अपनों से दूर होने पर न हों मायूस, ये हाईटेक पिचकारी अपनों पर बिखेरेगी खुशियों के रंग
होली पर अगर आप किसी वजह से घर नहीं जा पा रहे हैं, तो भी कोई मलाल करने की जरूरत नहीं है। अपनों से दूर रहकर भी आप हाईटेक पिचकारी से होली खेल सकते है। अशोका इंस्टिट्यूट पहड़िया के छात्रों ने इस पिचकारी को बनाया है। बीटेक की छात्रा अनामिका और जतिन विश्वकर्मा ने इसको 15 दिन में इसे बनाया है।
इसकी खासियत है कि इसका प्रयोग यंड्रायड मोबाइल और रिमोट कंट्रोल से किया जा सकेगा। इसमें किसी तरह के केमिकल रंगों का इस्तेमाल नहीं होगा। अशोका इंस्टीट्यूट के वाइस चेयरमैन अमित मौर्य के मुताबिक इसको बनाने के पीछे लोगों को केमिकल रंगों से होली न खेलने का संदेश देने के साथ ही स्वास्थ्य की दृष्टि से भी ठीक है।
रिमोट कंट्रोल से होगा संचालन
जिस प्रकार से खिलौनों को रिमोट से चलाया जाता है, उसी तरह इस पिचकारी को भी रिमोट कंट्रोल के माध्यम से चलाया जाएगा। इसे 200 मीटर की रेंज तक प्रयोग कर सकते हैं। रिमोट कंट्रोल में लगे दो बटन में एक से हरा और दूसरे से लाल रंग निकलेगा।
व्हाट्सएप का भी होगा प्रयोग
इसको नेट से संचालित करने के लिए एंड्रॉइड मोबाइल से कनेक्ट करने के बाद वाट्सएप से मैसेज कमांड भेजेंगे। इसके बाद नोटिफेकिशन भी आएगा। इसमे लगे सेंसर से पिचकारी ऑन होकर कलर डालेगी।
महज 300 से 400 का है खर्च
इस हाईटेक पिचकारी को बनाने में केवल 300 से 400 का खर्च आया है। रिमोट कंट्रोल को बनाने में 300 से 400 रुपये के बीच खर्च होगा। अगर कोई इंटरनेट कंट्रोल सिस्टम चाहता है तो उसमें करीब 800 रुपये का खर्च रहेगा। इसमें 9 वोल्ट की बैट्री और इलेक्ट्रिक पम्प आरएफ सेंसर और रिमोट का प्रयोग हुआ है।