लॉकडाउन के दंश उबरने लगा एविएशन सेक्टर, रोजाना उड़ रहे 62 विमान, पहले इतनी थी संख्या
कोरोना काल में हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। वाराणसी एयरपोर्ट अधिकारियों की उम्मीद और बढ़ चली है कि नए साल में अब सामान्य दिनों की तरह एयरपोर्ट पर उड़ानों और यात्रियों का आवागमन हो सकेगा।
लॉकडाउन लगने से पहले लगभग 80 विमानों से 10-12 हजार तक यात्री आवाजाही करते थे। अनलॉक हुआ तो यह संख्या सिमट कर सैकड़ों में आ गई थी। मार्च के बाद अप्रैल से 25 मई तक घरेलू उड़ानें पूरी तरह से रद्द होने से ट्रैफिक ग्रोथ जीरो हो गई थी।
घरेलू विमानों के शुरू होने पर शुरुआत में एक दिन में लगभग 1000 यात्रियों का आवागमन हुआ था। इस समय एयरपोर्ट पर प्रतिदिन 31 विमान आ रहे हैं वहीं 31 विमान अन्य शहरों के लिए उड़ान भी भर रहे हैं। इससे प्रतिदिन 6 से 7 हजार यात्रियों का आवागमन हो रहा है।
ये विमानन कंपनियां दे रही हैं सेवा
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इस समय इंडिगो की 30, स्पाइसजेट की 14, गो एयरवेज की 10, एयर इंडिया की चार और विस्तारा की 4 उड़ानें रोजाना हैं। मौजूदा समय में वाराणसी से दिल्ली के लिए विमानों की संख्या सबसे अधिक है। नए साल में गोवा, कोच्चि और अन्य शहरों के लिए भी उड़ान सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है।
एयरपोर्ट निदेशक आकाशदीप माथुर ने बताया कि यात्रियों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है और उम्मीद है कि नए साल में यात्रियों और विमानों की संख्या में और इजाफा होगा। वंदे भारत मिशन व एयर बबल विमानों की आवाजाही भी एयरपोर्ट पर हो रही है।