बलिया: तेज रफ्तार पिकअप ने किराना दुकानदार को रौंदा, मौत; हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागा
बैरिया बाजार सामान खरीदने जा रहे किराना दुकानदार जलील अहमद को तेज रफ्तार पिकअप ने रौंद दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक पिकअप लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बैरिया क्षेत्र के चकिया गांव निवासी किराना दुकानदार जलील अहमद (60) की बुधवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपनी दुकान के लिए सामान खरीदने बैरिया बाजार जा रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर चिरैया मोड़ और देवराज ब्रह्म मोड़ के बीच सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें रौंद दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर बलिया की ओर फरार हो गया।
पिकअप की टक्कर से जलील अहमद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को लेकर नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि घटनास्थल के आसपास बिल्डिंग मैटेरियल की दुकानों के संचालकों ने सड़क की पटरी पर बालू, गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री रखकर अतिक्रमण कर रखा है। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो गई है और वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार को भी सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा कर बालू उतारा जा रहा था। इसके कारण मार्ग पर आवागमन प्रभावित था। लोगों का आरोप है कि सड़क की पटरी पर अतिक्रमण और निर्माण सामग्री रखे होने से हादसे का खतरा लगातार बना रहता है। उनका कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण हटाया जाए तो ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सकता है।
जलील अहमद चकिया गांव में किराने की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार वह परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी कमरूनिशा, पुत्र समीम, रमजान और सोनू का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि जलील की मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।