औरैया हादसा: शादी की सालगिरह से दो दिन पहले गई जान, घायल भाई ने फोन कर दी भाई के एक्सीडेंट की खबर
लॉकडाउन में कामधाम ठप होने से जयपुर से ट्रक से घर के लिए निकले मुकेश की औरैया सड़क हादसे में मौत हो गई। खबर मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। 17 मई को शादी की सालगिरह से पूर्व ही मुकेश ने दुनिया को अलविदा कह दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार के कई सदस्य औरैया रवाना हो गए।
भदोही जिले के औराई के उगापुर निवासी श्रीधर विश्वकर्मा के तीन बेटों में दूसरे नंबर का बेटा मुकेश विश्वकर्मा(30) जयपुर में गांव के ही सुनील विश्वकर्मा(28) पुत्री प्यारेलाल विश्वकर्मा के साथ फर्नीचर का काम करता था। कोरोना वायरस महामारी के कारण लॉकडाउन होने से कामकाज बंद हो गया।
शुक्रवार शाम को सुनील और मुकेश ट्रक से घर के लिए निकले। शनिवार की सुबह औरैया में ट्रक पलटने से 24 प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। इसमें मुकेश की मौत हो गई, जबकि सुनील घायल हो गया। सुनील ने फोन कर परिवार वालों को घटना की जानकारी दी।
परिवार वालों के मुताबिक 17 मई को मुकेश की शादी की सालगिरह थी। घर आकर वह शादी की सालगिरह मनाता लेकिन होनी के आगे उसकी नहीं चल सकी।
मुकेश का बड़ा भाई मुंबई, छोटा सूरत में रहकर फर्नीचर का काम करते हैं। मुकेश के पिता श्रीधर स्वयं एक दुकान पर फर्नीचर और तखत बनाने का काम करते हैं। घटना के बाद मुकेश की माता निर्मला का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। उसके घर और ससुराल दोनों परिवार घटना की खबर सुनकर सदमे में आ गए हैं। आसपास के लोग सांत्वना देने के लिए घर पहुंच रहे हैं।