आजमगढ़ : एक और कोरोना संक्रमित की मौत, किडनी और हृदय रोग संबंधी बीमारी से पीड़ित थी महिला
आजमगढ़ जनपद में शनिवार को कोरोना संक्रमण से एक और मौत हुई है। राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती सिंहपुर सरैया की 65 वर्षीय महिला की शुक्रवार रात डेढ़ बजे मौत हो गई। जनपद में कोरोना से मरने वालों की संख्या दस पहुंच गई है। इसकी पुष्टी सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने की है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं सुपर फैसिलिटी अस्पताल के प्रधानाचार्य डॉ. आरपी शर्मा ने बताया कि तरवां थाना क्षेत्र के सिंहपुर सरैया गांव निवासी 65 वर्षीय महिला वाराणसी के एक निजी अस्पताल में डायलिसिस पर थी। महिला किडनी के अलावा हृदय रोग और अन्य गंभीर बीमारी से भी पीड़ित थी।
शुक्रवार को उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर उसे बीएचयू ले जाया गया था। वहां मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण पुनः उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया। 12 घंटे बाद उसकी मौत हो गई। इसके बारे में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक के साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अवगत करा दिया गया है।
महिला का शव ट्रिपल लेयर बैग में रख दिया गया है। प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले जनपद में कोरोना से परसहा गांव, मार्टीनगंज के औरंगाबाद, अतरौलिया के परानपुर, जहानागंज नेतपुर, मार्टीनगंज के बीकापुर आदि में कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है। सीएमओ ने बताया कि कोरोना से जनपद में दसवीं मौत है।