Varanasi: जयमाल की रस्म के दौरान नगदी और गहनों से भरा बैग चोरी, 'तीसरी आंख' से मिला बड़ा सुराग
सारनाथ क्षेत्र के मवइयां स्थित एक मैरिज लॉन में जयमाल की रस्म के दौरान नगदी, गहने और मोबाइल चोरी हो गए। सीसी कैमरे की फुटेज में एक युवती नगदी, गहने और मोबाइल लेकर जाते हुए दिख रही है।
विस्तार
वाराणसी में चोरी की हैरान करने करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मैरिज लॉन में जयमाल की रस्म के दौरान सबकी आंखों के सामने से एक बैग चोरी हो गया। बैग में एक लाख 85 हजार रुपये, सोने की चार अंगूठी, ब्रेसलेट व चेन, हीरे की एक अंगूठी और मोबाइल रखा था। तीसरी आंख सीसी कैमरे की फुटेज में एक युवती नगदी, गहने और मोबाइल लेकर जाते हुए दिख रही है। सारनाथ थाने की पुलिस घटना के संबंध में बैंक्वेट हॉल के दो कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है।
सिगरा क्षेत्र के सिद्धगिरी बाग निवासी पेट्रोल पंप संचालक चंद्रशेखर राय की बेटी वैष्णवी का विवाह गुरुवार रात सारनाथ क्षेत्र के मवइयां स्थित एक मैरिज लॉन में आयोजित था। जयमाल की रस्म के दौरान एक बैग में रखे एक लाख 85 हजार रुपये, सोने की चार अंगूठी, ब्रेसलेट व चेन, हीरे की एक अंगूठी और मोबाइल गायब हो गए।
काफी खोजबीन के बाद भी नगदी और गहनों का पता नहीं लगा। लॉन में लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता लगा कि एक युवती नगदी और गहने लेकर निकली है। इस संबंध में सारनाथ थाना प्रभारी ने कहा कि घटना का जल्द खुलासा कर नगदी और गहने बरामद कर लिए जाएंगे।
चोरी के दो मोबाइल के साथ युवक गिरफ्तार
भटपुरवा गांव निवासी विश्वजीत गौड़ को चोलापुर थाने की पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। चोलापुर थाना प्रभारी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि विश्वजीत ने अपने गांव के शीतल राजभर के घर से मोबाइल चुराया था। इसके अलावा एक और जगह से वह मोबाइल चुराया था। चोरी के दोनों मोबाइल विश्वजीत बेचने जा रहा था, तभी वह पकड़ा गया।
घर में घुसकर विवाहिता से की छेड़खानी
सेवापुरी क्षेत्र के एक गांव में आधार कार्ड बनवाने की बात कह कर दो युवकों ने एक घर में घुसकर विवाहिता के साथ अश्लील हरकत की। विवाहिता के शोर मचाने पर दोनों युवक उसे धमकाते हुए भाग निकले। प्रकरण को लेकर विवाहिता ने दोनों युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
विवाहिता ने पुलिस को बताया कि स्वास्थ्य खराब होने के कारण उसकी सास बिस्तर पर ही रहती हैं। उसके पति आधार कार्ड बनाने का काम करते हैं और वह घर से बाहर गए थे। पड़ोस के दो युवकों ने उसके घर का दरवाजा खटखटाया और आधार कार्ड बनवाने की बात कही।
वह जब तक उन्हें कुछ कहती तब तक दोनों घर के अंदर घुस आए और उसके साथ अश्लील हरकत करने लगे। इस संबंध में कपसेठी थाना प्रभारी सतीश यादव ने कहा कि नामजद तहरीर मिली है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।