Varanasi News: बिना सुरक्षा उपकरण काम करने वाले कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई, बातचीत में फैसला; धरना समाप्त
जूनियर इंजीनियर संगठन के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि किसी कर्मचारी का स्थानांतरण हो गया है तो वह यहां रहकर किसी भी प्रकार की अशांति फैलाकर काम के वातावरण को दूषित न करें। यदि बाहर से कोई आता है तो उसके बारे में सूचित किया जाना होगा।
विस्तार
वाराणसी में करंट लगने सहित अलग-अलग कारणों से बिजली कर्मियों की मौत के मामले में जेई, एसडीओ के निलंबन को लेकर चल रहा जूनियर इंजीनियर संगठन का धरना फिलहाल खत्म हो गया है। पदाधिकारियों ने भिखारीपुर मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचकर मुख्य अभियंता राकेश पांडेय से बातचीत की।
जिसमें बिजली संबंधी फॉल्ट दूर करने के दौरान बिना सुरक्षा मानक के काम करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन के आह्वान पर पदाधिकारी अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर चार दिन से कामकाज छोड़कर धरना दे रहे थे। मांग थी कि मड़ौली में पोल पर काम करने के दौरान करंट लगने से संविदा कर्मी की मौत के मामले में जेई, एसडीओ का कोई दोष नहीं, इसके बाद भी निलंबित किया गया।
इसके अलावा पूर्व में भी इसी तरह कई जेई का निलंबन हुआ जो जांच में दोषी नहीं पाए गए थे। इसी मामले में मुख्य अभियंता राकेश पांडेय ने बातचीत के लिए बुलाया। 26 सितंबर की शाम को हुई बातचीत में पूर्वांचल संरक्षक अवधेश कुमार, क्षेत्रीय सचिव रवि, पूर्वांचल सचिव नीरज बिंद, सतीश बिंद शामिल रहे।
बैठक में ये हुआ फैसला
मुख्य अभियंता ने संगठन के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि लाइन पर काम करने के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन न करने वाले कर्मचारियों को नोटिस दिया जाएगा। अगर फिर भी पालन नहीं करते हैं तो उनकी सेवा समाप्त कर दी जाएगी।
त्योहारों के मद्देनजर कार्यस्थल पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें। जिले में जो भी काम करवाया जा रहा है, उसमें गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। अगर निरीक्षण में जो कमियां पाई जाती हैं, उनका स्थलीय निरीक्षण कर अविलंब दूर कराएं। प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों को कार्यस्थल पर उपस्थित होना होगा।