Agnipath Protest: रोडवेज और रेलवे स्टेशनों पर चौकसी, आईजी रेंज ने वाराणसी-गाजीपुर बार्डर का किया निरीक्षण
आईजी रेंज के. सत्यनारायणा ने रविवार को वाराणसी-गाजीपुर बार्डर के चौबेपुर में रजवाड़ी पुल, भंदहाकला, टोला प्लाजा आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती का निर्देश दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अग्निपथ योजना के विरोध को देखते हुए वाराणसी पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। रेलवे स्टेशनों सहित अंतरराज्यीय बस अड्डा कैंट पर भारी फोर्स तैनात की गई है। वहीं, जिले की सीमाओं पर भी पुलिसकर्मियों और पीएसी की तैनात की गई है। आईजी रेंज के. सत्यनारायणा ने रविवार को वाराणसी-गाजीपुर बार्डर के चौबेपुर में रजवाड़ी पुल, भंदहाकला, टोला प्लाजा आदि का निरीक्षण किया।
इस दौरान सभी मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती का निर्देश दिया। आईजी रेंज ने चौबेपुर थाने का हाल भी जाना और पुलिसकर्मियों को अलर्टमोड में रहने का निर्देशित किया। कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी-आरपीएफ और सिगरा थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने फोर्स के संग पैदल मार्च किया। इस दौरान जगह-जगह पीएसी और अन्य पुलिसकर्मियों को ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात रहने का निर्देश दिया।
किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं
वहीं, सिगरा थाने की पुलिस ने परेडकोठी, इंग्लिशिया लाइन के होटलों को भी खंगाला। 20 से 30 साल के बीच के युवाओं के बारे में होटल संचालकों से तस्दीक की। निर्देशित किया कि होटलों का सीसीटीवी फुटेज दुरूस्त रहे और रजिस्टरों पर आने और जाने वालों का नाम जरूर दर्ज हो। बगैर आईडी के कमरा किसी को नहीं दिया जाए। कैंट स्टेशन, वाराणसी सिटी और काशी, शिवपुर और बनारस स्टेशन पर कमिश्नरेट पुलिस की फोर्स तैनात है। दिन और रात नजर रखी जा रही है। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने सभी थानेदारों को सख्त हिदायत दी है कि किसी भी तरह की लापरवाही मान्य नहीं होगी।
कोचिंग संचालकों और प्रबुद्धजनों संग पुलिस ने किया संवाद
अग्निपथ के विरोध में प्रदर्शन करने वाले युवाओं को समझाएं। किसी के बहकावे में नहीं आएं। अपने भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं करे। एक बार मुकदमा दर्ज हुआ तो फिर पूरी जिंदगी मुकदमे के फेर में फंस जाएंगे। यह बातें चोलापुर थाने में रविवार को अधिकारियों ने कोचिंग सेंटर संचालकों और प्रबुद्धजनों संग संवाद में कहीं।
तहसीलदार योगेंद्र शरण शाह, नायब तहसीलदार प्रीतम सिंह, इंस्पेक्टर राजीव सिंह और खाद्य इंस्पेक्टर विवेक सिंह ने कहा कि सरकार की नीतियों को समझे और युवाओं को समझाएं। समाज के कुछ लोग अपनी पुरानी रंजिश के चक्कर में युवाओं को भड़काने का प्रयास कर सकते हैं।
उनसे सतर्क रहते हुए देश हित में अपने-अपने बच्चों को जागरूक करें। राजनीति से प्रेरित होकर कोई गलत कदम न उठाएं। बैठक में ग्राम प्रधान संजय यादव, संजय सिंह, अजीत सिंह, सुनील, मनोज, ओमप्रकाश, सुजीत सिंह और चंद्र शेखर सिंह, अनिल सेठ, सतीश, जयंत, बजरंग आदि रहे।
सोमवार को बंदी को लेकर प्रशासन अलर्ट
अग्निपथ योजना के विरोध में हुए उपद्रव के बाद शनिवार देर रात जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने शहर और देहात का भ्रमण किया। बताया कि सोमवार को बंद करने की बात आ रही है। इसे ध्यान में रखकर गांव में मजिस्ट्रेट लगाए जा रहे हैं ताकि किसी को विरोध प्रकट करना है तो वहीं पर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दें दे।
उन्होंने बताया कि अग्निपथ योजना के विरोध में उपद्रव करने वाले 27 की गिरफ्तारी की गई है। इनमें 12 वाराणसी ग्रामीण इलाके के युवा हैं। 47 अन्य की संलिप्तता पाई गई है। 116 लोगों की सूची पुलिस को दी गई है। रोडवेज का नुकसान करने की भरपाई इन्हीं उपद्रवियों से की जाएगी। जरूरत पड़ी तो प्रयागराज हाईकोर्ट में भी आवेदन किया जाएगा।