्काल नई खेप मंगाई जाएगी और किसानों को यूरिया की कमी नहीं होने दी जाएगी।