Varanasi: आठ बजे की ओपीडी...50 मिनट लेट खुला दरवाजा, जिला अस्पताल के आयुष विंग का हाल; भटकते रहे मरीज
वाराणसी के जिला अस्पताल में करीब 50 मिनट इंतजार करने के बाद भी कई मरीज लाैट गए। आयुष विंग में बीते शनिवार को काफी देर तक ताला लटका मिला। मरीज और तीमारदार जल्द तो पहुंच गए थे लेकिन निराश होकर लाैट गए।
विस्तार
Varanasi News: दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल परिसर के आयुष विंग में शनिवार सुबह ताला लटकता मिला। सुबह 8 बजे से चलने वाले ओपीडी के गेट का ताला 8.50 बजे खुला। समय से किसी चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टॉफ के न पहुंचने की वजह से बहुत से लोग डॉक्टर को बिना दिखाए ही लौट गए।
अस्पताल परिसर में ट्रॉमा सेंटर के ठीक सामने बने आयुष विंग में सुबह 8 बजे से ओपीडी चलती है। लोग सुबह 7.30 बजे ही आ जाते हैं। शनिवार को विंग पहुंचे तो लोगों ने देखा कि 8 बजे गेट नहीं खुला और ताला लटकता रहा।
न कोई चिकित्सक और न ही कोई फार्मासिस्ट न स्टाफ नजर आया। गेट का ताला कब खुलेगा, इस बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं मिली। सुबह 8.50 बजे ताला खुला। उसके बाद चिकित्सकों और स्टाफ का आना शुरू हुआ। गेट पर चिकित्सक के आने का इंतजार कर रही बुजुर्ग महिला फूलपत्ती देवी (76) ने बताया कि बेटी के साथ सिंधौरा मरूई से आई थी। डॉक्टर के न आने से परेशानी का सामना करना पड़ा। आयुष विंग मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अधीन है। यहां आयुर्वेद, यूनानी व होम्योपैथी तीनों पद्धति से उपचार होता है।
बोले मरीज
सुबह आयुष विंग आने पर गेट नहीं खुला था। 8.45 तक इंतजार करने के बाद जब कोई नहीं आया तो निराश लौट गए। बोर्ड पर लिखे नंबर पर फोन कर जानकारी चाही, लेकिन कुछ पता नहीं चला। - आशुतोष रघुवंशी, गायत्रीनगर
सुबह 8 बजे आयुष विंग आ गए थे। पता चला कि डॉक्टर देर से आएंगे। ताला भी नहीं खुला था कि अंदर बैठ सके। लिहाजा बिना दिखाएं ही घर जाना पड़ा। - संजय, टकटकपुर