एयर शो: 30 लाख दर्शकों के लिए सुरक्षा योजना तैयार, सेक्टर और जोनवार पुलिस करेगी प्रबंधन; क्यूआरटी भी रहेगी
वाराणसी में तीन दिवसीय एयर शो को लेकर पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारी तेज कर दी है। करीब 30 लाख दर्शकों की संभावित भीड़ के लिए सेक्टर और जोनवार पुलिस तैनाती होगी। पुलिस आयुक्त, मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। क्यूआरटी, ड्रोन, सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से निगरानी की जाएगी।
विस्तार
तीन दिवसीय एयर शो की तैयारियों को लेकर शनिवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भीड़ प्रबंधन, सुगम यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। गंगा नदी के दोनों तटों से करीब 30 लाख दर्शकों के एयर शो देखने की संभावना को देखते हुए व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था तैयार की जा रही है।
पुलिस आयुक्त ने पड़ाव चौराहा, रामनगर बाईपास, टेंगरा मोड़, डोमरी गंगा घाट और कोदोपुर घाट समेत अन्य प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान सेक्टर और जोनवार पुलिस बल की तैनाती की जाए। इसके साथ ही क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) और अन्य रिस्पॉन्स टीमों को भी रणनीतिक स्थानों पर तैनात रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और चंदौली के जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने भी आयोजन को लेकर अपने सुझाव दिए। बताया गया कि एयर शो के दौरान सेना के विभिन्न प्रकार के विमान करीब 90 मिनट तक हवाई करतब दिखाएंगे। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
पुलिस आयुक्त ने भीड़ के दबाव वाले संभावित स्थानों को पहले से चिह्नित कर विस्तृत भीड़ प्रबंधन योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि दर्शकों और वाहनों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए यातायात डायवर्जन की योजना पहले से तैयार कर ली जाए। चिह्नित पार्किंग स्थलों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों से निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम से प्रमुख दर्शक स्थलों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने महिला, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा। प्रमुख दर्शक स्थलों पर सहायता डेस्क, आवश्यक संकेतक और लोगों की मदद के लिए टीमों की व्यवस्था की जाएगी।