UP: छात्र सभा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव को दुर्लभ जहर देने का प्रयास, वाराणसी में दर्ज हुआ केस; जानें मामला
Varanasi News: वाराणसी के कोतवाली में समाजवादी छात्र सभा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव की पत्नी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि संदीप सिंह स्वर्णकार को थैलियम जहर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
विस्तार
UP Crime: समाजवादी छात्र सभा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और ट्रांसपोर्टर संदीप सिंह स्वर्णकार को थैलियम जहर देकर मारने के प्रयास मामले में बुधवार को कोतवाली थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पत्नी खुशबू सिंह की तहरीर के आधार पर दर्ज प्राथमिकी की जांच विवेचक प्रिंस तिवारी को सौंपी गई है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के लालघाट निवासी खुशबू सिंह ने पुलिस को बताया कि पति संदीप सिंह समाजवादी पार्टी के सदस्य है और सछास के राष्ट्रीय महासचिव भी रह चुके हैं। पति संदीप सिंह के पास एसएसएस इंफोटेक प्राइवेट लिमिटेड और शिव इंटरप्राइजेज नामक दो ट्रांसपोर्ट कंपनियां हैं, जो सड़क निर्माण के लिए मैटेरियल्स उपलब्ध कराती है। अक्सर वह काम से बाहर भी रहते हैं।
पुलिस ने की कार्रवाई
परिचित शिव प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें मेदांता गुड़गांव में भर्ती कराया गया था। पति संदीप सिंह और शिवप्रसाद यादव के रिश्तेदार अंकित रस्तोगी, प्रवीण उर्फ बच्चा यादव, किशन दीक्षित और राजेश साथ गए थे। पति 4 फरवरी से 11 फरवरी 2025 तक मेदांता गुड़गांव में रहे। फिर मेरे भाई सचिन वर्मा की शादी समारोह के लिए 12 फरवरी 2025 को घर लौटे।
विवाह के बाद 22 फरवरी को पति दोबारा मेदांता अस्पताल गुड़गांव चले गए। 26 फरवरी को पति की तबीयत खराब हुई। रिश्तेदार प्रवीण कुमार यादव ने उन्हें 2 मार्च 2025 को मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया। पति ने बेटी स्वप्निल को बीमारी के बारे में जानकारी दी।
पत्नी ने लगाई गुहार
जेठ अजीत सिंह 5 मार्च को और सात मार्च को पति संदीप से मिलने मेदांता पहुंची। पति की तबीयत में सुधार नहीं हुआ, तो उन्हें मैक्स सुपर स्पेशलिटी हस्पिटल, साकेत, नई दिल्ली में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने बताया कि संदीप को गिलियन बैरे सिंड्रोम जीबीएस बीमारी है। रिश्तेदार दिवेंदु वर्मा की सलाह पर 27 मार्च को पीडी हिंदुजा अस्पताल माहिम, मुंबई लाया गया। चिकित्सकों ने बताया कि संदीप के रक्त में थैलियम नामक जहरीले पदार्थ के अंश मिले हैं।
डॉ. मेधा धामणे ने बताया कि थैलियम एक दुर्लभ जहर है, जो किसी को जान से मारने के लिए दिया जाता है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने पति को थैलियम जहर देकर जान से मारने का प्रयास किया है। 26 फरवरी से पहले पति संदीप सिंह को जहर देकर मारने का प्रयास किया गया। कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।